{"_id":"687509f2e83cb6218a0c440d","slug":"cm-yogi-s-instructions-keep-an-eye-on-those-who-create-disturbance-during-kanwar-yatra-need-special-monitori-2025-07-14","type":"story","status":"publish","title_hn":"सीएम योगी के निर्देश: कांवड़ यात्रा पर विघ्न डालने वालों पर रखें निगाह, महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष निगरानी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सीएम योगी के निर्देश: कांवड़ यात्रा पर विघ्न डालने वालों पर रखें निगाह, महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष निगरानी
Tue, 15 Jul 2025 06:06 AM IST
रोहित मिश्र
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
Published by: रोहित मिश्र
Updated Tue, 15 Jul 2025 06:06 AM IST
सार
Kanwar Yatra in UP: सावन के महीने में हो रही कांवड़ यात्रा में किसी प्रकार की समस्या न हो इसके लिए सीएम योगी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन
कांवड़ यात्रा को लेकर सीएम योगी के निर्देश।
- फोटो : अमर उजाला।
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को एक उच्चस्तरीय बैठक में श्रावण मास के दौरान कांवड़ यात्रा की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए कहा कि यात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित और श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न होनी चाहिए। इसके लिए शासन-प्रशासन पूरी सजगता, संवेदनशीलता और सक्रियता से कार्य करे। यात्रा में विघ्न डालने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए।
विज्ञापन
योगी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यात्रा मार्गों पर साफ-सफाई, चिकित्सा, पेयजल, भोजनालय, विश्रामालय और शौचालयों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं के जुटने के दृष्टिगत महिला पुलिस बल की प्रभावी तैनाती हो। संवेदनशील क्षेत्रों की ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से लगातार निगरानी की जाए। खुफिया तंत्र पूरी सक्रियता से कार्य करे, ताकि घुसपैठ या अराजकता की किसी भी कोशिश को समय रहते रोका जा सके। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान श्रद्धा, मर्यादा और अनुशासन का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि वह पवित्र नदियों से जल लेकर भोलेनाथ का जलाभिषेक करें। प्रशासन से पूर्ण सहयोग बनाए रखें।
विज्ञापन
शिव भजन का करें प्रसारण
उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से जरूरी सूचनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाए और शिव भजनों का प्रसारण सुनिश्चित हो, जिससे श्रद्धालु भावनात्मक और आध्यात्मिक रूप से जुड़ाव महसूस करें। श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए प्रमुख अवसरों पर हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा की व्यवस्था की जाए। सभी प्रमुख स्थलों पर चिकित्सा शिविर, प्राथमिक उपचार केंद्र और एंबुलेंस सेवाएं पूरी तरह सक्रिय रहें, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। वहीं खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा स्थानीय प्रशासन को निर्देशित किया कि खानपान की सामग्री की गुणवत्ता और शुद्धता की नियमित जांच सुनिश्चित करें।
विज्ञापन
किसानों को खाद की न हो कमी कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं : योगी
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि खाद की तस्करी और कालाबाजारी किसी भी कीमत पर नहीं होनी चाहिए। सोमवार को उच्चस्तरीय बैठक में उन्होंने निर्देश दिया कि किसानों को खाद की कमी न होने पाए। इसके लिए खाद वितरण की समीक्षा हो और जिलाधिकारी स्तर से इसकी निगरानी हो।
सीएम ने कहा कि खाद की कमी पर तुरंत वैकल्पिक आपूर्ति की व्यवस्था की जाए। उन्होंने थोक एवं खुदरा विक्रेताओं के स्टॉक की नियमित जांच के निर्देश के साथ गड़बड़ी मिलने पर लाइसेंस निरस्त करने और केस दर्ज कराने को कहा। कृषि अनुसंधान परिषद के कार्यों की समीक्षा के दौरान कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सभी कृषि विश्वविद्यालयों तथा कृषि विज्ञान केंद्रों के साथ समन्वय बनाकर शिक्षा, प्रशिक्षण व अनुसंधान के कार्य करने का निर्देश दिया। रिक्त पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया।