अफसरों के परिवारीजन भी सुरक्षित नहीं, पूर्व डीजीपी की बहन के साथ चेन स्नेचिंग
लखनऊ में आमजन के साथ-साथ अफसरों के परिवारीजन भी सुरक्षित नहीं हैं। विकासनगर इलाके में थाने से महज तीन सौ मीटर दूरी पर बाइक सवार दो बदमाशों ने मंगलवार दोपहर पूर्व डीजीपी सुलखान सिंह की बहन के गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन छीन ली।
वह कुछ दूर स्थित जनरल स्टोर से सामान लेने निकली थीं। उन्होंने बाइक की पिछली सीट पर बैठे लुटेरे को पकड़ने की कोशिश की लेकिन शर्ट में लगी पिन चुभने के कारण उसे छोड़ दिया।
एसओ सचिन कुमार गुप्ता ने बताया कि विकासनगर के सेक्टर-चार निवासी अनिल सिंह की पत्नी समाज सेविका शिखा सिंह दोपहर में घर से कुछ दूर स्थित जनरल स्टोर से सामान लेने जा रही थी। इस बीच पास से गुजरी बाइक की पिछली सीट पर बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर सोने की चेन लूट ली।
शिखा ने शोर मचाने के साथ चेन लूटने वाले बदमाश की शर्ट पकड़ कर उसे घसीटने की कोशिश की लेकिन कुछ चुभ जाने से पकड़ छूट गई और बाइक सवार दोनों बदमाश भाग निकले। शिखा ने पुलिस को फोन कर रिपोर्ट दर्ज कराई है। लुटेरों का पता लगाने के लिए इलाके के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
घटनास्थल पर खुद पहुंचे यूपी डीजीपी
वारदात का शिकार बनी शिखा सिंह ने लुटेरों की तलाश में पुलिस की सुस्त रफ्तार देखकर खुलासा किया कि वह पूर्व डीजीपी सुलखान सिंह की बहन हैं। पूर्व डीजीपी की बहन की चेन लूटने का पता चलते ही एसओ खुद मौके पर पहुंचे।
लुटेरों व उनकी बाइक के बारे में जानकारी करके पूरे इलाके में नाकाबंदी कराई और आसपास के थानों को भी अलर्ट किया। थाने से महज तीन सौ मीटर दूर वारदात का शिकार बनीं शिखा सिंह की नाराजगी देख पुलिस ने एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे से सफेद स्कूटी सवार दो युवकों को चिह्नित किया लेकिन शिखा ने बाइक सवार बदमाशों द्वारा वारदात अंजाम दिए जाने की बात कही। माना जा रहा है कि वारदात अंजाम देकर भागे लुटेरे कुछ दूरी के बाद मुड़कर फरार हुए हैं।