गोंडा: गौरव को प्रेमजाल में फंसाकर डॉ. प्रीति की मदद से किया था अपहरण, मांगे थे 70 लाख रुपये, गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गोंडा जिले के एससीपीएम मेडिकल कॉलेज के मेडिकल छात्र गौरव हालदार के अपहरण की मुख्य सूत्रधार डॉ. प्रीति मेहरा को गोंडा पुलिस ने हरियाणा से गिरफ्तार किया है। गौरव को अगवा कर 70 लाख की फिरौती मांगी गई थी। बाद में गौरव को गोंडा पुलिस व एसटीएफ की संयुक्त टीम ने दिल्ली में एक मुठभेड़ के दौरान अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छुड़ाकर सकुशल वापसी कराई थी। इसमें पहले ही पुलिस ने डॉ. अभिषेक सिंह समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार भी किया था। डॉ. प्रीति ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उसने शॉर्टकट से पैसा कमाने की जल्दी में गौरव को अपने प्रेमजाल में फंसाया उसके बाद उसको अगवा कर लिया।
बता दें कि बहराइच जनपद के पयागपुर थाना क्षेत्र के सत्संग नगर कॉलोनी काशीजोत के रहने वाले डॉ. निखिल हालदार का बेटा गौरव हालदार गोंडा के एचसीपीएम मेडिलकल कॉलेज का छात्र है। उसका 18 जनवरी को एससीपीएम कॉलेज के बाहर से अपहरण कर लिया गया था।
देर शाम तक गौरव कॉलेज कैम्पस में वापस नहीं लौटा तो उसकी तलाश की गई। मगर कहीं पता नहीं चल सका। 19 जनवरी को अपहरणकर्ताओं ने गौरव के पिता डॉ. निखिल हालदार को फोन करके गौरव की रिहाई के लिए 70 लाख की फिरौती मांगी थी। इसके बाद डॉ. निखिल ने नगर कोतवाली में बेटे गौरव के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इस तरह बरामद हुआ गौरव
अपहरणकर्ताओं ने फिरौती की रकम 22 जनवरी तक देने का अल्टीमेटम डॉ. निखिल को दिया था। मगर अपहरण के बाद एसटीएफ व गोंडा पुलिस की संयुक्त टीम गौरव की तलाश में जुटी थी। इसी बीच अपहरणकर्ताओं ने डॉ. निखिल को फिरौती की रकम देने के लिए फोन कॉल की। जिसके बाद एसडीएम व गोंडा पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्रेटर नोएडा में आगरा की तरफ चढ़ने वाले जीरो पॉइंट पर मुठभेड़ के दौरान अपहरण के आरोपी डॉ. अभिषेक सिंह निवासी अचलपुर थाना वजीरगंज, नीतेश निवासी बालपुर थाना निहारगंज धौलपुर राजस्थान, मोहित सिंह निवासी ग्राम परौली थाना करनैलगंज गोंडा को गिरफ्तार कर गौरव को डॉ. अभिषेक की गाड़ी से सकुशल बरामद कर लिया।
वहीं, दो आरोपियों रोहित सिंह निवासी कोर्ट बाजार थाना पयागपुर बहराइच व सतीश कुमार चौरसिया निवासी सोनाडी हैदरबाजार थाना धनघटा संतकबीरनगर को सीहापार हाल्ट के पास से गिरफ्तार किया।
मगर हनी ट्रैप के जरिए गौरव का अपहरण कराने की आरोपी डॉ. प्रीति मेहरा निवासी ग्राम धौर थाना दुजाना जनपद झज्जर, हरियाणा जो दिल्ली के प्रेमनगर पपरावत नजफगढ़ में रहती थी। वह पुलिस के हाथ नहीं लगी और फरार हो गई थी।
अस्पताल में भी नहीं था रिकॉर्ड
पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पांडेय ने डॉ. प्रीति पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था। गोंडा पुलिस दिल्ली व मेरठ समेत कई ठिकानों पर डॉ. प्रीति की तलाश कर रही थी। पुलिस ने आरोपी डॉ. प्रीति को उसके पैतृक गांव धौर जिला झज्जर हरियाणा से गिरफ्तार किया है।
एसपी ने बताया कि आरोपी डॉ. प्रीति दिल्ली के जिस अस्पताल में वह काम करती थी वहां भी रिकार्ड में नहीं था इसलिए उसका सुराग लगाने में पुलिस को समय लगा। पुलिस टीम में प्रभारी स्वाट अतुल चतुर्वेदी, उप निरीक्षक सुनील सिंह, उप निरीक्षक राजकुमार, उप निरीक्षक सर्वजीत गुप्ता, हेड कांस्टेबल राजू सिंह, कांस्टेबल आदित्य पाल, हृदय नारायण दीक्षित, अमितेश सिंह, महिला कांस्टेबल कोमल बाजपेई व सोमा देवी शामिल रहीं।