अमिताभ ठाकुर की पत्नी के लॉकर में लाखों के जेवर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
निलंबित आईपीएस अफसर अमिताभ ठाकुर की पत्नी नूतन ठाकुर की पंजाब नेशनल बैंक का लॉकर सोमवार को विजिलेंस ने खंगाला। लॉकर से सोने-चांदी और डायमंड सेट समेत कुल 37 गहने निकले।
इन गहनों की कीमत वैल्यूअर ने 11 लाख 81 हजार 256 रुपये आंकी। सारी कार्रवाई कोर्ट की ओर से गठित कमीशन के सामने हुई।
आय से अधिक संपत्ति का मुकदमा दर्ज करने के बाद अमिताभ ठाकुर के खिलाफ खुली जांच कर रही विजिलेंस की टीम ने पिछले दिनों विरामखंड स्थित उनके आवास पर छापा मार कर छानबीन की थी।
छापे के दूसरे दिन गोमतीनगर स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा पहुंची विजिलेंस ने नूतन ठाकुर के लॉकर को खुलवाने की कोशिश की थी, पर मैनेजर ने बगैर खाताधारक की मौजूदगी के ऐसा करने से मना कर दिया था। इसके बाद अदालत ने इस लॉकर की पड़ताल कराने के लिए एक कमीशन गठित कर दिया था।
गहनों के अलावा लॉकर में कुछ नहीं
दो अधिवक्ताओं विजय कुमार यादव और महेंद्र प्रताप सिंह को कोर्ट कमिश्नर नियुक्त कर अदालत ने विवेचक दद्दन चौबे को कमीशन की मौजूदगी में लॉकर खोल कर जांच करने के आदेश दिए थे।
सोमवार को कोर्ट कमीशन के सदस्य, विजिलेंस की टीम, एक महिला कांस्टेबल, वीडियोग्राफर, एक वैल्यूअर की मौजूदगी में लॉकर खोला गया। इसके अलावा मौके पर बैंक अफसर मौजूद थे। अन्य किसी को वहां नहीं जाने दिया गया।
नूतन ठाकुर ने बताया कि लॉकर में एक डायमंड सेट व एक जड़ाऊ सेट समेत जितनी भी ज्वैलरी बरामद हुई उनका सबका वजन किया गया। वजन 525.8 ग्राम पाया गया।
गहनों के अलावा लॉकर में कुछ नहीं मिला। विजिलेंस ने पाए गए सामानों की लिस्ट बनाई, जिसकी एक प्रति उन्हें भी दी गई है।