मां और भाभी के सामने उठा ले गए लड़की को
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गोमतीनगर के वीवीआईपी इलाके से बीती रात कार सवार बदमाशों ने एक किशोरी का अपहरण कर लिया। सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के बाद वे भाग निकले। परिवारवालों की सूचना पर पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बहरहाल बुधवार देर रात तक बदमाशों या किशोरी के बारे में कोई भी सुराग उनके हाथ नहीं लग सका। गोमतीनगर के विपुलखंड निवासी ने बताया कि उसकी चचेरी बहन मंगलवार देर शाम घर की महिलाओं के साथ बाहर निकली थी।
ये सब तीन किलोमीटर का चक्कर लगाने के बाद सहारा पुल के नीचे से होते हुए घर की तरफ लौट रही थीं। पुल के नीचे काले रंग की लग्जरी कार उनके आगे आकर रुकी।
इसके बाद कार से तीन-चार बदमाश उतरे और उन्होंने किशोरी को खींचकर अपनी कार में बैठा लिया। विरोध करने पर उसकी मां व भाभी को धक्का देकर गिरा दिया और फिर भाग निकले।
वारदात के बाद दोनों महिलाएं मौके पर ही काफी देर तक चीखती-चिल्लाती रहीं। इसके बाद घर पहुंचकर परिवार वालों की घटना की जानकारी दी। सूचना पर गोमतीनगर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
रईसजादों की करतूत तो नहीं
गोमतीनगर में सहारा पुल के आस-पास देर रात रईसजादों का जमावड़ा लगना शुरू हो जाता है। यहां कई बार महिलाओं से छेड़खानी की शिकायत लोगों ने पुलिस से की है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार सवार बदमाश भी रईसजादों की तरह ही दिख रहे थे। कार सवार युवक नशे में भी थे। इससे पुलिस उन युवकों के बारे में पता लगा रही है, जिनका यहां जमावड़ा लगा करता था।
फिलहाल कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिली।
परिवार पर भी संदेह
घटना को लेकर परिवारवालों ने कई बयान बदले। किशोरी की मां व भाभी ने भी शुरुआती पूछताछ में कई गलत जानकारियां दीं। इससे पुलिस इस मामले में अपहरण को संदिग्ध भी मान रही है।
एसओ गोमतीनगर जहीर खान का कहना है कि यह भी देखा जा रहा कि किशोरी कहीं अपने परिचित के साथ तो नहीं गई है। फिलहाल किशोरी के मिलने के बाद ही इस मामले गुत्थी सुलझ सकेगी।