बंद हो जाएगा ‘ज्ञानवाणी’ का प्रसारण
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश के एकमात्र शैक्षणिक रेडियो चैनल ‘ज्ञानवाणी’ पर संकट गहरा गया है। बकाए का भुगतान न होने पर प्रसार भारती ने एक अक्तूबर से इस रेडियो चैनल का प्रसारण बंद करने का फैसला लिया है।
ज्ञानवाणी का प्रसारण बंद होने से इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के छात्रों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। प्रसार भारती के एडिशनल डायरेक्टर जनरल आरके पांडेय की ओर से 12 सितंबर को जारी पत्र में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि बकाए का भुगतान न होने की दशा में एक अक्तूबर से इग्नू के रेडियो चैनल ज्ञानवाणी का प्रसारण बंद कर दिया जाएगा।
बकाए के भुगतान के लिए बीते जुलाई महीने में प्रसार भारती ने इग्नू को पत्र लिखा था और कहा था कि भुगतान न होने पर ज्ञानवाणी का प्रसारण बंद कर दिया जाएगा। उस समय मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने छात्रों के कॅरियर को ध्यान में रखकर प्रसार भारती को बकाए का भुगतान करने का आश्वासन दिया था।
तय समयावधि में मंत्रालय द्वारा बकाए का भुगतान न मिलने पर प्रसार भारती ने अंतत: एक अक्तूबर से ज्ञानवाणी का प्रसारण बंद करने फैसला लिया।
हम लाचार हैं, हमारे नियंत्रण में कुछ नहीं
प्रसारण बंद होने से इग्नू के साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं के सामने भी दिक्कतें आएंगी। साथ ही, रेडियो चैनल में काम करने वाले हजारों अंशकालिक कर्मचारी बेरोजगार हो जाएंगे।
मालूम हो कि ज्ञानवाणी पर आकाशवाणी और इग्नू के तमाम ज्ञानवर्धक कार्यक्रम प्रसारित होते हैं। कृषि, स्वास्थ्य, अभियांत्रिकी आदि क्षेत्रों की नामचीन हस्तियों की विभिन्न विषयों पर वार्ता का भी इस रेडियो चैनल पर प्रसारण होता है।
‘इग्नू ऑवर’ और ‘विज्ञान प्रसार’ ज्ञानवाणी के सर्वाधिक लोकप्रिय कार्यक्रम हैं। रेडियो आस्ट्रेलिया से भी ज्ञानवाणी का समझौता है। दूरदराज इलाकों में रहने वाले इग्नू में अध्ययनरत छात्र ज्ञानवाणी केंद्र में फोन कर लाइव शो में अपनी जिज्ञासाएं शांत करते हैं।
आकाशवाणी वाराणसी के उप निदेशक इंजीनियर बीआर पटेल कहते हैं कि रेडियो चैनल ज्ञानवाणी बंद करने का फैसला दुर्भाग्यपूर्ण है। हम लाचार हैं। हमारे नियंत्रण में कुछ भी नहीं। प्रसार भारती बोर्ड ही इस मामले में कोई फैसला ले सकता है। 12 सितंबर को एडिशनल डायरेक्टर जनरल की ओर से जारी पत्र हमें प्राप्त हो चुका है। 30 सितंबर की शाम ज्ञानवाणी आफ एयर (बंद) हो जाएगा।