{"_id":"6245b335937bc62df77ac9e2","slug":"lucknow-as-soon-as-international-flights-start-fares-are-on-the-sky-flights-to-seven-countries-including-flights-full-nonstop-flights-to-dubai-and-sharjah","type":"story","status":"publish","title_hn":"लखनऊ : अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें शुरू होते ही किराया आसमान पर, फ्लाइटें फुल, दुबई व शारजाह की नॉनस्टॉप फ्लाइटों सहित सात देशों की उड़ानें शुरू","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
लखनऊ : अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें शुरू होते ही किराया आसमान पर, फ्लाइटें फुल, दुबई व शारजाह की नॉनस्टॉप फ्लाइटों सहित सात देशों की उड़ानें शुरू
Thu, 31 Mar 2022 07:27 PM IST
पंकज श्रीवास्तव
माई सिटी रिपोर्टर, अमर उजाला, लखनऊ
माई सिटी रिपोर्टर, अमर उजाला, लखनऊ
Published by: पंकज श्रीवास्तव
Updated Thu, 31 Mar 2022 07:27 PM IST
सार
अमौसी एयरपोर्ट से दुबई व शारजाह की नॉनस्टॉप उड़ानों सहित सात देशों के लिए फ्लाइटें शुरू होने से यात्रियों को काफी राहत हो गई है। चूंकि बड़ी संख्या में लखनऊ में रहने वाले लोग भी खाड़ी देशों में काम करते हैं, ऐसे में हालात सामान्य होते ही उनकी वापसी शुरू हो गई है। जिससे विमानों में सीटें तेजी से भर रही हैं।
विज्ञापन
लखनऊ एयरपोर्ट
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों को हरी झंडी मिलते ही खाड़ी देशों को जाने वाले यात्रियों के लौटने का कारवां शुरू हो गया है। उनकी संख्या बढ़ने लगी है। अमौसी एयरपोर्ट रोजाना करीब तीन हजार पैसेंजरों की आवाजाही हो रही है। फ्लाइटें फुल हैं, जिससे किराया भी आसमान पर पहुंच गया है। दरअसल, कोरोना संक्रमण के चलते विमानों का संचालन पूरी तरह बंद कर दिया गया था। लेकिन जब हालात सामान्य हुए तो घरेलू विमानों को शुरू कर दिया गया, लेकिन अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों पर ब्रेक लगा रहा। हाल ही में नागरिक उड्डयन मंत्री ने इंटरनेशनल फ्लाइटों को भी बहाल कर दिया।
विज्ञापन
अमौसी एयरपोर्ट से दुबई व शारजाह की नॉनस्टॉप उड़ानों सहित सात देशों के लिए फ्लाइटें शुरू होने से यात्रियों को काफी राहत हो गई है। चूंकि बड़ी संख्या में लखनऊ में रहने वाले लोग भी खाड़ी देशों में काम करते हैं, ऐसे में हालात सामान्य होते ही उनकी वापसी शुरू हो गई है। जिससे विमानों में सीटें तेजी से भर रही हैं। सोमवार की लखनऊ से दुबई की इंडिगो की दोपहर 1.35 बजे रवाना होने वाली नॉनस्टॉप फ्लाइट संख्या 6ई-1087 का किराया 17926 रुपये पहुंच गया है। जबकि लखनऊ से शारजाह की नॉनस्टॉप फ्लाइट का किराया 19926 रुपये पहुंच गया है। यह उड़ान रात 9.35 बजे शारजाह के लिए रवाना होती है।
विज्ञापन
लखनऊ से दम्माम की इंडिगो की फ्लाइट का किराया 26416 रुपये पहुंच गया है। यह सुबह 6.10 बजे अमौसी एयरपोर्ट से रवाना होती है। ऐसे ही अमौसी एयरपोर्ट से आबू धाबी जाने वाली इंडिगो की कनेक्टिंग फ्लाइट का किराया 15999 रुपये तक पहुंचा है। यह फ्लाइट सुबह 8.40 बजे अमौसी से उड़ान भरती है। ऐसे ही लखनऊ से जेद्दा जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई-626 दोपहर 1.55 बजे उड़ान भरती है। जिसका किराया 38957 रुपये तक पहुंच गया है। जबकि दूसरी कनेक्टिंग उड़ानों का किराया 48 हजार रुपये तक है। लखनऊ से मस्कट की एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-432 दोपहर 2.05 बजे टेकऑफ करती है, इस उड़ान का किराया 19243 रुपये एवं लखनऊ से रियाद की गोएयर की कनेक्टिंग फ्लाइट का किराया 47 हजार रुपये पार पहुंच गया है।
विज्ञापन
एयरपोर्ट पर कोविड प्रोटोकॉल बरकरार
अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों को भले ही बहाल कर दिया गया हो, लेकिन कोविड प्रोटोकॉल से समझौता नहीं किया जा रहा है। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार लखनऊ से खाड़ी देशों में जाने वाले यात्रियों के लिए आरटीपीसीआर रिपोर्ट अनिवार्य है तथा खाड़ी देशों से लखनऊ लौटने पर भी उनकी कोविड जांच करवाई जा रही है। जिसकी रिपोर्ट आने पर पैसेंजर एयरपोर्ट परिसर से बाहर जा रहे हैं।
120 उड़ानें हैं इस हफ्ते
खाड़ी देशों के लिए अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों के शुरू होते ही पैसेंजरों की संख्या बढ़ गई है, यही वजह है कि एयरलाइन भी पूरी क्षमता से संचालन पर उतर आए हैं। पहली से सात अप्रैल के बीच हफ्तेभर में अमौसी से 120 उड़ानों की आवाजाही है। इसमें एयर इंडिया, इंडिगो, सलाम एयर, फ्लाई दुबई, फ्लाइनाज आदि एयरलाइनों की उड़ानें शामिल हैं।