भारत 10 साल में दुनिया के विकसित देशों में होगा : राजनाथ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि दस वर्षों में भारत विकसित देशों की कतार में खड़ा हो जाएगा। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार पूरी ताकत से जुटी हुई है। देश का आर्थिक ढांचा काफी मजबूत हुआ है।
दुनिया भर के अर्थशास्त्री आज यह कहने को मजबूर हैं कि विश्व में सबसे ज्यादा तेज गति से आगे बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था भारत की ही है। राजनाथ शनिवार को यहां अपने संसदीय क्षेत्र के जानकीपुरम इलाके में कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में बोल रहे थे।
राजनाथ ने लखनऊ के लोगों को हर तरह से संतुष्ट करने और साथ जोड़ने की कोशिश की। इसके लिए अब तक हो चुके और आगे होने वाले विकास कार्य गिनाए। साथ ही यह भी कहा कि हर समस्या का समाधान तो भगवान भी नहीं कर सकता, पर उनका प्रयास है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों की समस्याओं का समाधान करा सकें।
उनकी कोशिश है कि लखनऊ देश का सबसे खूबसूरत शहर बन जाए। उन्होंने सितंबर में आउटर रिंग रोड के लिए भूमिपूजन और गोमतीनगर स्टेशन के विस्तारीकरण के शिलान्यास की घोषणा की।
जो बोलना था, इस्लामाबाद में बोल दिया
राजनाथ ने पाकिस्तान के मुद्दे पर भी जनता की नब्ज टटोलने की कोशिश की। कहा, मैं जानता हूं कि हमारे क्षेत्र के लोग क्या सुनना चाहते हैं, पर इस मुद्दे पर मुझे जो बोलना था, इस्लामाबाद में बोल चुका हूं। कहा कि वे कोई भी ऐसा काम नहीं करेंगे जिससे लखनऊ वालों को अपना मस्तक नीचा करना पड़े।
लखनऊ को अभेद्य किला बनाने की कोशिश
राजनाथ ने जिस तरह स्थानीय मुद्दों पर जनता की जिज्ञासा शांत की, अटल बिहारी वाजपेयी का नाम लेते हुए उनके कामों को आगे बढ़ाने की बात कही, उससे संकेत मिल गया कि वे भी अटल की तरह ही लखनऊ वालों के दिल में पैठ बनाना चाहते हैं। लखनऊ को अपना अभेद्य किला बना लेना चाहते हैं।
बोले, यूपी और लखनऊ के लोगों ने जितना दिया, भाजपा की झोली सीटों से भर दीं। हम चाहकर भी उतना लखनऊ या यूपी वालों को नहीं लौटा पाएंगे, पर उनकी कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा काम हो जाएं।
तेज विकास के लिए यूपी में भी भाजपा सरकार बनवाइए
पूर्व सांसद लालजी टंडन ने कहा कि कुछ लोग केंद्र सरकार को लेकर भ्रमित कर रहे हैं। प्रदेश सरकार भी केंद्र की योजनाओं में अड़ंगा डालती है।
तेजी से विकास के लिए यूपी में भी भाजपा की सरकार बनना जरूरी है। कार्यक्रम को राजनाथ सिंह के सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी, डॉ. नीरज बोरा और महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने भी संबोधित किया।
बच्चों ने भी दी बधाई
स्थानीय ब्राइट वे कॉलेज के छात्रों ने पाकिस्तान को उसके घर में सबक सिखाने के लिए गृहमंत्री को बधाई दी। मिलिट्री जैसी वेशभूषा में आए इन छात्र-छात्राओं ने गृहमंत्री को स्मृति चिह्न और बुके देने के साथ ही उनको सैल्यूट भी किया।