चुनाव प्रचार का अंतिम दिन, देखें कहां-कहां है मतदान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश में पांचवें चरण की 15 लोकसभा सीटों के लिए सोमवार पांच मई की शाम छह बजे प्रचार खत्म हो जाएगा।
इसके बाद उस क्षेत्र के वोटरों को छोड़कर बाकी सभी को निर्वाचन क्षेत्र छोड़ देना होगा। यहां पर सात मई को वोट डाले जाएंगे।
प्रचार के अंतिम दिन सभी राजनैतिक दल अपनी पूरी ताकत झोंकने के लिए तैयार हैं।
कांग्रेसी गढ़ वाली सीटें
इसमें अमेठी, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, फैजाबाद, इलाहाबाद, बहराइच, गोंडा सहित आस-पास की सीटें शामिल हैं।
चुनाव प्रचार के अंतिम क्षणों तक राजनीतिक दल प्रचार में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी सोमवार को फैजाबाद, कौशाम्बी, जौनपुर, मछली शहर व अमेठी में पांच सभाएं करेंगे।
मोदी ने आज रविवार को भी उन्होंने इलाहाबाद, फूलपुर व भदोही में चुनावी जनसभा की।
राहुल करेंगे पांच सभाएं
वहीं कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी अंतिम दिन पांच मई को कैसरगंज, गोंडा, फूलपुर व इलाहाबाद में जनसभा कर कांग्रेस के पक्ष में वोट मांगेंगे।
राहुल यहां पर दो-दो लोकसभा क्षेत्रों को मिलाकर संयुक्त जनसभा करेंगे। फिल्म स्टार राज बब्बर व नगमा ने रविवार को फैजाबाद व श्रावस्ती में रोड शो किया।
बसपा व सपा भी प्रचार के अंतिम दिन अपनी पूरी ताकत झोंकने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को भी कई जनसभाएं कीं।
आयोग का आदेश
मुख्य निर्वाचन अधिकारी उमेश सिन्हा का कहना है कि सोमवार शाम छह बजे प्रचार खत्म होने के बाद इन क्षेत्रों में मतदाताओं के अतिरिक्त जितने भी लोग होंगे उन्हें क्षेत्र छोड़कर दूसरी जगह जाना होगा।
जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन के अधिकारी होटल, लॉज, धर्मशालाओं व अन्य स्थानों पर सर्च ऑपरेशन भी चलाएंगे। बाहरी लोगों के मिलने पर उन्हें निर्वाचन क्षेत्र से बाहर किया जाएगा।
इन क्षेत्रों में होगा मतदान
अमेठी, सुलतानपुर, प्रतापगढ़, कौशाम्बी, फूलपुर, इलाहाबाद, फैजाबाद, अंबेडकरनगर, बहराइच, कैसरगंज, श्रावस्ती, गोंडा, बस्ती, संतकबीरनगर व भदोही।
इनकी प्रतिष्ठा दांव पर
राहुल गांधी, स्मृति ईरानी, कुमार विश्वास, वरूण गांधी, बेनी प्रसाद वर्मा, अमिता सिंह, राजकुमारी रत्ना सिंह, मोहम्मद कैफ, रेवती रमण सिंह, निर्मल खत्री, कमल किशोर कमांडो।