Uttar Pradesh Election result : यूपी में महागठबंधन की चुनौती तोड़ जश्न में डूबे भाजपाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लोकसभा चुनाव परिणाम के लिए अब इंतजार खत्म हो गया है। अब से कुछ ही देर में रुझान आने शुरू हो जाएंगे। जिसके साथ ही अगले पांच साल तक केंद्र में किसकी सरकार होगी ये भी स्पष्ट हो जाएगा।
इन चुनाव में सबसे महत्वपूर्ण राज्य उत्तर प्रदेश है। जहां पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं। यहां भाजपा का सीधा मुकाबला सपा-बसपा गठबंधन से है।
एग्जिट पोल में हालांकि भाजपा को आगे दिखाया गया है लेकिन जमीनी स्तर पर गठबंधन, भाजपा को कड़ी टक्कर देता हुआ नजर आ रहा है।
सभी अफसर सुबह छह बजे ही मतगणना के लिए पहुंच गए हैं। जिसके लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।
लखनऊ व मोहनलालगंज संसदीय सीट की स्थिति हर चक्र के बाद इलेक्ट्रॉनिक्स डिस्पले बोर्ड पर दिखेगी। सभी नौ काउंटिंग व आरओ कक्ष में इसकी व्यवस्था होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम कौशल राज शर्मा ने बताया कि प्रत्याशियों के एजेंटों को मतगणना कक्ष में एक बार प्रवेश के बाद काउंटिंग खत्म होने तक निकलने की अनुमति नहीं होगी। विशेष परिस्थिति में उसे आरओ के समक्ष इंट्री रजिस्टर पर विवरण भरकर अनुमति लेनी होगी।
यूपी में अलग-अलग मतदान केंद्रों पर मतगणना शुरू हो गई है। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती की जा रही है। अमेठी में पोस्टल बैलट पर लगे कंप्यूटर का सर्वर फेल हो गया। जिस पर मतदान कर्मियों ने जिला निर्वाचन अधिकारी से इसकी शिकायत की। वहीं, सुल्तानपुर, रायबरेली व अन्य जिलों में मतगणना जारी है।
यूपी में भाजपा को गठबंधन से कड़ी चुनौती मिलने की उम्मीद की जा रही थी लेकिन अभी तक आए रुझानों में भाजपा प्रदेश की 35 सीटों पर आगे है जबकि सपा-बसपा महागठबंधन सिर्फ 7 सीटों पर ही बढ़त बना सका है। केंद्र में सत्ता के लिए यूपी को बेहद अहम माना गया है। यहां 80 लोकसभा सीटे हैं। पीलीभीत में वरुण गांधी आगे चल रहे हैं। वहीं, अमेठी में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी स्मृति ईरानी से पीछे चल रहे हैं।
वहीं मोहनलालागंज में बसपा 4194 वोटों के साथ आगे चल रही है। भाजपा 3382 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर है। वहीं कांग्रेस 568 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर है।
यूपी की 80 सीटों पर अब तक आए रुझानों में भाजपा की लहर नजर आ रही है। प्रदेश की 60 सीटों पर भाजपा बढ़त पर है जबकि गठबंधन सिर्फ 17 सीटों पर ही बढ़त बना सका है। वहीं, कांग्रेस दो सीटों पर आगे है। बहराइच लोकसभा सीट पर भाजपा के अक्षयबर लाल गौड़ 91420 वोटों के साथ सपा प्रत्याशी शब्बीर अहमद वाल्मीकि से करीब 30 हजार वोटों से आगे हैं। जबकि श्रावस्ती सीट पर गठबंधन प्रत्याशी राम शिरोमणि वर्मा आगे चल रहे हैं। फैजाबाद लोकसभा सीट पर भाजपा के लल्लू सिंह 8215 वोटों से आगे हैं। रायबरेली सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी सोनिया गांधी भाजपा प्रत्याशी दिनेश प्रताप सिंह से 17602 मतों से आगे चल रही हैं। अंबेडकरनगर लोकसभा सीट पर बसपा के रितेश पांडेय 96,492 वोटों के साथ भाजपा प्रत्याशी मुकुट बिहारी वर्मा से करीब 26377 वोटों से आगे चल रहे हैं।
फैजाबाद संसदीय सीट की मतगणना का रुझान फिर पुराना इतिहास दोहराता दिख रहा है। भाजपा प्रत्याशी लल्लू सिंह 113482 मतों के साथ गठबंधन प्रत्याशी आनंद सेन यादव से करीब 26 हजार वोटों से आगे हैं। हालांकि, रुदौल, मिल्कीपुर और बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा पिछड़ती हुई नजर आ रही है लेकिन ओवरऑल बढ़त में गठबंधन प्रत्याशी पिछड़ते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी निर्मल खत्री को जोरदार झटका लगा। पांचों विधानसभा क्षेत्रों में हजार का आंकड़ा छूना भी उनके लिए मुश्किल नजर आया।
गोंडा लोकसभा सीट पर मतगणना के पहले ही राउंड से भाजपा के कीर्तिवर्द्घन सिंह ने बढ़त बना ली। वह पहले ही राउंड में साढ़े आठ हजार वोटों से आगे हुए तो बढ़ते पारे के साथ 12 राउंड तक 50 हजार मतों से सपा प्रत्याशी विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह से आगे निकल गए। इसी तरह कैसरगंज से भाजपा प्रत्याशी बृजभूषण शरण सिंह पहले राउंड में 11 हजार वोटों से आगे हुए लेकिन 12 वें राउंड तक 63 हजार मतों से अपने निकटतम बसपा प्रत्याशी चन्द्रदेव राम यादव से बढ़त बना ली। मतों की गणना में भाजपा ने शुरुआत में बढ़त बना ली तो किसी भी राउंड में कदम नहीं डगमगाए। मतों की गणना में शुरू से बनी भाजपा की बढ़त लगातार जारी है।
लोकसभा चुनाव 2019 के परिणाम पक्ष में आने के साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है। जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर पूरे देश को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट किया कि सबका साथ+ सबका विकास + सबका विश्वास= विजयी भारत। प्रधानमंत्री मोदी आज शाम देश को संबोधित करेंगे।
यूपी में सपा-बसपा महागठबंधन से मिल रही कड़ी चुनौती के बाद भी भाजपा को 60 से ज्यादा सीटों पर बढ़त मिल रही है। पार्टी की जीत पर यूपी सरकार में केंद्रीय मंत्री सिद्घार्थनाथ सिंह ने मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ने जातिवाद के गठजोड़ को हरा दिया है और विकास को वोट किया है। उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों भारत विकास की नई ऊंचाइयां छुएगा।