{"_id":"92300ee937f9e3e7ae49458f28efa898","slug":"gas-rifiling-racket-held","type":"story","status":"publish","title_hn":"घरेलू सिलेंडरों से रीफिलिंग का भंडाफोड़, 6 हिरासत में ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
घरेलू सिलेंडरों से रीफिलिंग का भंडाफोड़, 6 हिरासत में
ज्ञान सक्सेना/लखनऊ
Updated Thu, 19 Dec 2013 01:59 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार को बाजार खाला थानाक्षेत्र में छापा मार कर पुराने हैदरगंज इलाके में चल रहे घरेलू सिलेंडरों से रीफिलिंग के धंधे का भंडाफोड़ किया।
विज्ञापन
छापे के दौरान मौके से जांच टीम को 21 घरेलू एलपीजी सिलेंडर, आठ पांच किग्रा वाले छोटे सिलेंडर, दो रीफिलर एक स्प्रिंग बैलेस सहित रीफिलिंग से जुड़े अन्य उपकरण और सिलेंडर ढोने वाले हुक लगी पांच साइकिल बरामद हुई। कार्रवाई के दौरान रीफिलिंग के धंधे से जुड़े छह लोगों को पुलिस ने मौके से पकड़ा।
विज्ञापन
आपूर्ति विभाग ने इस मामले में घरेलू सप्लाई के भरे सिलेंडरों से गैस रीफिलिंग कर बेचने का धंधा चलाने के आरोप में पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु वितरण अधिनियम की धारा 3/7 के तहत बाजार खाला थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
विज्ञापन
एआरओ अभय सिंह की अगुवाई में आपूर्ति व बॉट माप विभाग की टीम ने बाजार खाला के पुराना हैदरगंज इलाके में रस्तोगी वाली गली में रहने वाले दिनेश अवस्थी उर्फ मामा के यहां पुलिस के साथ छापा मारा।
कार्रवाई की भनक लगते ही मकान में अवैध रीफिलिंग कर रहे लोगों में हड़कंप मच गया और मौजूद आधा दर्जन लोगों ने बचकर निकल भागने की कोशिश की।
पुलिस ने थोड़ी मशक्त के बाद भागने का प्रयास कर रहे दिनेश अवस्थी, मुकेश यादव, राजेश, अंकित, अजय व धनबहादुर को पकड़ कर हिरासत में ले लिया।
बाहर से टूटे-फूटे दिखने वाले इस घर के अंदर आंगन में बीते लंबे समय से घरेलू सिलेंडरों से रीफिलिंग का धंधा चल रहा था।
मौके से पकड़े गए 21 घरेलू सिलेंडरों में 20 इंडेन और एक एचपी कंपनी का मिला। इनमें से 12 भरे हुए, 4 आधे भरे और 5 खाली मिले जबकि आठ छोटे सिलेंडरों में से तीन पूरे भरे मिले।
मौके पर जब्त भरे हुए घरेलू सिलेंडरों की तौल में तीन सौ ग्राम से लेकर एक किलोग्राम तक घटतौली मिली जबकि खाली रखे जिस सिलेंडर पर रीफिलर लगा मिला था उसमें साढ़े चार किलोग्राम गैस निकली।
होम डिलीवरी सिलेंडरों से गैस चोरी
धंधेबाज क्षेत्रीय गैस एजेंसियों से जुड़े हॉकरों की मिलीभगत से होम डिलीवरी के तहत सप्लाई होने वाले सिलेंडरों से रीफिलर के जरिए गैस चोरी कर उन्हें पांच किग्रा वाले छोटे सिलेंडरों में भरकर बेचने का धंधा चला कर मोटी कमाई करते थे।
घरेलू सप्लाई के हर सिलेंडर से तीन से आठ सौ ग्राम तक गैस चोरी के बाद सीलबंद कर बिना तौल के उपभोक्ता के घरों पर पहुंचा दिया जाता था।
सूत्रों के अनुसार पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपियों ने इस खेल में इलाके में संचालित एक गैस एजेंसी से जुड़े हॉकरों की हिस्सेदारी की बात भी जांच टीम को बतायी है।
गैस एजेंसी भी शक के दायरे में
आपूर्ति विभाग रीफिलिंग के उजागर हुए इस धंधे में क्षेत्रीय स्तर पर संचालित गैस एजेंसी को भी नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब करेगा।
आपूर्ति विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि मौके से पकड़े गए आरोपियों में से कुछ के द्वारा इलाके की चिराग गैस एजेंसी से जुड़े हॉकरों के इस धंधे में शामिल होने की बात सामने आई है।
जानकारी के आधार पर इलाके में संचालित गैस एजेंसी संचालक से पकड़े गए घरेलू सिलेंडरों की बाबत जानकारी मांगी गयी है।
उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान जब्त हुए घरेलू व छोटे सिलेंडर फिलहाल सागर गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में देते हुए कार्रवाई की जानकारी संबंधित तेल कंपनियों के अधिकारियों को भी दी गयी है।