सरकार की ओर से सफाई कर्मियों को मिलेगा बड़ा तोहफा
सूबे की सरकार चुनावी वर्ष में नगर निकायों के सफाई कर्मियों को भी कनिष्ठ सहायक के पद पर तैनात करने की घोषणा कर सकती है। इस संबंध में निदेशक, स्थानीय निकाय को प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है।
इसके परीक्षण के बाद ही सरकार इस पर अंतिम फैसला लेगी। सफाई कर्मचारियों की लिपिकीय संवर्ग में प्रमोशन की मांग काफी पुरानी है, लेकिन अब माना जा रहा है कि प्रदेश सरकार 2017 के विस चुनाव के मद्देनजर किसी वर्ग को नाराज नहीं करना चाहती है।
सरकार की इस मंशा को भांपकर सफाई कर्मचारी भी अपनी मांग मनवाने के लिए उस पर दबाव बनाए हुए हैं। इसी के तहत गत दिनों आयोजित एक बैठक में नगर विकास विभाग के अफसरों व सफाई कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच इस मुद्दे पर चर्चा हुई थी।
सफाई कर्मचारियों की मांग अभी तक है लंबित
बैठक में मौजूद नगर विकास सचिव ने निदेशक (स्थानीय निकाय) को निर्देश दिया है कि वह सफाई कर्मियों के लिए प्रमोशन का कोटा निर्धारित कर लिपिकीय संवर्ग में नियुक्ति संबंधी प्रस्ताव तैयार करें और इसे जल्द शासन को भेजें।
सरकार ने फरवरी-2015 में निकायों के चतुर्थ श्रेणी कर्मियों के लिए 20 फीसदी कनिष्ठ सहायक के पद का कोटा तय कर दिया था। पर, सफाई कर्मचारियों की मांग अभी तक लंबित है।
सरकार यह कह रही थी कि सफाई कर्मचारी भी चतुर्थ श्रेणी कर्मी हैं, इसलिए उनके लिए अलग से कोटे की कोई जरूरत नहीं है, लेकिन सफाई कर्मियों का कहना था कि उनके लिए अलग से कोटे का निर्धारण होना ही चाहिए। अब उनकी इस मांग पर सरकार ने कार्रवाई शुरू कर दी है।