{"_id":"621b8496fe83255aa75cfd61","slug":"lucknow-former-finance-minister-chidambaram-said-up-with-rich-resources-is-in-bad-shape-in-development-also-appealed-to-vote-for-congress-through-media","type":"story","status":"publish","title_hn":"लखनऊ : पूर्व वित्त मंत्री चिदंबरम ने कहा-समृद्ध संसाधनों वाला यूपी विकास में बदहाल, मीडिया के माध्यम से कांग्रेस को वोट देने की अपील भी की","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
लखनऊ : पूर्व वित्त मंत्री चिदंबरम ने कहा-समृद्ध संसाधनों वाला यूपी विकास में बदहाल, मीडिया के माध्यम से कांग्रेस को वोट देने की अपील भी की
Sun, 27 Feb 2022 07:39 PM IST
पंकज श्रीवास्तव
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
Published by: पंकज श्रीवास्तव
Updated Sun, 27 Feb 2022 07:39 PM IST
सार
पी. चिदंबरम ने कहा कि सीएम योगी के शासन का मॉडल तानाशाही, धार्मिक विद्वेष, जातिवाद, महिलाओं के प्रति हिंसा और पुलिसिया उत्पीड़न से भरा है। यूपी के लोगों को सोचना चाहिए कि वे कैसी सरकार के लिए वोट दे रहे हैं। यूपी को बदहाली से सिर्फ कांग्रेस निकाल सकती है।
विज्ञापन
पी चिदंबरम
विस्तार
भारत के पूर्व वित्तमंत्री पी. चिदंबरम ने कहा कि अर्थव्यवस्था को लेकर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की समझ शून्य है। इसलिए संसाधनों के लिहाज से बेहद समृद्ध उत्तर प्रदेश में हर ओर बदहाली है। योगी आदित्यनाथ के शासन का मॉडल तानाशाही, धार्मिक विद्वेष, जातिवाद, महिलाओं के प्रति हिंसा और पुलिसिया उत्पीड़न से भरा है। यूपी के लोगों को सोचना चाहिए कि वे कैसी सरकार के लिए वोट दे रहे हैं। यूपी को बदहाली से सिर्फ कांग्रेस निकाल सकती है।
विज्ञापन
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में चिदंबरम ने कहा कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के ‘लड़की हूं-लड़ सकती हूं’ अभियान ने पूरे भारत की महिलाओं को एक नई ऊर्जा दी है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में यूपी की जीएसडीपी विकास दर में काफी गिरावट आई है। वर्ष 2016-17 में 11.4 प्रतिशत से घटकर 2020-21 में ऋणात्मक (-)6.4 प्रतिशत हो गई है। यूपी की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत के आधे से भी कम है। योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में प्रति व्यक्ति आय में 1.9 प्रतिशत की गिरावट आई है।
विज्ञापन
पूर्व वित्त मंत्री चिदंबरम ने कहा कि राज्य का कुल कर्ज 6 लाख 62 हजार 891 करोड़ रुपये है, जो कि जीएसडीपी का 34.2 प्रतिशत है। इसमें भी 40 प्रतिशत कर्ज तो अकेले योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल से जुड़ा है। नीति आयोग की ओर जारी रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश की 37.9 प्रतिशत आबादी गरीब है। 12 जिलों में यह अनुपात 50 प्रतिशत से अधिक है। वहीं 3 जिलों श्रावस्ती, बहराइच और बलरामपुर में यह 70 प्रतिशत से अधिक है।
विज्ञापन
यूपी में अप्रैल 2018 से 15 से 29 आयु वर्ग के युवाओं में बेरोजगारी दर दो अंकों में रही है, जो राष्ट्रीय दर से ऊपर है। अप्रैल 2018 और मार्च 2021 के दौरान शहरी क्षेत्रों में हर चार में से एक युवा बेरोजगार था। रिक्तियों को सरकार पैसे की कमी के कारण नहीं भर रही है। यूपी से दूसरे राज्यों में जाने वाले प्रवासियों की संख्या लगभग 1.23 करोड़ है। यूपी के 16 व्यक्तियों में से एक यूपी से बाहर जा रहा है।
यूपी में 2 लाख 77 हजार शिक्षकों की कमी है। आठ में से एक छात्र कक्षा 8 तक स्कूल छोड़ देता है। कॉलेज या विश्वविद्यालय स्तर पर सकल नामांकन अनुपात 26.3 प्रतिशत है। नवजात मृत्यु दर 35.7 प्रतिशत, शिशु मृत्यु दर 50.4 प्रतिशत और पांच साल से कम के बच्चों की मृत्यु दर 59.8 प्रतिशत है, जो राष्ट्रीय औसत से काफी ऊपर है। वर्ष 2019-20 के नीति आयोग के स्वास्थ्य सूचकांक में उत्तर प्रदेश देश के सभी प्रदेशों मे सबसे नीचे रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को आर्थिक एवं अन्य सभी मोर्चों पर मजबूत बनाने के लिए जनता को सत्ता बदलनी पड़ेगी।
इस मौके पर ‘लड़की हूं-लड़ सकती हूं’अभियान के 125 दिन पूरे होने के अवसर पर अभियान गीत का रीमिक्स जारी किया गया। मुंबई में आयोजित ‘लड़की हूं-लड़ सकती हूं’ मैराथन का लाइव प्रसारण भी किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा वाइस चेयरमैन पंकज श्रीवास्तव, प्रिंट मीडिया संयोजक अशोक सिंह, डिजिटल मीडिया संयोजक अंशू अवस्थी, प्रवक्ता विकास श्रीवास्तव, सचिन रावत भी मौजूद रहे।