यूपी में खाद संकट: जेपी नड्डा से मिले शाही, प्रदेश के लिए मांगी अतिरिक्त यूरिया; मनमाने तरीके से हुई खरीद
Fertilizer crisis in UP: यूपी में यूरिया का संकट गहराता जा रहा है। इस बीच प्रदेश में उचित मात्रा में यूरिया दिलाने के लिए कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शुक्रवार को केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से मुलाकात की।
विस्तार
प्रदेश के कई जिलों में खाद की मनमानी तरीके से खरीद होने का मामला सामने आया है। जैसे-जैसे जांच हो रही है, खाद खरीद की परतें खुलती जा रही हैं। विभिन्न जिलों में गई टीमें को यह शिकायत मिली है कि तमाम किसानों ने अपने खेत के रकबे में प्रयोग होने वाली मात्रा से दो से तीन गुना अधिक खाद खरीद ली है। वितरण प्रबंधन की इस चूक की वजह से खाद की किल्लत हुई है।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही की जांच में भी यह बात सामने आई थी कि महराजगंज में 186 लोगों ने एक से 2.37 मीट्रिक टन तक यूरिया खरीदा और सिद्धार्थनगर में भी कई किसानों ने 20 बार यूरिया की खरीद की। ऐसे में इन दोनों जिलों के साथ ही अन्य जिलों में भी निदेशालय से संयुक्त निदेशक स्तर के अधिकारियों को भेजा गया है।
सूत्रों की मानें तो पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सोनभद्र, चंदौली सहित अन्य जिलों में भी इस तरह की शिकायतें मिल रही हैं। इसकी विस्तृत जांच चल रही है। अधिकारियों ने दर्ज मोबाइल नंबर पर कॉल करके माहभर के अंदर पांच बार खाद खरीदने वालों से पूछताछ की गई तो पता चला कि उन्होंने खाद खरीदी ही नहीं है। ऐसे में यह भी आशंका जताई जा रही है कि एक ही किसान के मोबाइल नंबर पर दूसरे व्यक्ति को खाद दिया गया है। इसी तरह कुछ किसानों ने धान की बुवाई एक से दो बीघे में की है, लेकिन यूरिया की खरीद तीन से चार बोरी किया है। जांच में लगे अधिकारी भी इसे कालाबाजारी से जोड़ कर देख रहे हैं।
नड्डा से मिले शाही, मांगी यूरिया
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शुक्रवार को केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से मुलाकात की। प्रदेश की स्थिति के बारे में जानकारी दी। किसानों की समस्या को देखते हुए यूरिया सहित अन्य खाद अतिरिक्त मात्रा में उपलब्ध कराने की मांग की। केंद्रीय मंत्री ने आश्वासन दिया है कि प्रदेश के किसानों को उनके द्वारा बोई गई फसल संस्तुति के अनुसार निरंतर खादों की आपूर्ति कराई जाएगी। कृषि मंत्री ने बताया कि एक से 20 अगस्त तक भारत सरकार द्वारा प्रदेश के लिए 204 रैक यूरिया भेजी गई है, जिसमें 190 रैक पहुंच गई है। 14 रैक तीन दिन में पहुंच जाएगी। इसके अलावा 21 अगस्त को यूरिया की 11 अतिरिक्त रैक रवाना की गई है। 22 अगस्त को 15 रैक रवाना हुई है, जो फिरोजाबाद, इटावा, बाराबंकी, गोंडा, एटा, बदायूं, अयोध्या, बस्ती, रामपुर, फतेहपुर, कानपुर, मैनपुरी, आजमगढ़, वाराणसी एवं मऊ जिले में तीन दिन में पहुंच जाएगी।
5.95 लाख मीट्रिक टन यूरिया मौजूद
कृषि विभाग के मुताबिक शुक्रवार को प्रदेश में कुल 5.95 लाख मीट्रिक टन यूरिया मौजूद है। 3.91 लाख मीट्रिक टन डीएपी और 3.01 लाख मीट्रिक टन एनपीके की उपलब्धता है। विभाग के मुताबिक प्रदेश में 266.50 रुपये से अधिक मूल्य पर यूरिया बेचने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। सीमावर्ती जिलों में कालाबाजारी और तस्करी रोकने के लिए चौकसी बढ़ा दी गई है।