स्वास्थ्य मंत्रालय ने लिखी चिट्टी : टीकाकरण की धीमी रफ्तार पर केंद्र ने यूपी से कहा- तेजी लाएं
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अपर सचिव ने चिट्ठी लिखकर यूपी में कोरोना टीकाकरण की धीमी गति पर चिंता जताई है। इसके अलावा कहा गया है कि प्रदेश में बीते सप्ताह 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लाभार्थियों का टीकाकरण चिंताजनक स्थिति में है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रदेश में कोरोना टीकाकरण की धीमी गति पर केंद्र सरकार ने चिंता जताई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अपर सचिव ने चिट्ठी लिखकर यूपी सरकार को टीकाकरण में तेजी लाने को कहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के पत्र के अनुसार प्रदेश में बीते सप्ताह 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लाभार्थियों का टीकाकरण चिंताजनक स्थिति में है। इस वर्ग के लाभार्थियों को पहली डोज का यूपी का औसत महज 19.5 प्रतिशत है, जो राष्ट्रीय औसत 32.3 प्रतिशत से काफी कम है। वहीं, दूसरी डोज का प्रतिशत 4.33 प्रतिशत है जो राष्ट्रीय औसत 7.8 प्रतिशत से काफी कम है। पत्र मिलने के बाद राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की निदेशक अपर्णा उपाध्याय ने सभी मुख्य चिकित्साधिकारियों को पत्र लिखकर दूसरी डोज के 70 प्रतिशत और पहली डोज के 30 प्रतिशत लाभार्थियों को आच्छादित करने के निर्देश दिए हैं।
कन्नौज, आजमगढ़ समेत इन जिलों में प्रदर्शन बेहद खराब
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कन्नौज, हरदोई, लखीमपुर खीरी, गाजीपुर, आजमगढ़ में टीकाकरण के प्रदर्शन को सबसे खराब बताया है। वहीं अधिकतर जिलों में वैक्सीन की दूसरी डोज का कवरेज खराब बताया है।
रणनीति बनाकर होगा सौ फीसदी टीकाकरण
एनएचएम निदेशक अपर्णा उपाध्याय ने सभी सीएमओ को स्ट्रेटजी बनाकर शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इसमें ज्यादा आबादी वाले गांवों में अतिरिक्त सत्र का आयोजन करना, फ्रंटलाइन वर्कर आशा, आशा संगिनी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, समूह सखी, ग्राम प्रधान, ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी के साथ समन्वय स्थापित करके ग्रामीण लाभार्थियों को अधिक से अधिक संख्या में कोविन पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करने के लिए प्रेरित करने के लिए कहा गया है। दूसरी डोज के लाभार्थियों को मोबाइल एसएमएस, इंटीग्रेटेड कोविड कमांड सेंटर से कॉल करके प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य कार्यकर्ता और फ्रंटलाइन वर्कर को उनके विभागाध्यक्षों के माध्यम से प्रेरित करते हुए अधिक संख्या में वैक्सीन की दूसरी डोज लगाने का प्रयास किया जाएगा। जिलाधिकारी अध्यक्षता में टीम बनाकर समाज में फैली हुई अफवाहों को दूर करने के लिए भी कहा गया है।
नोएडा समेत कई जिलों की तारीफ भी की
टीकाकरण का प्रतिशत
जिला पहली डोज दूसरी डोज
कन्नौज 13.38 3.05
हरदोई 13.65 3.12
लखीमपुर खीरी 13.80 2.45
गाजीपुर 14.90 3.56
आजमगढ़ 14.98 2.77
इन जिलों की तारीफ
जिला पहली डोज दूसरी डोज
गौतमबुद्ध नगर 74.75 19.40
महोबा 40.50 6.72
बागपत 37.94 7.19
गाजियाबाद 37.77 8.54
मेरठ 36.84 7.85