{"_id":"66485a2d505a15ee58065d97","slug":"loksabha-election-2024-if-voting-percentage-will-increase-voters-will-get-benefits-in-lucknow-2024-05-18","type":"story","status":"publish","title_hn":"मतदान प्रतिशत बढ़ाने की तैयारी: वोट देने पर 15 दिन तक मिलेगी छूट, एक दिन का अतिरिक्त वेतन भी देने का एलान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मतदान प्रतिशत बढ़ाने की तैयारी: वोट देने पर 15 दिन तक मिलेगी छूट, एक दिन का अतिरिक्त वेतन भी देने का एलान
Sat, 18 May 2024 01:11 PM IST
ishwar ashish
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
Published by: ishwar ashish
Updated Sat, 18 May 2024 01:11 PM IST
सार
लखनऊ में 20 मई को मतदान होना है। मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लए शहर के सभी व्यापारिक संगठन और औद्योगिक प्रतिष्ठान जुट गए हैं। कोई सुविधाएं दे रहा है तो कोई छूट दे रहा है।
विज्ञापन
बीएलओ ने लोगों को पर्ची बांटी।
- फोटो : amar ujala
विस्तार
पांच साल का इंतजार खत्म हो रहा है। पूरा भारत लोकतंत्र का महापर्व मना रहा है। 20 मई को हमारी बारी है। इस बार छुट्टी और गर्मी का बहाना नहीं बनाना है। मतदान प्रतिशत बढ़ाने में जिला प्रशासन के साथ शहर के व्यापारिक संगठन और औद्योगिक प्रतिष्ठान भी जुटे हैं। वोटरों को खरीदारी में छूट के साथ सम्मानित करने व अन्य सुविधाएं दी जाएंगी। शुक्रवार को कई घोषणाएं की गईं। कंफेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्रीज (सीआईआई) की चेयरमैन स्मिता वैश्य अग्रवाल ने बताया कि मतदान प्रतिशत में टॉप तीन में आने वाले वार्डों के मुख्य प्रतिनिधि को सम्मानित किया जाएगा।
विज्ञापन
एक दिन का अतिरिक्त वेतन देंगे आईआईए सदस्य
इंडियन इंडस्ट्री एसोसिएशन (आईआईए) लखनऊ चैप्टर के अध्यक्ष विकास खन्ना ने कहा, जो कर्मचारी वोट डालेगा, उसे नीली स्याही दिखाने पर एक दिन का अतिरिक्त वेतन दिया जाएगा।
विज्ञापन
लखनऊ व्यापार मंडल 15 दिन तक देगा छूट
लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्रा ने कहा कि वोट करने वालों को 15 दिन तक 12 ट्रेड में खरीदारी पर पांच से 10 फीसदी की छूट दी जाएगी। होलसेल रेट पर फुटकर खरीदारी का फायदा भी दिया जाएगा।
विज्ञापन
संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल करेगा वाहन की व्यवस्था
संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष अंजनी कुमार पांडे ने कहा, बख्शी का तालाब क्षेत्र में मतदान स्थल तक जाने में असमर्थ लोगों के लिए संगठन की ओर से वाहन का प्रबंध किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय वैश्व महासम्मेलन की युवा इकाई के अनुराग साहू ने कहा, वार्ड के अव्वल आने पर सम्मानित किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल भी देगा छूट
उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा, हमारे पदाधिकारी चुनिंदा उत्पादों पर पांच से 10 फीसदी की छूट देंगे।
दवा की मुफ्त डिलीवरी देगी केमिस्ट एसो.
मतदान करने वालों को लखनऊ केमिस्ट एसोसिएशन दवा की मुफ्त डिलीवरी की सुविधा देगी। एसोसिएशन की दुकानों पर काम करने वालों को वोटिंग पर आकर्षक उपहार मिलेंगे। प्रवक्ता मयंक रस्तोगी ने बताया कि जो लोग मतदान करके आएंगे, उन्हें दवाओं के ऑर्डर पर मुफ्त डिलीवरी दी जाएगी। एक व्यक्ति को मई में दो बार यह सुविधा मिलेगी।
मतदान स्थल तक पहुंचाने में करेगा मदद लविवि
लविवि भी मतदान प्रतिशत बढ़ाने में भूमिका निभाएगा। विवि वोटिंग के दिन भी जागरूकता अभियान चलाएगा। प्रवक्ता प्रो. दुर्गेश श्रीवास्तव ने बताया कि विश्वविद्यालय एवं सहयुक्त कॉलेज के शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी गोद लिए वार्डों और गांवों में जाएंगे और लोगों को वोट डालने के लिए प्रेरित करेंगे। अगर किसी को मतदान स्थल तक पहुंचने में समस्या होगी तो विवि के स्वयंसेवक उन्हें मतदान स्थल तक पहुंचाएंगे। विश्वविद्यालय कई सप्ताह से मतदाताओं को वोट प्रतिशत बढ़ाने के लिए जागरूक कर रहा है।
बूथ से घर तक पहुंचाएंगे 2,285 ऑटो रिक्शा
मतदाताओं को बूथ से घर तक पहुंचाने के लिए ऑटो रिक्शा लगाए जाएंगे। 457 मतकेंद्रों पर 2285 ऑटो रिक्शा सेवा देंगे। हालांकि, यह सुविधा मुफ्त नहीं होंगी। शुक्रवार को ऑटो रिक्शा चालकों को स्पेशल पास भी बांटे गए। मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन, टेंपो-टैक्सी व ऑटो रिक्शा संयुक्त मोर्चा ने यह कवायद की है। मोर्चा के अध्यक्ष पंकज दीक्षित ने बताया कि डीएम सूर्यपाल गंगवार से बातचीत के बाद मतदान केंद्रों पर ऑटो रिक्शा के लिए अनुमति दी गई। चालकों को स्पेशल पास बांटे गए हैं, जो ऑटो पर लगाए गए। जिला प्रशासन को मतदान केंद्रों पर उपलब्ध रहने वाले ऑटो के नंबर, संचालक व ड्राइवर का नाम, उनके मोबाइल नंबरों सहित अन्य जानकारियां मुहैया कराई गई है।
अव्वल रहे वार्डों में बांटे थे डस्टबिन, स्कूल में बनवाया शौचालय
निकाय चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने को लेकर अमर उजाला ने शहर के कारोबारियों के सहयोग से मुहिम चलाई थी। इसके तहत लखनऊ व्यापार मंडल ने मतदान में प्रथम, द्वितीय और तृतीय रहे वार्डों में डस्टबिन बंटवाए थे। उधर, उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल ने कश्मीरी मोहल्ले के म्यूनिसिपल गर्ल्स इंटर कॉलेज में शौचालय बनवाया था।