एसएसपी बंगले के सामने होटल में पूर्व ब्लॉक प्रमुख की संदिग्ध हालात में मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एसएसपी बंगले के सामने स्थित होटल में बुधवार देर रात नई दिल्ली के शाहदरा पंचशील पार्क निवासी पूर्व ब्लॉक प्रमुख सतवीर सिंह गुर्जर उर्फ पहलवान (47) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ब्रेन हैमरेज से मौत की पुष्टि हुई है। परिवारीजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच की मांग की है।
एसएसपी दीपक कुमार ने बताया कि मूलरूप से बागपत निवासी सतवीर प्रॉपर्टी का कारोबार करते थे। उन्होंने लखनऊ के पीजीआई में वृंदावन इलाके में किराए का मकान ले रखा था और अक्सर यहां आते-जाते थे। मलिहाबाद के भदेसरमऊ में उनका फार्म हाउस भी है। मंगलवार को वह दिल्ली से ड्राइवर अर्जुन के साथ कार से लखनऊ आए थे। बुधवार रात उन्होंने एसएसपी बंगले के सामने स्थित रॉयल कैफे इन होटल में कमरा नंबर 301 बुक कराया। पौने बारह बजे वह अकेले ही होटल पहुंचे। 12.05 बजे एक लड़की उनके कमरे में आ गई।
रात करीब एक बजे लड़की कमरे से बदहवास हालत में बाहर निकली और होटल के स्टाफ को सतवीर की हालत बिगड़ने की जानकारी दी। स्टाफ के लोग कमरे में पहुंचे, जहां सतवीर अंडरवियर और बनियान में पड़े हुए थे। उनकी नब्ज थम चुकी थी। होटलकर्मियों से सूचना पाकर हजरतगंज पुलिस मौके पर पहुंची और सतवीर को पहले सिविल अस्पताल फिर ट्रॉमा सेंटर भेजा, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने उनके मोबाइल फोन के जरिए परिवारीजनों से संपर्क किया।
बृहस्पतिवार सुबह परिवारीजन मॉर्च्युरी पहुंचे और पोस्टमार्टम कराया। इंस्पेक्टर हजरतगंज आनंद कुमार शाही ने बताया कि पोस्टमार्टम में ब्रेन हैमरेज से मौत की पुष्टि हुई है। उनका कहना है कि होटल में आई युवती एक निजी कंपनी में काम करती है और सतवीर की पूर्व परिचित है। सतवीर के बुलाने पर ही वह उससे मिलने आई थी।
आधी रात में युवती को किसलिए बुलाया?
सतवीर अपना मकान होते हुए भी होटल में क्यों ठहरा? आधी रात में युवती को उसने किसलिए बुलाया? होटल के कमरे में क्या हुआ? इस बारे में छानबीन की जा रही है। होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज कब्जे में ले ली गई है। उधर, सतवीर के छोटे भाई महेश और साले मुकेश नागर ने पूरे मामले को संदिग्ध बताते हुए जांच की मांग की है। पोस्टमार्टम के बाद परिवारीजन शव लेकर दिल्ली रवाना हो गए।
कमरे में हुईं उल्टियां, दवा नुकसान करने की आशंका
होटल के सूत्रों ने बताया कि युवती की सूचना पर जब वह कमरे में पहुंचे तो वहां की हालत बहुत खराब थी। सतवीर ने बिस्तर व जमीन पर खूब उल्टियां की थीं। हालांकि, युवती ने पहले कमरा साफ करने की कोशिश की, लेकिन शायद सतवीर की उल्टियां बंद नहीं हुईं और वह बेदम होकर पलंग पर गिर पड़े, तब उसने स्टाफ को सूचना दी। होटल के स्टाफ व पुलिस को शक है कि सतवीर ने कोई दवा खाई होगी। इसके चलते रिएक्शन हो गया और उनकी तबीयत खराब हो गई।
लखनऊ में भी साथ रहती थी महिला
पुलिस के मुताबिक, सतवीर के करीबियों ने बताया कि लखनऊ के पीजीआई वृंदावन कॉलोनी स्थित किराए के घर पर उनके साथ एक महिला भी रहती थी। इस महिला को लोग सतवीर की पत्नी ही समझते थे। यह महिला कौन थी? उसका सतवीर से क्या रिश्ता था? पुलिस इस बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है।
सपा-बसपा के बडे़ नेताओं से थीं नजदीकियां, करता था फाइनेंस
राजधानी में एसएसपी बंगले के सामने स्थित होटल में बुधवार देर रात संदिग्ध हालात में मृत पाए गए सतवीर सिंह गुर्जर उर्फ पहलवान (47) की सपा व बसपा के बड़े नेताओं से नजदीकियां थीं। हालांकि वह कभी किसी पार्टी से नहीं जुड़े। नई दिल्ली के शाहदरा पंचशील पार्क निवासी पूर्व ब्लॉक प्रमुख सतवीर के परिवारीजनों ने बताया कि 2006 में वह शाहदरा से ही निर्दलीय ब्लॉक प्रमुख चुना गया था।
उसकी मौत की खबर मिलते ही पूर्व में बसपा में मंत्री रहे व वर्तमान में भाजपा सरकार के एक कैबिनेट मंत्री सहित कई रसूखदारों ने एसएसपी को फोन कर मामले की जानकारी दी। एक मंत्री ने परिवारीजनों की आशंका के आधार पर सतवीर की हत्या का केस दर्ज कराने के निर्देश भी दिए। इस बीच पोस्टमार्टम हाउस में सपा के एक कद्दावर नेता की करीबी महिला व अन्य सपा नेताओं के पहुंचने से अफरातफरी मची रही।
बेहिसाब दौलत थी सतवीर के पास
परिवारीजनों ने यह भी बताया कि सतवीर पहलवान के पास बेहिसाब दौलत थी। दिल्ली से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों और लखनऊ में उसके पास करोड़ों रुपये की जमीनें थीं। सतवीर को कारों का शौक था। उसके पास बीएमडब्ल्यू-मर्सिडीज से लेकर कई लग्जरी कारें थीं। वह सपा के बड़े नेताओं का फाइनेंसर भी था।
चंदगी राम पहलवान का था शागिर्द, जीती थीं कई कुश्तियां
सतवीर सिंह गुर्जर को सतवीर पहलवान के नाम से भी जाना जाता था। वह बचपन से ही कुश्ती का शौकीन था। वह नामी पहलवान चंदगी राम का शागिर्द भी था। अक्सर कुश्तियां और दंगल लड़ने जाता था। उसने कई कुश्ती जीती थीं। परिवार में पत्नी सुनीता के अलावा दो बेटी कोमल व शालू हैं। वह दोनों बेटियों की शादी कर चुका था।
मदद मांगने वालों के लिए खोल देता था झोली
सतवीर की मौत की खबर सुनते ही मलिहाबाद के भदेसरमऊ गांव की 20-25 महिलाएं मॉर्च्युरी पहुंच गईं। वह उसके शव से लिपटकर फूट-फूटकर रोईं। महिलाओं का कहना था कि सतवीर खुले दिल से सबकी मदद करता था। मदद करते वक्त उसने कभी जेब नहीं देखी।