यूपी : ब्लॉक प्रमुख के नामांकन के दौरान सीतापुर में ताबड़तोड़ फायरिंग, चले हथगोल, तीन को लगी गोली
यूपी ब्लॉक प्रमुख चुनाव 2021: सीतापुर जिले के थाना कमलापुर इलाके में ब्लॉक प्रमुख के नामांकन के दौरान गोली व बम चलने से बवाल मच गया। भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सीतापुर में कमलापुर थानाक्षेत्र के कसमंडा ब्लॉक में गुरुवार को नामांकन के दौरान जमकर बवाल हुआ। पर्चा दाखिल करने जा रहीं निर्दलीय उम्मीदवार को रोकने को लेकर हुए बवाल के दौरान हथगोले चले। कई राउंड फायरिंग हुई। इससे मौके पर भगदड़ मच गई। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने लाठियां भांजी, लेकिन आक्रोशित लोगों पर इसका कोई फर्क नहीं पड़ा। घटना के बाद से तनाव है। पुलिस ने हालात को काबू कर लिया है। गोली लगने से तीन लोग घायल हो गए। उन्हें गंभीर हालत में लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। सूचना पर डीएम और एसपी ने मौके पर पहुंच कर जांच की है।
थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुए बवाल ने पुलिस के इकबाल और सुरक्षा व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। ब्लॉक प्रमुख पद के चुनाव के लिए गुरुवार को जिले के 19 ब्लॉक में नामांकन की प्रक्रिया चल रही थी। इसी बीच कसमंडा ब्लॉक में भाजपा की प्रत्याशी गुड्डी देवी अपना नामांकन करने के बाद ब्लॉक से चली गई। कुछ देर बाद निर्दलीय प्रत्याशी मुन्नी देवी नामांकन करने ब्लॉक के अंदर जा रही थी। बताते हैं कि उन्हें वहां नामांकन करने के लिए रोका गया। आरोप है कि मुन्नी देवी को गुड्डी देवी के समर्थकों ने रोका था। मुन्नी देवी भाजपा से ही टिकट मांग रहीं थीं। नहीं मिलने पर बगावत करते हुए निर्दलीय के रूप में नामांकन करने जा रहीं थीं। इसी को लेकर वाद-विवाद शुरू हो गया।
कहासुनी के दौरान मामला तूल पकड़ गया और देखते ही देखते गोलियां चलने लगीं। कई राउंड फायरिंग के बीच कई हथगोले भी चले। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। हालांकि, कुछ ही देर में मामला शांत हो गया। इस दौरान पुलिस ने हालात को काबू में करने के लिए भीड़ पर लाठियां भी भांजी, लेकिन इसका कोई असर गुस्साए लोगों पर नहीं दिखा। चश्मदीदों और मौके पर मौजूद लोगों की मानें तो करीब 12 राउंड से अधिक फायरिंग हुई और कई हथगोले दागे गए। घटना में अनुपम उर्फ पकड़ू सिंह, कमलापुर के निवासी अखंड सिंह और भेलाहार के टिंकू यादव घायल हो गए। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से सभी को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है। सभी को गोली लगने बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही एसपी आरपी सिंह ने मामले को गंभीरता से लिया और घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए मौके पर सिधौली, अटरिया समेत आसपास के कई थानों की पुलिस फोर्स को भेजकर हालात काबू में किया। इसके बाद वे खुद डीएम विशाल भारद्वाज के साथ मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। डीएम व एसपी ने आरोपियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए हैं। थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर एसओ कमलापुर और एसओ अटरिया की मौजूदगी में यह वारदात हुई है। दोनों थानेदारों और उनके साथ लगी भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में हुए बवाल ने सुरक्षा व्यवस्था के किए जा रहे दावों की भी पोल खोल दी है। एसओ कमलापुर का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा। घटना के वायरल वीडियो के आधार पर बवाल करने वालों को चिह्नित किया जा रहा है। सभी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस कर्मी भी छिपते नजर आए
घटना के बाद हालात पर काबू पाने के बजाय मौके पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगाई गई पुलिस भी खुद अपनी जान बचाती नजर आई। मौजूद पुलिसकर्मी इधर-उधर छिपते नजर आए। सूचना पर कुछ देर बाद डीएम व एसपी के पहुंचने से सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। एडिशनल एसपी से लेकर सिधौली सीओ तक को सुरक्षा के लिहाज से लगा दिया गया। इसके अलावा जो थानेदार पहले से मुस्तैद थे, उनके साथ आसपास के अन्य थानों की पुलिस फोर्स को भी तैनात किया गया है। नामांकन प्रक्रिया की अवधि पूरी होने तक सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रही। नामांकन के बाद भी ब्लॉक से लेकर आसपास पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
छावनी में तब्दील रहा नामांकन स्थल
ब्लॉक पर नामांकन के दौरान बवाल के बाद मची भगदड़ के बीच लोग इधर-उधर भाग गए। दूसरे पक्ष के समर्थक घटना के बाद मौके से फरार हो गए। बताते हैं कि इसके बाद निर्दलीय प्रत्याशी के आक्रोशित समर्थकों ने हाईवे जाम करने का भी प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस प्रशासन के समझाने और मामले में कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद लोग शांत हो गए। इससे जाम नहीं लग सका। हालांकि, घटना के बाद कई घंटे तक मौके पर स्थिति काफी तनावपूर्ण रही। ब्लॉक से लेकर हाईवे और थाना पूरी तरह से छावनी में तब्दील हो गया।
बवाल के बाद निर्दलीय प्रत्याशी ने दाखिल किया नामांकन
नामांकन दाखिल करने जा रही निर्दलीय प्रत्याशी मुन्नी देवी को रोकने को लेकर हुए बवाल के बाद आखिरकार मामला शांत होने पर निर्दलीय प्रत्याशी ने ब्लॉक में जाकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। नामांकन के बाद बाद निर्दलीय प्रत्याशी बाहर निकलीं और फिर समर्थकों के साथ वापस चली गईं। नामांकन की प्रक्रिया संपन्न होने के बाद पुलिस व प्रशासन ने भी राहत की सांस ली है।