पकड़ी गई तो ड्रामा करती रही दूसरे की जगह TET परीक्षा दे रही लड़की, आंसर कॉपी लेकर भागा अभ्यर्थी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के दौरान राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सिंगार नगर में एक युवती दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देते धरी गई। फोटो मिलान न होने पर उसपर शक हुआ। शुरू में तो वह सभी को चकमा देते रही लेकिन करीब एक घंटे के बाद उसने असलियत बता दी।
केंद्र व्यवस्थापक ने उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी है। वहीं मूल अभ्यर्थी के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। वहीं एक और परीक्षा केंद्र पर एक अभ्यर्थी उत्तर पुस्तिका की दो कॉर्बन कॉपी लेकर फरार हो गया। दोनों ही प्रकरण सुबह की पाली के हैं। सुबह 10 बजे से 12:30 बजे तक कक्षा एक से पांच बजे तक के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित की गई थी।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सिंगार नगर की प्रधानाचार्या क्षमता रावत ने बताया कि संतकबीर निवासी पूनम सिंह की जगह पर अर्पिता पांडेय को परीक्षा देते पकड़ा गया। अर्पिता ने शुरू में अपना नाम पूनम सिंह बताया। वह पूनम का एडमिट कार्ड, आईडी प्रूफ के रूप में पैन कार्ड और उसकी बीटीसी का प्रमाण पत्र लेकर परीक्षा में बैठे थे।
चेकिंग के दौरान उसकी फोटो का मिलान सही ढंग से नहीं हो पा रहा था। उस समय तो उसे परीक्षा कक्ष में बैठने दिया गया। बाद में परीक्षा कक्ष में दोबारा चेकिंग की गई तो उसके पैन कार्ड, एडमिट कार्ड में लगी फोटो का मिलान उसके चेहरे से किया गया। ज्यादा साफ नहीं दिख रहा था। वहीं आरोपी अर्पिता की उम्र भी काफी कम लग रही थी। जिससे उसपर शक और गहरा गया। उससे काफी देर तक पूछताछ की गई।
वह सभी को चकमा देते रही। करीब एक घंटे के बाद उसने स्वीकार किया कि वह पूनम सिंह नहीं बल्कि अर्पिता पांडेय है। वह अपने भाई के साथ आई थी। उसके भाई के पास उसकी आईडी थी जिससे उसका असली नाम पता चल सका। अर्पिता बीएससी की छात्रा है। क्षमता रावत ने बताया कि उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पुलिस को सौंप दिया गया है।
काफी देर तक करती रही टालमटोल
प्रधानाचार्या ने बताया कि एक कक्षा में दो कक्ष निरीक्षक तैनात थे। दोनों को ही वह काफी देर तक छकाती रही। बाद में वह गलत नाम बताने लगी। कभी मधु सिंह बता रही थी तो कभी कुछ। बाद में वह मूल अभ्यर्थी पूनम सिंह को अपनी बुआ बताने लगी। कुछ देर बाद उसके भाई को ढूंढकर उसकी आईडी देखी गई। उसमें उसका नाम अर्पिता पांडेय लिखा हुआ था। उसने बताया कि पूनम उसकी दोस्त है। उसी के कहने पर वह परीक्षा देने आई थी। प्रधानाचार्या ने बताया कि वह काफी सवालों का जवाब नहीं दे पा रही। पुलिस जांच कर रही है।
कॉर्बन कॉपी लेकर हुआ फरार
राजकीय इंटर कॉलेज हुसैनाबाद में एक अभ्यर्थी आंसर शीट की दोनों कॉर्बन कॉपी लेकर फरार हो गया। सुबह की पाली में परीक्षा कक्षा नंबर चार में कुंवर दीपक सिंह परीक्षा दे रहा था। उत्तर पुस्तिका के साथ दो कॉर्बन कॉपी भी दी जाती है। परीक्षा खत्म होने के बाद दीपक ने मूल उत्तर पुस्तिका तो जमा कर दिया लेकिन दोनों कॉर्बन कॉपी अपने साथ लेकर चला गया। बाद में जब कॉपियां का मिलान किया गया तो मामला पकड़ में आया। इसमें कक्ष निरीक्षकों की भी घोर लापरवाही है।
उन्हें कॉपी जमा करते समय कॉर्बन कॉपी भी लेनी चाहिए थी लेकिन उन्होंने ध्यान नहीं दिया। परीक्षा कक्ष में जीआईसी हुसैनाबाद के राकेश कुमार और रामपाल त्रिवेदी इंटर कॉलेज के सतीश तैनात थे। डीआईओएस डॉ. मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि अभ्यर्थी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दे दिए गए हैं। वहीं दोनों कक्ष निरीक्षकों के खिलाफ के खिलाफ भी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।