शाह, आजम के बाद अब केजरी को नोटिस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चुनाव आयोग भड़काऊ भाषण देने के आरोप में अमित शाह और आजम खां के खिलाफ कार्रवाई कर चुका है, अब अरविंद केजरीवाल आयोग के निशाने पर हैं।
जी हां, चुनाव आयोग ने रविवार को आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल को नोटिस जारी किया है।
उन्होंने अमेठी में कथित तौर पर आपत्तिजनक बयान दिया था कि अगर भाजपा या कांग्रेस को एक भी वोट मिलता है, तो यह भगवान और देश के साथ धोखा होगा।
प्रथम दृष्ट्या आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए आयोग ने उन्हें 13 मई की शाम तक अपना पक्ष रखने का समय दिया है।
ये था केजरीवाल का बयान
केजरीवाल के जवाब दाखिल करने के बाद ही चुनाव आयोग कार्रवाई करेगा। भाजपा की शिकायत पर आयोग ने यह कदम उठाया है।
गत 2 मई को केजरीवाल ने अमेठी में कहा था, ‘अगर अमेठी में कोई व्यक्ति कांग्रेस को वोट करता है, तो बुरा मत मानिए क्योंकि वह देश के साथ विश्वासघात कर रहा है। क्या मैंने कुछ गलत कहा...क्या मैंने कुछ ज्यादा कहा....मैं एक बार फिर कहता हूं कि अगर एक भी वोट कांग्रेस या भाजपा को मिलता है, तो आप भगवान और देश के साथ विश्वासघात कर रहे हैं।’
चुनाव आयोग को उनके बयान की सीडी भी मुहैया कराई गई है।
शाह, आजम पर हो चुकी कार्रवाई
हालांकि केजरीवाल के बयान को देखते हुए ये तो नहीं कहा जा सकता कि उन पर चुनाव प्रचार करने से प्रतिबंध लग सकता है, पर इतना जरूर है कि आयोग किसी भी तरह की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं कर सकता है।
गौरतलब है कि कुछ समय पहले ही चुनाव आयोग ने भाजपा के यूपी प्रभारी अमित शाह और सपा सरकार के मंत्री आजम खां पर भड़काऊ भाषण देने के कारण चुनाव प्रचार करने से प्रतिबंध लगा दिया था लेकिन शाह के माफी मांग लेने पर प्रतिबंध हटा लिया गया, जबकि आजम ने अब तक माफी नहीं मांगी है।
यह अपनी तरह का पहला मामला था जब किसी पार्टी के दो प्रमुख चेहरों के खिलाफ आयोग ने कड़ा फैसला लिया हो।