गोंडा से बरामद हुआ लखनऊ के 1090 चौराहे से अपहरण किया गया ट्रांसपोर्टर, तीन गिरफ्तार
लखनऊ के गौतमपल्ली थानाक्षेत्र के वीमेन पावर लाइन (1090) चौराहे से गुरुवार देर रात कार सवार बदमाशों ने ट्रांसपोर्टर को अगवा कर लिया। बदमाशों ने असलहा दिखाकर उसे कार में खींचकर बैठाया था। इसकी जानकारी होने पर पुलिस टीम ने पड़ताल शुरू किया। ट्रांसपोर्टर के मोबाइल की लोकेशन निकालकर बदमाशों का पीछा शुरू किया। इसके बाद बदमाशों के चंगुल से गोंडा से सकुशल मुक्त करा लिया। पुलिस ने तीन अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक रुपये के लेनदेन में हुए विवाद में ट्रांसपोर्टर को अगवा किया गया था।
प्रभारी निरीक्षक गौतमपल्ली आलोक राय के मुताबिक हजरतगंज के जॉपलिंग रोड निवासी रजीउल्लाह ट्रांसपोर्टर है। गुरुवार देर रात को वह अपनी कार से गोमतीनगर जा रहे थे। इसी बीच वीमेन पावर लाइन चौराहा (1090) पर कुछ कार सवारों ने उन्हें रोक लिया। रजीउल्लाह के चालक रिजवान खां ने गाड़ी रोक दी। इसी बीच कार सवार बदमाश निकले और रजीउल्लाह को असलहा दिखाकर अपनी कार में खींचकर बैठा लिया। इसके बाद कार से अयोध्या रोड की तरफ निकल गये। कुछ देर तक माजरा समझने के बाद चालक रिजवान ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ के बाद बदमाशों की तलाश शुरू की। राजधानी के प्रमुख चौराहे से ट्रांसपोर्टर के अगवा होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया। आनन फानन में प्रभारी निरीक्षक गौतमपल्ली आलोक कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
गोंडा से कराया मुक्त, तीन को दबोचा
प्रभारी निरीक्षक आलोक राय के मुताबिक चालक के बयान के आधार पर मुकदमा दर्ज करने के बाद बदमाशों की तलाश शुरू की गई। अपहरणकर्ताओं की लोकेशन खंगाली गई तो गोंडा में मिली। पुलिस टीम को तत्काल रवाना किया गया।
गोंडा के करनैलगंज से पुलिस ने ट्रांसपोर्टर रजीउल्लाह को सुरक्षित बरामद किया। वहीं तीन अपहरणकर्ता गोंडा के दशयापूरना डिहवा निवासी ननकन तिवारी, तरबगंज ओली नारायणपुर के सुशील कुमार और मघईपुर बढ़इनपुरवा के विजय शंकर को दबोच लिया। पुलिस ट्रांसपोर्टर के साथ सभी आरोपियों को लखनऊ लेकर पहुंची। वहां पूछताछ के बाद आरोपियों को जेल भेज दिया है। वहीं ट्रांसपोर्टर को परिजनों को सुपुर्द कर दिया है।
रुपये के लेनदेन का था विवाद
प्रभारी निरीक्षक गौतमपल्ली आलोक कुमार राय के मुताबिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों पक्षों में रुपये के लेनदेन का विवाद है। रजीउल्लाह को गाड़ी से संबंधित तीन लाख रुपये ननकन व उसके साथियों को देने थे लेकिन वह नहीं दे रहा था। इसी बात पर कई बार विवाद हो चुका था। इसी मामले को लेकर तीनों ने मिलकर रजीउल्लाह को अगवा कर लिया था। आरोपियों को दबोचने में अतिरिक्त निरीक्षक ब्रजेंद्र कुमार मिश्रा, दरोगा संतोष कुमार गौड़ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।