IPL 2025: जीत की हैट्रिक लगाने इकाना में आज उतरेंगे सुपरजायंट्स, कप्तान पंत के फार्म वापसी का इंतजार
IPL 2025: इकाना स्टेडियम में आज लखनऊ सुपरजायंट्स अपने घरेलू मैदान में अंक तालिका में शीर्ष पर काबिज गुजरात टाइटंस से मुकाबला करेगी। यह मुकाबला दोपहर साढ़े तीन बजे से होगा।
विस्तार
एक ओर जहां पिछले दो मुकाबले जीतकर उत्साहित लखनऊ सुपरजायंट्स अपने घरेलू मैदान में जीत के साथ अपनी हैट्रिक पूरी करनी चाहेगा तो वहीं दूसरी ओर अंक तालिका में शीर्ष पर काबिज गुजरात टाइटंस की टीम अपना दबदबा कायम करने उतरेगी। शहर के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में आईपीएल के 26वें मुकाबले में कांटे का मुकाबला होगा, जहां रनों की बारिश होना तय है। मुकाबले से पहले दोनों टीमों ने अभ्यास करके अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
पूरन और मार्श के भरोसे लखनऊ, पंत से बड़ी पारी की आस
लखनऊ सुपरजायंट्स की मजबूत बल्लेबाजी क्रम में विदेशी बल्लेबाजों का बोलबाला रहा, जबकि टीम के 27 करोड़ी कप्तान ऋषभ पंत का बल्ला अभी तक शांत रहा। कप्तान की एक बड़ी पारी टीम प्रबंधन को बड़ी राहत दे सकती है। टीम के बाएं हाथ के बल्लेबाज निकोलस पूरन धमाकेदार फाॅर्म में हैं। आरेंज कैपधारी वेस्टइंडीज के बल्लेबाज ने पांच मैच में 72 की औसत ने 288 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 225 रहा, जो प्रतिद्वंद्वी टीम के गेंदबाजों के लिए परेशानी का सबब रहा। इसके अलावा टीम के सलामी बल्लेबाज ऑस्ट्रेलिया के मिचेल मार्श ने पांच मैचों में 53 की औसत ने 265 रन ठोके। गेंदबाजी में शार्दुल ठाकुर (पांच मैच में 20.44 की औसत से दस विकेट) और दिग्वेश राठी (पांच मैच में 22.14 की औसत से सात विकेट) को छोड़ दिया जाए तो अन्य अपना प्रभाव छोड़ने मेें असफल रहे हैं। खास तौर पर बीते सत्रों में टीम के शानदार प्रदर्शन करने वाले स्टार लेग स्पिनर रवि बिश्नोई फॉर्म की तलाश में हैं। उन्होंने पांच मैच में 11.84 के महंगे इकोनॉमी रेट से महज चार विकेट हासिल किए, जबकि तेज गेंदबाज आवेश खान ने चार मैच में 11.66 की इकोनॉमी रेट से तीन विकेट लिए।
बेहतर तालमेल ने गुजरात को बनाया अजेय
आईपीएल में अपने सभी चार मैच जीतने वाली गुजरात टाइटंस की सबसे बड़ी ताकत उनका कंबीनेशन रहा है। शुभमन गिल एंड कंपनी ने गेंद और बल्ले से सधा हुआ प्रदर्शन किया है। गेंदबाजी में जहां मोहम्मद सिराज (पांच मैच में 15.40 की औसत से 10 विकेट) और साई किशोर (पांच मैच में 13.30 की औसत से 10 विकेट) ने अपनी छाप छोड़ी, जबकि बल्लेबाजी में साई सुदर्शन (पांच मैच में 54.60 की औसत से 273 रन) और जोस बटलर (पांच मैच में 50.50 की औसत से 202 रन) से धमाकेदार बल्लेबाजी की है। इसके अलावा कप्तान गिल ने कई मौकों पर टीम को अच्छी शुरुआत दी है, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने अहम मौकों पर विकेट चटकाने में सफलता हासिल की।
CSK vs KKR: आईपीएल इतिहास में पहली बार लगातार पांच मैच हारा सीएसके, केकेआर तीसरे स्थान पर पहुंचा; नरेन चमके
अगले दो मैच हमारे लिए महत्वपूर्ण : डेविड मिलर
लखनऊ सुपरजायंट्स के मध्यक्रम के बल्लेबाज डेविड मिलर ने कहा कि घरेलू मैदान में हमारी टीम के अगले दो मुकाबले बेहद अहम होने वाले हैं। शनिवार को पहले मुकाबले में जहां टीम का सामना गुजरात से है, वहीं दूसरी ओर 14 को चेन्नई सुपरकिंग्स से टीम की भिड़ंत होगी। इकाना स्टेडियम में हुए दो मुकाबलों में हमारी टीम को एक जीत और एक हार मिली है। टीम के खिलाड़ी यहां के माहौल को अपना रहे हैं। उम्मीद है कि टीम यहां अधिक से अधिक मुकाबलों में जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि आईपीएल के इस सत्र में खूब रन बन रहे हैं। कई मुकाबलों में रनों का आंकड़ा 200 के पार जा रहा है।
बड़ा स्कोर बनाने के फेर में बल्लेबाजों के आउट होने की संभावना बनी रहती है, जिसका गेंदबाज फायदा उठा सकते हैं। कुल मिलाकर गेंदबाजों को निराशा जताने की बजाए ऐसे मुकाबलों को भुनाने के लिए सोचना चाहिए। इकाना स्टेडियम के बारे में पूछे गए प्रश्न के जवाब में मिलर ने कहा कि यहां काली और लाल मिट्टी की विकेट में गेंदबाजों के साथ बल्लेबाजों के लिए पर्याप्त मौका मिलता है। बड़ा ग्राउंड होने के कारण यहां चौके-छक्कों के अलावा बल्लेबाज के लिए एक और दो रन भी अहम होते हैं। यहां दौ सौ रन के लक्ष्य का पीछा करना मुश्किल होता है।