एसी बस में युवती से छेड़छाड़, आधी रात बीच सड़क पर उतारा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इलाहाबाद से लखनऊ आ रही एसी बस में सोमवार शाम इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना हुई। युवती को अकेला देख नशे में धुत शोहदे उससे छेड़छाड़ करते रहे। विरोध पर बस के कंडक्टर और चालक ने भी युवती को आधी रात मोहनलालगंज कस्बे में धक्का मारकर बस से उतार दिया और भाग निकले।
अकेली लड़की किसी तरह से एक होटल पर पहुंची। वहां से मोहनलालगंज पुलिस को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने उसे सुरक्षित घर पहुंचाया। मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
इंस्पेक्टर मोहनलालगंज के मुताबिक, युवती इलाहाबाद में सोमवार शाम को एसी बस में सवार हुई थी। बस जैसे ही चली बगल वाली सीट पर बैठे युवक ने उससे छेड़छाड़ शुरू कर दी। इसके बाद युवक के तीन और साथियों ने अश्लील टिप्पणी करनी शुरू कर दी। इससे युवती भड़क गई। उसने कंडक्टर से शिकायत की तो उसने नजरअंदाज कर दिया।
इसके बाद शोहदों ने हाथ पकड़कर अश्लील हरकतें करने की कोशिश की तो युवती ने हंगामा कर दिया। चीखने पर भी अन्य यात्रियों ने उसकी मदद नहीं की। शिकायत की धमकी पर चालक-परिचालक भड़क गए और युवती को कस्बा मोहनलालगंज क्षेत्र में रात 11 बजे बीच सड़क पर धक्का देकर उतारकर भाग निकले।
बस का पीछा किया, फिर घर भिजवाया
युवती कस्बा मोहनलालगंज में गुप्ता होटल पर पहुंची, जहां कर्मचारियों को आपबीती सुनाई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पहले तो पुलिस ने पीछा करके बस को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन जब वह मोहनलालगंज थाने की सीमा क्षेत्र से बाहर निकल गई तो युवती को महिला पुलिस कर्मियों के साथ अपनी गाड़ी से गोमतीनगर स्थित उसके घर भिजवाया।
पुलिस ने परिवहन विभाग के रीजनल मैनेजर (आरएम) अखिलेश कुमार सिंह से भी संपर्क किया है और इलाहाबाद से लखनऊ के बीच सोमवार शाम को आई सभी बसों का ब्यौरा मांगा है।
टिकट पर बस का नंबर नहीं
पुलिस कर्मियों को जब युवती ने अपना टिकट दिखाया तो वह भी हैरत में पड़ गए। इस पर बस का रजिस्ट्रेशन नंबर ही नहीं पड़ा था। इससे आशंका है कि जिस बस में युवती सवार हुई थी वह डग्गामार बस थी। जब युवती ने उच्च अधिकारियों से शिकायत की बात कही तो कंडक्टर व चालक डर गए और युवती को उतार दिया।