जूनियर्स के हाथ में बीयर ने कराया खूनी संघर्ष
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चिनहट स्थित बीबीडी कॉलेज में मंगलवार को वर्चस्व को लेकर मामूली कहासुनी के बाद दो छात्र गुटों में जमकर संघर्ष हो गया। मारपीट के दौरान छह से अधिक छात्र जख्मी हो गए।
कॉलेज परिसर में तैनात सिक्योरिटी गार्ड और पुलिस ने एक घंटे की मशक्कत के बाद हालात पर काबू पाया। मौके से एक लग्जरी कार बरामद हुई है जो सपा नेता के पुत्र की बताई जा रही है।
आरोपी छात्रों की तलाश की जा रही है। इंस्पेक्टर चिनहट के मुताबिक, बीटेक (सिविल) द्वितीय वर्ष के छात्र वैभव पांडेय की तरफ से मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
वैभव ने बताया कि वह मूल रूप से इलाहाबाद का रहने वाला है। बीबीडी कॉलेज परिसर में ही बने छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहा है। पढ़ाई पूरी करने के बाद वह अपनी क्लास से दोस्त रिषभ और मेंहदी अब्बास के साथ हॉस्टल की तरफ जा रहा था।
कैंपस में ही उन्हें एक लग्जरी कार दिखी, जिसमें बीए-एलएलबी प्रथम वर्ष के चार छात्र बैठे थे। कॉलेज के जूनियर छात्रों के हाथ में बीयर की केन व सिगरेट देखकर इन लोगों ने उन्हें घूर दिया।
इसी बात पर पर कहासुनी के बाद कार सवार जूनियर छात्रों ने वैभव पांडेय की जमकर पिटाई कर दी। इस पर रिषभ व मेंहदी अब्बास भी अपने साथियों को बुला लाए।
छह से ज्यादा छात्र हुए जख्मी
कार सवार छात्रों की तरफ से दर्जनों छात्र वहां पहुंच गए। फिर दोनों छात्र गुटों में जमकर मारपीट होने लगी। इस दौरान वैभव समेत छह से अधिक छात्र जख्मी भी हो गये।
कॉलेज परिसर में तैनात सिक्योरिटी गार्डों व चिनहट थाने के पुलिस कर्मियों ने लाठियां फटकार कर उग्र छात्रों को भगाया। इसके बाद हालात काबू में हो सके।
पुलिस ने मौके से सफेद रंग की एक आई-20 कार बरामद की है। यह कार मारपीट के आरोपी विजय नाम के छात्र की बताई जा रही है।
उसके पिता सपा नेता बताए जा रहे हैं। विजय के अलावा स्वर्णिम पांडेय, दानिश खान व एक अन्य छात्र की तलाश की जा रही है।
बीबीडी में छात्रों के बीच हुए बवाल के बारे में प्रॉक्टर डॉ. एसएम कामिल से जब बात की गई तो उन्होंने कहा कि पुलिस की रिपोर्ट बुधवार तक आ जाएगी। उसके आधार पर ही दोषी छात्रों के खिलाफ आगे कोई कार्रवाई की जाएगी।