अक्षय तृतीया: 10 किलो सोने के सिक्कों की ऑनलाइन बुकिंग, सिर्फ पांच करोड़ का हुआ कारोबार
लखनऊ के लोगों ने लॉकडाउन के दौरान अक्षय तृतीया पर्व धूमधाम से मनाया। यह अलग बात है कि लोग सर्राफा बाजारों में सोना खरीदने के लिए नहीं गए, लेकिन घर बैठे ही शुद्ध सोने के सिक्के, गहने और हीरे की रिंग आदि की ऑनलाइन और फोन पर बुकिंग करके कीमत की 10 फीसदी रकम ज्वेलर्स के खाते में ट्रांसफर की।
ज्वेलर्स के अनुसार अक्षय तृतीया पर्व पर 10 किलो से अधिक शुद्ध सोना बुक हुआ यानी पांच करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। लखनऊ सर्राफा एसोसिएशन के महामंत्री प्रदीप अग्रवाल ने रविवार को बताया कि अमीनाबाद, चौक, आलमबाग, महानगर, गोमती नगर, इंदिरा नगर आदि के कारोबारियों ने बताया कि अक्षय तृतीया पर्व पर लोगों ने घर बैठे सोने के गहने खरीदने के लिए ऑनलाइन बुकिंग कराई।
अधिकतर लोगों ने सोने के सिक्के और हल्के वजन के गहनों की बुकिंग करने के बाद उसकी कीमत की 10 फीसदी रकम एडवांस के तौर पर ज्वेलर्स के बैंक खाते में ट्रांसफर की।
उन्होंने यह भी बताया कि लॉकडाउन खुलने के बाद जब ग्राहकों को गहने की डिलेवरी की जाएगी तो उस समय सोने का जो रेट होगा उसके अनुसार भुगतान लेंगे।
खूब बिकी हीरे और सोने की अंगूठी
यह बुकिंग उन परिवारों ने कराई जिनके घर में लड़का या लड़की की शादियां तय हो चुकी हैं। ये हीरे की अंगूठियां 20 से 25 हजार और सोने की अंगूठी 10 से 12 हजार रुपये कीमत की हैं।
आधे से भी कम रहा कारोबार
चौक के कारोबारी आदीश कुमार जैन ने बताया रविवार को 24 कैरेट सोना 48000 रुपये प्रति 10 ग्राम होने के कारण 40 फीसदी ही कारोबार हो सका।
सोने के भाव में उतार चढ़ाव के कारण एडवांस बुकिंग कराने वाले लोग पीछे हट गए। पिछले साल इसी पर्व पर लगभग 30 किलो सोना बिका था, जिसकी कीमत 12 करोड़ से अधिक थी।
दुकानें खुलती तो होता अच्छा कारोबार
महानगर के कारोबारी अजय कुमार अग्रवाल, चौक के सिद्धार्थ जैन और आशियाना के मनीष वर्मा ने बताया कि जिला प्रशासन अक्षय तृतीया पर्व पर यदि कुछ घंटे दुकान खोलने की अनुमति दे देता तो अच्छा कारोबार होता।
दुकानें बंद होने के बाद भी लोगों ने ऑनलाइन सोने के गहने की बुकिंग खूब कराई। रविवार का रेट 24 कैरेट सोना 48,000 प्रति 10 ग्राम 22 कैरेट सोना 46,500 प्रति 10 ग्राम रहा।