प्यार में आईं बंदिशें तो खाया जहर, किशोरी की मौत!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पीजीआई थाना क्षेत्र में एक नाबालिग प्रेमी युगल ने मंगलवार रात अपने घर से कुछ दूर एकांत में आखिरी मुलाकात की और जहर खा लिया। खंडहर के पास तड़प रहे युगल को किशोरी के पिता ने निजी अस्पताल पहुंचाया। किशोरी की बुधवार तड़के मौत हो गई, जबकि प्रेमी को डॉक्टरों ने एंबुलेंस पर लादकर घर भेज दिया।
एसओ पीजीआई रामशंकर यादव ने बताया कि मोहल्ला हैवतमऊ मवैया की एक किशोरी ने मंगलवार रात संदिग्ध हालात में जहर खा लिया। एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार दसवीं पास किशोरी का मोहल्ले में रहने वाले 11वीं के छात्र से दो साल से प्रेमप्रसंग था। दोनों शादी का ख्वाब देख रहे थे लेकिन बिरादरी आड़े आ रही थी।
परिवारीजनों के विरोध के चलते दोनों ने साथ मरने का इरादा बना डाला। दोनों लोग मंगलवार रात घर से निकले और डूडा कॉलोनी में खंडहरनुमा कोठरी में आखिरी मुलाकात के बाद जहर खा लिया।
रात को गायब हुई थी किशोरी
रात 11 बजे किशोरी को कमरे से गायब देखकर उसके पिता ने तलाश शुरू की। कुछ पता न चलने पर पड़ोस में रहने वाले किशोर के घर दस्तक दी। वह भी गायब था। गंभीर रूप से बीमार उसके पिता चारपाई पर पड़े थे।
इस पर किशोरी के पिता ने परिवारीजनों की मदद से दोनों की तलाश शुरू की। दोनों डूडा कॉलोनी में खंडहर के पास तड़प रहे थे। उन्हें उठाकर निजी अस्पताल ले गए। किशोरी ने तड़के चार बजे दम तोड़ दिया। पुलिस कार्रवाई होते देख डॉक्टरों ने किशोर को आनन-फानन एंबुलेंस पर लदवाया और घर भेज दिया।
पुलिस को नहीं दी सूचना
निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने जहरीला पदार्थ खाने वाले युगल का इलाज शुरू किया लेकिन पुलिस को सूचना नहीं दी। किशोरी की मौत पर उसके परिवारीजनों ने पुलिस को फोन किया। इस बीच डॉक्टरों ने किशोर को उसके घर भेज दिया और रिकार्ड में ब्योरा दर्ज नहीं किया था।