खबर का असर: पांच लाख परीक्षार्थियों का इंतजार खत्म, यूपीएसएसएससी ने जारी किया प्री रिजल्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने शुक्रवार को पांच लाख से अधिक परीक्षार्थियों का इंतजार खत्म कर दिया। आयोग ने सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा (सामान्य चयन) प्रतियोगितात्मक परीक्षा-2019 की प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया। इसमें मुख्य परीक्षा के लिए 15,335 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं।
आयोग ने विभिन्न विभागों में समूह ग के रिक्त 672 पदों की प्रारंभिक परीक्षा 30 सितंबर व 1 अक्तूबर 2019 को आयोजित की थी। इस भर्ती के लिए 11,04,652 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। लेकिन, जब प्रारंभिक परीक्षा हुई तो इसमें 5,04,506 अभ्यर्थी ही शामिल हुए। इनमें आईएएस व पीसीएस की प्री व मेन परीक्षा क्वालीफाई करने वाले तमाम अभ्यर्थी भी शामिल हुए थे। ये अभ्यर्थी अक्तूबर से ही रिजल्ट का इंतजार कर रहे थे। इसके अलावा आयोग की कई दूसरी भर्तियों के रिजल्ट भी अटके हुए हैं, जिससे अभ्यर्थी परेशान थे।
‘अमर उजाला’ ने 24 जून के अंक में ‘12 हजार सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया ठप, रिजल्ट अटका’ शीर्षक से प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। आयोग ने इसके तीसरे दिन सबसे पहले सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा के रिजल्ट का एलान किया। आयोग के सचिव आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने बताया है कि लिखित परीक्षा के आधार पर अर्ह घोषित अभ्यर्थियों का रिजल्ट आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। कटऑफ भी श्रेणीवार जारी कर दी गई है। आयोग ने चार पालियों में परीक्षा की वजह से नॉर्मलाइजेशन व्यवस्था लागू की है। उसी के मुताबिक रिजल्ट दिया गया है।
22.82 गुना अभ्यर्थी चयनित
इस भर्ती में सहायक चकबंदी अधिकारी, विपणन निरीक्षक, पूर्ति निरीक्षक, अधिशासी अधिकारी नगर निकाय, सहायक उद्यान अधिकारी, राजस्व निरीक्षक नगर निकाय व अपर जिला सूचना अधिकारी जैसे पद शामिल हैं। आयोग ने रिक्त पदों के सापेक्ष 15 गुना अभ्यर्थियों के चयन की व्यवस्था बनाई है। लेकिन, नियम के साथ यह व्यवस्था भी है कि निकटस्थ न्यूनतम पूर्णांक तथा उस पूर्णांक को प्राप्त करने वाले सभी अभ्यर्थियों को अर्ह घोषित किया जाएगा। इस फॉर्मूले पर मुख्य परीक्षा के लिए रिक्त पदों के सापेक्ष 22.82 गुना अभ्यर्थी चयनित हुए हैं।
उद्यान निरीक्षक छोड़ सभी पदों के सापेक्ष 15 गुना अभ्यर्थी प्राप्त हो गए। पर, उद्यान निरीक्षक के लिए शैक्षिक योग्यता बीएससी कृषि व जीव विज्ञान समूह थी। इसमें 15 गुना अभ्यर्थी नहीं आ सके। 15 गुना अभ्यर्थी के लिए मेरिट नीचे कर कटऑफ तैयार की गई है। इस वजह से उद्यान निरीक्षक की कटऑफ अलग व अन्य की कटऑफ अलग जारी की गई है।
आयोग के दो नए प्रयोग रहे कारगर
मुख्य परीक्षा में भी वस्तुनिष्ठ सवाल
आयोग की मुख्य परीक्षा में भी वस्तुनिष्ठ सवाल पूछे जाएंगे। आयोग प्रारंभिक परीक्षा के पहले ही मुख्य परीक्षा का पाठ्यक्रम व परीक्षा योजना जारी कर चुका है। चयनित अभ्यर्थी उसके हिसाब से मुख्य परीक्षा की तैयारी शुरू कर सकते हैं। आयोग मुख्य परीक्षा राजधानी में ही आयोजित करने पर विचार कर रहा है।
सहायक उद्यान निरीक्षक छोड़ अन्य पदों के लिए कट ऑफ
श्रेणी कट ऑफ
अनारक्षित 206
अनुसूचित जाति 188
अनुसूचित जनजाति 155
अन्य पिछड़ा वर्ग 206
क्षैतिज श्रेणी
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के आश्रित 191
दिव्यांगजन 178
भूतपूर्व सैनिक 172
महिला 194
सहायक उद्यान निरीक्षक पद के लिए कटऑफ
अनारक्षित 196
अनुसूचित जाति 172
अनुसूचित जनजाति 139
अन्य पिछड़ा वर्ग 196
क्षैतिज श्रेणी
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के आश्रित 180
दिव्यांगजन 174
भूतपूर्व सैनिक 190
महिला 192