{"_id":"66fdf38e7636d804250e1fda","slug":"eyewitness-account-of-indian-workers-sound-of-thunder-all-around-looked-outside-and-saw-missiles-falling-fe-2024-10-03","type":"story","status":"publish","title_hn":"भारतीय श्रमिकों की आंखों देखी: चारों तरफ धमक की आवाज, बाहर देखा तो मिसाइलें गिर रहीं, लगा सब खत्म हो जाएगा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
भारतीय श्रमिकों की आंखों देखी: चारों तरफ धमक की आवाज, बाहर देखा तो मिसाइलें गिर रहीं, लगा सब खत्म हो जाएगा
Thu, 03 Oct 2024 07:09 AM IST
रोहित मिश्र
सतीश संगम, अमर उजाला, लखनऊ
सतीश संगम, अमर उजाला, लखनऊ
Published by: रोहित मिश्र
Updated Thu, 03 Oct 2024 07:09 AM IST
सार
Attacks in Israel: इस्राइल में सेवा दे रहे भारतीय श्रमिकों ने वहां चल रहे युद्व की खौफनाक कहानी अमर उजाला को कहानी सुनाई। श्रमिकों ने कहा, इस्राइल सरकार ने सतर्क रहने की सलाह दी है।
विज्ञापन
इस्राइल हमले की तस्वीर।
- फोटो : साभार सोशल मीडिया।
विस्तार
दिन मंगलवार और रात के 10 बजे थे। चारों तरफ धमाके की आवाज सुनाई दे रहीं थीं। खिड़की से छिपकर बाहर देखा तो आसमान से मिसाइलें गिर रहीं थीं और लोग जोर-जोर से चिल्ला रहे थे, मानों खौफनाक मंजर शुरू होने वाला हो। शुक्र है, इस्राइल की तकनीक सुरक्षा इतनी मजबूत है कि ईरान की ज्यादातर मिसाइलों को आसमान में ही चकनाचूर कर दिया। आवाज में डर का खौफ लिए मंजीत शर्मा ने मोबाइल फोन के माध्यम से अमर उजाला से हुई बातचीत में यह जानकारी दी। लखनऊ के ऐशबाग निवासी मंजीत शर्मा इस्राइल में भारतीय श्रमिक के रूप में सेवा दे रहे हैं।
विज्ञापन
मंजीत शर्मा ने बताया कि बुधवार को घर पर बात हुई और यहां के बारे में जानकारी दी है। परिवार में भय का माहौल जरूर है, लेकिन सब ठीक होने की बात कही है। इस्राइल सरकार की ओर हर तरह की मदद दी जा रही है। भारतीय दूतावास की ओर से भी संदेश भेजा जा रहा है कि सतर्क रहें। भारतीय श्रमिकों के अनुसार, इस्राइल सरकार ने भारतीयों की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी ली है। घबराने की जरूरत नहीं है, यहां सभी सुरक्षित हैं।
विज्ञापन
सोशल मीडिया के माध्यम से आ रही वीडियो खौफनाक
इस्राइल पर ईरान ने बीते दिनों मिसाइलों से हमला किया, जिसकी वीडियो सोशल मीडिया के माध्यम लोगों तक पहुंच रही हैं। हर दस मिनट में धमक की आवाज आ रही है। चारों तरफ से सायरन की आवाज सुनाई दे रही है। यह मंजर न केवल इस्राइल निवासियों के लिए बल्कि वहां रह रहे भारतीय श्रमिकों के लिए भी भयावह है।
विज्ञापन
पिता के देहांत के दौरान भी नहीं हो सके वापस
अप्रैल महीने में इस्राइल पहुंचे। एक सप्ताह बीते ही थे कि घर से पिता के देहांत होने की खबर आई, लेकिन स्थितियों को देखते हुए घर नहीं आ सके। ईरान के हमले से इस्राइल में भय का माहौल है। संदेश के माध्यम से अपील भी कर रही है कि बिना वजह बाहर न जाएं। परिवार से बातचीत हुई, डर जरूर है, लेकिन सुरक्षित होने की जानकारी दी है। - सौरभ गुप्ता, मलिहाबाद, लखनऊ
बंकर में रहने की दी गई है सलाह
इस्राइल तकनीक स्तर पर बहुत मजबूत है। ईरान की ज्यादातर मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया। बीते दिनों के हमले से डर का माहौल जरूर है, लेकिन यहां के लोगों के लिए यह सामान्य बात है। जगह-जगह पर बंकर (एक रक्षात्मक सैन्य स्थान, जहां बम या अन्य हमलों से बचा जा सके) बनाया गया है और सायरन बजते ही बंकर में रहने की सलाह दी गई है। - मुकेश सिंह, जानकीपुरम, लखनऊ
हर दस मिनट में सायरन बजता है
एक रात में करीब 70 फायर और मिसाइलें दागी गईं। ईरान की ओर से अभी भी हमला जारी है। रात के समय मिसाइलों से हमला किया जा रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से हर 10 मिनट में सायरन की आवाज सुनाई देती है। यह संकेत है कि किसी तरह का हमला होने वाला है इससे पहले सतर्क होने की सलाह दी जाती है। हालांकि, ईरान के हमले से अभी तक किसी भी भारतीय श्रमिकों के साथ दुर्घटना नहीं हुई है। - संदीप सिंह, विकासनगर,लखनऊ