फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   Laptop distribution in Ayodhya: CM Yogi laid the foundation stone of Kalash Kunj housing scheme for the poor on 14 Kosi Parikrama Marg

अयोध्या में सीएम योगी ने दिया छात्र-छात्राओं को तोहफा : बोले-गरीबों-बेटियों की नहीं, आतंकियों की चिंता करती थी सपा

Fri, 07 Jan 2022 07:13 PM IST
पंकज श्रीवास्‍तव न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अयोध्या
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अयोध्या Published by: पंकज श्रीवास्‍तव Updated Fri, 07 Jan 2022 07:13 PM IST
सार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जीआईसी में आयोजित कार्यक्रम के बाद अयोध्याधाम पहुंचे और श्रीरामलला व हनुमानगढ़ी के दरबार में पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले रामलला के दरबार में हाजिरी लगाई। पुजारियों द्वारा सीएम को रामनामी भेंटकर अभिनंदन किया गया।

विज्ञापन
Laptop distribution in Ayodhya: CM Yogi laid the foundation stone of Kalash Kunj housing scheme for the poor on 14 Kosi Parikrama Marg
अयोध्या में कार्यक्रम को संबोधित करते सीएम योगी - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। कहा कि सपा सरकार में दंगाइयों को सम्मानित किया जाता था नौकरियों पर डकैती पड़ती थी और गरीबों व व्यापारियों की संपत्ति कब्जा ली जाती थी। इनकी सरकार में एक बार अयोध्या की सुरक्षा को लेकर गृह सचिव ने बैठक बुलाई तो उन्हें सस्पेंड कर दिया गया। इनको न अयोध्या की चिंता थी, न गरीबों, युवाओं, किसानों व बेटियों की। यह लोग रामजन्मभूमि पर हमला करने वाले आतंकवादियों की चिंता करते थे। सीएम ने कहा कि पिछली सरकारें दरिद्रता अराजकता का प्रतीक थीं। सपा सरकार में हर तीसरे दिन दंगा होता था।  

विज्ञापन


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में शुक्रवार को दो हजार युवाओं को टैबलेट व स्मार्टफोन वितरण समारोह में विपक्षियों पर हमलावर नजर आए। युवाओं ने भी जयश्रीराम के उद्घोष और तालियों की गड़गड़ाहट से समर्थन दिया। सीएम योगी ने कहा कि सपा की सरकार में सबसे पहला काम अयोध्या में आतंकवादी हमला करने वाले आतंकियों का मुकदमा वापस ले लिया गया। उसी दिन मथुरा में दंगा करा दिया। अवसर मिला तो जवाहरबाग में कब्जा कर लिया। जबकि हमने सबसे पहला काम किया कि प्रदेश में चल रहे अवैध बूचड़खाने बंद कराए। एंटी रोमियो स्वायड बनाया और 86 लाख किसानों का 36 हजार करोड़ का ऋण माफ किया। पांच साल में एक भी दंगा नहीं हुआ। सीएम ने कहा कि 2014 के पहले गांव की सड़कों पर गंदगी होती थी। आज हर गांव स्वच्छता के नए मानक पर दिखाई दे रहा है। स्वच्छता से स्वास्थ्य का खर्चा कम होता है। स्वस्थ हैं तो समृद्धि का रास्ता खुलता है। कहा कि हम दीवाली पर साफ-सफाई करते हैं तो लक्ष्मी आती हैं, गंदगी रहती है तो दरिद्रा आती है। पिछली सरकारें दरिद्रता अराजकता की प्रतीक थीं।
विज्ञापन


विज्ञापन
विज्ञापन


सपा सरकार में हर तीसरे दिन होता था दंगा
सीएम योगी ने कहा कि पिछली सरकारों ने देश को दंगे की आग, विखंडन, वर्ग संघर्ष में ढकेल दिया था। हर तीसरे दिन दंगा होता था। अब पांच वर्ष में एक भी दंगा नहीं हुआ है। सपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राममंदिर का जब फैसला आने वाला था तो विपक्षी कहते थे खून की नदियां बहेंगी, मैं कहता था मच्छर भी नहीं मरेगा। राममंदिर निर्माण के साथ ही प्रदेश में अब रामराज्य की शुरूआत हो गई है। 43 लाख गरीबों को एक-एक आवास मिला जो पहले 70 साल में नहीं हुआ था। शौचालय, रसोई गैस कनेक्शन, बिजली कनेक्शन दिया गया। जो काम 70 साल में नहीं हुआ वहां पांच वर्ष में हो गया है।
भर्ती निकलने पर चाचा-भतीजा वसूली के लिए निकलते थे

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछली सरकार में युवाओं का शोषण किया जाता था। भर्ती निकलने पर चाचा-भतीजा वसूली करने के लिए निकल जाते थे। हर जिले में वसूली गैंग था। ये लाल टोपी लगाकर वूसली करते थे। योग्य युवाओं को नौकरी नहीं मिलती थी। अधिकांश भर्ती लटक जाती थी। बेटियों से  छेड़छाड़ होती थी तो वे कहते थे गलती हो जाती है, अब ऐसी घटनाओं पर कार्रवाई होती है।

भगवान कृष्ण सपने में कहते होंगें कैसे नालायक हो अखिलेश
सीएम ने अखिलेश के भगवान कृष्ण के सपने में आने वाले बयान पर तंज कसा। कहा कि भगवान कृष्ण सपने में कहते होंगे कैसे नालायक हो, जब सत्ता में थे तो मथुरा में ही दंगा करा दिया। उन्होंने जवाहरबाग कांड का जिक्र करते हुए कहा कि आपके ही करीबी ने मथुरा के बड़े पार्क पर कब्जा कर लिया। कब्जा हटाने के दौरान एसपी सिटी मुकुल द्विेवेदी समेत पुलिसकर्मी शहीद हो गए। सपा के सीएम अपनी सरकार में दंगाइयों को सम्मानित करते थे, युवाओं की नौकरी पर डकैती डालते थे। गरीबों की जमीनों, व्यापारियों की संपत्ति पर कब्जे होते थे, हमारी सरकार में ऐसा करने वालों के खिलाफ बुलडोजर चलता है।

अयोध्या बन रही विश्वस्तरीय नगरी

Laptop distribution in Ayodhya: CM Yogi laid the foundation stone of Kalash Kunj housing scheme for the poor on 14 Kosi Parikrama Marg
छात्रों को स्मार्टफोन देते मुख्यमंत्री योगी - फोटो : अमर उजाला

सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या विश्वस्तरीय नगरी बनने की ओर अग्रसर है। अयोध्या की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करते हुए त्रेतायुग की तरह अयोध्या विकास की ऊंचाइयों तक पहुंचे इस दिशा में तेजी से काम हो रहा है। अयोध्या में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट भी बनने जा रहा है।

राम का नाम लेने वालों पर कार्रवाई होती थी
सीएम ने कहा कि पांच अगस्त को पीएम नरेंद्र मोदी ने जैसे ही राममंदिर निर्माण के लिए भूमिपूजन किया उसी समय 500 वर्षों के बलिदान की सिद्धि हुई। उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह वही अयोध्या है जहां राम का नाम लेने पर युवाओं, संतों व यहां के नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई की जाती थी। आज हर जुबां पर जय श्रीराम है। कहा कि विपक्ष को अयोध्या ने जय श्रीराम कह दिया है। आज विपक्षी भी अयोध्या के दर्शन करना चाहते हैं। जो कहते थे परिंदा पर भी नहीं मार सकेगा, आज वही लोग उत्तरप्रदेश की नई अयोध्या के वैभव व विकास को देखने के लिए अयोध्या आने से स्वयं को नहीं रोक पा रहे हैं। कहा कि कुछ लोग हर कार्य में राम का नाम लेते हैं कुछ लोगों की विदाई के समय राम का नाम लिया जाता है।

कोरोना से निपटने के लिए वैक्सीन सबसे बड़ा सुरक्षा कवच
सीएम योगी ने जीआईसी मैदान में मौजूद युवाओं से पूछा कि कितने लोगों ने वैक्सीन लगवा ली है। बताया कि 15 से 17 वर्ष के युवाओं को नि:शुल्क वैक्सीन लग रही है। कहा कि तीसरी लहर का कोरोना खतरनाक नहीं है, लेकिन संक्रमण तो है ही इसलिए कोरोना को हराने के लिए वैक्सीन लगवाना पड़ेगा। कोरोना से लड़ने के लिए वैक्सीन सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है। बताया कि हर विद्यालय में वैक्सीन के बूथ लगाए जा रहे हैं।

50 करोड़ की योजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास
योगी ने प्रथम चरण में नगर के 10 चौराहों पर आटोमेटिक सिग्नल सिस्टम व छह मुख्य चौराहों पर बीएमएस वैरिएबल मैसेज साइन की स्थापना व 4 प्रमुख स्थानों पर फ्री वाई फाई की सुविधा का लोकार्पण व राज्य स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत 49.74 करोड़ के इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम का लोकार्पण व अयोध्या विकास प्राधिकरण द्वारा अयोध्या धाम से 14 कोसी परिक्रमा मार्ग पर विकसित की जाने वाली आवासीय योजना कलश कुंज का शिलान्यास भी किया। यहां गरीबों को सस्ते में आवास मिलेगा। कहा कि माफिया से छुड़ाई गई जमीन पर आवासीय कॉलोनी विकसित की जानी चाहिए।
 

नए भारत का नया उत्तर प्रदेश : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को जीआईसी के मैदान में दो हजार युवाओं को टैबलेट व स्मार्ट फोन देते हुए कहा कि नए भारत का नया उत्तर प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। हमारी सरकार ने कई लाख युवाओं को रोजगार और नौकरी दिलवाई है। उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक युवा हैं, इसलिए युवा का लाभ उत्तर प्रदेश को ही मिलना चाहिए। युवाओं को हमें तकनीकी रूप से दक्ष बनाना पड़ेगा। युवा तकनीकी रूप से स्मार्ट युवा के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगा।

दोपहर 12.40 पर जीआईसी के हेलीपैड पर उतरे सीएम योगी आदित्यनाथ ने आधा घंटे के भाषण में कहा कि मोदी जी के सुशासन का लक्ष्य प्राप्त करने के उद्देश्य से हम काम कर रहे हैं। कोरोना काल में तकनीकी रूप से दक्ष होकर युवा अपनी प्रतिभा व ऊर्जा का लाभ देश व समाज को दे सकें इसी उद्देश्य से हम एक करोड़ युवाओं को स्मार्ट फोन व टैबलेट दे रहे हैं। स्नातक, परास्नातक, 12वीं के बाद किसी भी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवा को टैबलेट और स्मार्ट फोन वितरित किया जा रहा है। वाराणसी, अलीगढ़, सहारनपुर और गोरखपुर में भी दो-दो हजार टैबलेट और स्मार्ट फोन बांटे जा चुके हैं।

सीएम ने कहा कि प्रदेश में ऐसे कई गरीब बच्चे हैं, जो पैसे की दिक्कत होने के कारण पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं। उनके मां-बाप के लिए टैबलेट और स्मार्ट फोन का खर्चा उठाना मुश्किल होगा। इस वजह से ही सरकार डिजिटल एक्सेस के तहत टैबलेट और स्मार्ट फोन देने का काम शुरू किया गया है। युवाओं को वैश्विक स्तर का कंटेट उपलब्ध कराने के लिए इनफोसिस संस्था से एमओयू किया गया है। इस टैब में कई सारी ऐसी कटेंट डाली जाएगी, जिससे जो युवा जिस भी विषय की पढ़ाई कर रहा है, उसे टैब में वो तमाम जानकारी आसानी से मिल सके। पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद क्या करना है, युवा इस उधेड़बुन में रहता है। इस टैब व स्मार्ट फोन में यह व्यवस्था रहेगी कि युवा देख पाएगा कि केंद्र व राज्य सरकार की ऐसी कौन सी योजना है जिसको अपनाकर वे कॅरियर बना सकते हैं। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप तकनीकी रूप से दक्ष करने में भी यह सहायक होगा। टैबलेट और स्मार्ट फोन न केवल पढ़ाई के लिए बल्कि ऑनलाइन प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए भी इस्तेमाल किया जाएगा। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए युवाओं को बाहर न जाना पड़े। इसलिए हमने अभ्युदय कोचिंग योजना शुरू की है। प्रदेश से 10,000 छात्र-छात्राओं को चुना है, जो किसी भी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हों। उनको निशुल्क कोचिंग की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। उत्तर प्रदेश का युवा अब पूरे देश में छा जाएगा। कोरोना काल में कोटा से युवाओं को निकालने के बाद सरकार ने अभ्युदय कोचिंग योजना शुरू की, इसमें आपके जिले के आईएएस, आईपीएस, पीसीएस, डॉक्टर, इंजीनियर पढ़ाते हैं।

योगी ने कहा कि ज्ञान की कोई सीमा नहीं है। उन्होंने महाभारत का जिक्र करते हुए कहा कि व्यास जी ने धर्म, अर्थ, काम, मोक्ष का जिक्र किया है। पुरुषार्थ इन्हीं के चारों तरफ घूमता है। अगर दुनिया के लोग देश के इतिहास की जानकारी के लिए अयोध्या, काशी, मथुरा और भारत के अन्य शहरों में जाते हैं तो हमें भी तकनीकी रूप से तैयार होना चाहिए। इस दौरान सांसद लल्लू सिंह, नगर विधायक वेदप्रकाश गुप्ता, महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, रुदौली विधायक रामचंद्र यादव, मिल्कीपुर विधायक गोरखनाथ बाबा, बीकापुर विधायक शोभा सिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्र, अवधेश पांडेय बादल, शक्ति सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।
 
लौट रहा है अयोध्या का पुरातन वैभव: सांसद
सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में सीएम योगी के दिशा निर्देशन में अयोध्या का विकास तेज गति से हो रहा है। अयोध्या का पुराना वैभव लौट रहा है। कहा कि राममंदिर निर्माण से अयोध्या अंतरराष्ट्रीय नगरी के रूप में विकसित होगी। श्रद्धा के केंद्रों का पुनर्विकास हो रहा है। अयोध्या में भव्य रेलवे स्टेशन बन रहा है। रामघाट हाल्ट, फैजाबाद स्टेशन का भी पुनर्विकास होगा। शीघ्र ही दिल्ली से बनारस व बाराबंकी से बनारस तक इलेक्ट्रिक ट्रेन चलने लगेगी। उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार में सांप्रदायिकता का माहौल था, कानून व्यवस्था ध्वस्त थी, गुंडों का बोलबाला था, प्रदेश की जनता भयाक्रांत थी। 2017 में जब से यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ बने गुंडे माफिया या तो जेल में हैं, या फिर पलायन कर गये हैं।

सीएम ने रामलला के दरबार में टेका माथा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जीआईसी में आयोजित कार्यक्रम के बाद अयोध्याधाम पहुंचे और श्रीरामलला व हनुमानगढ़ी के दरबार में पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले रामलला के दरबार में हाजिरी लगाई। पुजारियों द्वारा सीएम को रामनामी भेंटकर अभिनंदन किया गया। इसके बाद सीएम ने हनुमंतलला के दरबार में पहुंचकर माथा टेका। हनुमानगढ़ी में उन्होंने महंत संतरामदास से भी आशीर्वाद लिया। महंत संतराम दास ने मुख्यमंत्री को एक पत्र भी सौंपा। बताया गया है कि पत्र में अयोध्या के मठ-मंदिरों का टैक्स माफ करने की मांग की गई है। इस दौरान पुजारी रमेश दास व राजूदास सहित अन्य भी मौजूद रहे।



टेबलेट पाकर खिले चेहरे, लगाए जयश्री राम के नारे
 जीआईसी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों टेबलेट/स्मार्ट फोन पाकर युवाओं के चेहरे खिल उठे। अपने सपनों को पंख लगता देख युवा जोश से भर उठे और जय श्रीराम का उद्घोष किया। युवाओं के नारों से परिसर गूंज उठा। ‘अमर उजाला’ से खास बातचीत में युवाओं ने इसे सराहनीय कदम बताते हुए भविष्य को संजोने में संजीवनी बताया। राजकीय इंटर कॉलेज के परिसर में शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में जिले के दो हजार युवाओं को टेबलेट/स्मार्ट फोन वितरित किया गया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने सर्वप्रथम राजकीय पॉलीटेक्निक की स्वाति विश्वकर्मा, अनुभूति यादव व मुकुल कश्यप को टेबलेट दिया तो पांडाल में बैठे अन्य युवा उत्साहित होकर नारेबाजी करने लगे। इसके बाद सीएम ने राजकीय महिला पॉलीटेक्निक की पलक चंदेला, मानसी श्रीवास्तव, डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की प्रियंका सिंह, आशी शर्मा, शिवाली, अंतिमा, शिवानी मिश्रा, शिवानी पटेल, ज्योति दूबे, रितिका ठाकुर सहित करीब 20 छात्र-छात्राओं को अपने हाथों से टेबलेट वितरित किया। टेबलेट प्राप्त करने के बाद युवाओं में उत्साह देखा गया। ‘अमर उजाला’ से बातचीत में सभी ने सरकार के इस फैसले को सराहा और भविष्य में उनकी शिक्षा के लिए भी लाभप्रद करार दिया।  


 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed