Lucknow News : सीएम ने किया यूपीजीआईएस के आयोजन स्थल का निरीक्षण, G-20 की वैन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
रविवार शाम को मुख्यमंत्री वृंदावन योजना के अंतर्गत बन रहे मुख्य आयोजन स्थल पहुंचे। यहां उन्होंने पहले अधिकारियों से मौखिक रूप से तैयारियों के विषय में जानकारी ली। सीएम सबसे पहले मुख्य आयोजन स्थल के समीप बने जलाशय के पास पहुंचे। यहां उन्होंने वृक्षारोपण भी किया।
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ के वृंदावन योजना स्थित यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के मुख्य आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। जैव ऊर्जा से संचालित होने वाली गोल्फ कार्ट पर बैठकर सीएम ने पूरे आयोजन स्थल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने एक-एक ब्लॉक में जाकर चल रही तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों समेत निर्माण कार्य में जुटीं इकाइयों को उचित दिशा निर्देश दिए। उन्होंने खासतौर पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री समेत अन्य वीआईपी मेहमानों और निवेशकों के आवागमन, बैठने और अन्य सुविधाओं के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। उल्लेखनीय है कि 10 से 12 फरवरी के मध्य इसी स्थान पर ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया जाएगा, जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम मोदी समेत तमाम वीआईपी और दुनिया भर के छोटे-बड़े निवेशक जुटेंगे।
गोल्फ कार्ट पर बैठकर लिया आयोजन स्थल का जायजा
रविवार शाम को मुख्यमंत्री वृंदावन योजना के अंतर्गत बन रहे मुख्य आयोजन स्थल पहुंचे। यहां उन्होंने पहले अधिकारियों से मौखिक रूप से तैयारियों के विषय में जानकारी ली। इसके बाद वो औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी और तमाम बड़े अधिकारियों के साथ गोल्फ कार्ट पर सवार होकर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेने पहुंचे। सीएम सबसे पहले मुख्य आयोजन स्थल के समीप बने जलाशय के पास पहुंचे। यहां उन्होंने वृक्षारोपण भी किया। इसके बाद सीएम का काफिला स्पेशल लाउंज पहुंचा, जहां उन्हें इन्वेस्ट यूपी के सीईओ अभिषेक प्रकाश ने तैयारियों की जानकारी दी। यहां से निकलकर सीएम ने विभिन्न ब्लॉकों और हैंगर्स का निरीक्षण किया। यहां उन्हें वरिष्ठ अधिकारियों ने मैप के माध्यम से पूरे ब्लॉक की व्यवस्था के बारे में जानकारी दी। सीएम ने करीब आधे घंटे तक आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। जाते-जाते सीएम ने मीटिंग हॉल में अधिकारियों को तैयारियों के संबंध में कुछ महत्वपूर्ण दिशानिर्देश भी दिए। उनके साथ मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय संजय प्रसाद, प्रमुख सचिव औद्योगिक विकास विभाग अरविंद कुमार, डीजीपी देवेंद्र सिंह चौहान और मंडलायुक्त रोशन जैकब समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सात ब्लॉक में बांटा गया है पूरा आयोजन स्थल
मालूम हो कि पूरे कार्यक्रम स्थल को सात ब्लॉक में बांटा गया है। पहले ब्लॉक में पीएम मोदी कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे, जहां दस हजार से अधिक लोग उपस्थित होंगे। इस ब्लॉक के बगल में ही वीआईपी लाउंज, पार्टनर कंट्रीज, इंड्रस्टी पार्टनर और नॉलेज पार्टनर्स के लाउंज के साथ ही फूडकोर्ट बनाया गया है। इसी से सटाकर दूसरा ब्लॉक बनाया जा रहा है, जिसमें चार हैंगर बनाए गए हैं। इन हैंगर में एक साथ सुबह से लेकर रात तक प्रदेश के विभिन्न विभागों के अलग-अलग सेशन चलेंगे, जिसमें विदेश, देश और प्रदेश के निवेशक शामिल होंगे। हर हैंगर में ढाई सौ लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। तीसरे ब्लॉक में मीडिया सेंटर बनाया जा रहा है, जहां से कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया जाएगा। इसके साथ ब्लॉक में यूपी इन्वेस्ट का ऑफिस बनाया गया है। वहीं चप्पे-चप्पे की निगरानी के लिए पुलिस कंट्रोल रूम बनाया गया है। चौथा ब्लॉक प्री फंक्शन के लिए तैयार किया गया है, जहां विभिन्न प्रकार की कल्चरल एक्टिविटी होंगी। वहीं पांचवां ब्लॉक ड्रोन शो के लिए तैयार किया जा रहा है। छठवां ब्लॉक बी2बी मीटिंग्स के लिए तैयार किया जा रहा है, जहां निवेश प्रस्तावों और एमओयू को फाइनल किया जाएगा। इसके साथ यहां पर फायर, सेफ्टी और मेडिकल जोन तैयार किया जा रहा है ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। तीनों जोन तैयार होने के बाद इसका रियलिटी चेक भी किया जाएगा। वहीं सातवां और अंतिम ब्लॉक एग्जिबिशन के लिए तैयार किया जा रहा है, जिसमें कुल 11 हाल होंगे। प्रत्येक हॉल में विभिन्न सेक्टर पर अलग अलग सेशन पर चर्चा होगी।
जी-20 वैन में दिखेगा 'सफर डिजिटल इंडिया का', सीएम योगी ने फ्लैग ऑफ करके किया रवाना
वसुधैव कुटुम्बकम के ध्येय वाक्य के साथ भारत में आयोजित हो रहे जी-20 सम्मेलन को लेकर उत्तर प्रदेश में तैयारियां जोरों पर हैं। प्रदेश में जी-20 से जुड़े कुल 11 समिट होंगे, जिनकी शुरुआत आगामी 10 फरवरी से आगरा से होने जा रही है। जी-20 सम्मेलन के जरिए प्रदेश के विकास सहित डिजिटल यूपी की तस्वीर भी विदेशी मेहमानों के सामने पेश की जाएगी। वहीं इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अपने आवास पांच कालीदास मार्ग से जी-20 वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 'सफर डिजिटल इंडिया का' को प्रदर्शित करने वाली इस वैन में भारत में डिजिटल क्रांति की पूरी गाथा वीएफएक्स के माध्यम से देखने को मिलेगी। वैन के जरिए स्कूलों-कॉलेज और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को डिजिटल इंडिया की जानकारी दी जाएगी। इस अवसर पर मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र, मंडलायुक्त रौशन जैकब, डीएम सूर्यपाल गंगवार भी मौजूद रहे।
कारोबार परिवार के हवाले, बेटा ताज समूह के साथ मिलकर बनाएगा होटल : नंदी
औद्योगिक विकास मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में निवेशकों और उद्यमियों को बैंक ऋण देने के लिए तैयार नहीं होते थे। अधिकारी निवेशक को सहयोग नहीं करते थे। इसी के चलते आजादी के 70 साल तक यूपी का औद्योगिक विकास नहीं हुआ। युवाओं को रोजगार के लिए पलायन करना पड़ा। नंदी का दावा है कि प्रदेश में बीते 6 वर्ष के कार्यकाल में कानून व्यवस्था में हुए सुधार और ढांचागत विकास के बूते आज देश और दुनिया के हर निवेशक की पहली पसंद यूपी बना है। इतना ही नहीं जो बैंक पहले ऋण देने से कतरा थे, अब ऋण देने के लिए निवेशकों के पीछे भाग रहे हैं। अधिकारी भी निवेशकों की समस्या का समाधान कर रहे है। जीएसआई से प्रदेश दस खरब डालर की अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ेगा, इससे यूपी के गांवों तक निवेश पहुंचेगा।
नंदी रविवार को अपने कालिदास मार्ग स्थित सरकारी आवास पर ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 के सिलसिले में पत्रकारों से मुखातिब थे। नंदी ने कहा कि निवेशकों को जमीन उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने निजी औद्योगिक पार्क की नीति लागू की है। लखनऊ में स्कूटर इंडिया की बंद पड़ी फैक्ट्री, प्रतापगढ़ में एटीएल ट्रैक्टर फैक्टी सहित एनसीआर में बंद पड़ी फैक्ट्रियों में प्लाटिंग कर निवेशकों को भूखंड आवंटित किए जाएंगे। ग्राम समाज की जमीन पर भी निवेशकों को उद्योग स्थापित करने की मंजूरी दी गई है। उन्होंने कहा, सपा-बसपा शासन में औद्योगिक क्षेत्रों में लोगों ने भूखंड आवंटित करा लिए लेकिन अभी तक यूनिट स्थापित नहीं की है। नियमानुसार कुछ समय अवधि में यूनिट स्थापित करनी होती है। ऐसे खाली भूखंडों का आवंटन रद्द वास्तविक निवेशकों को वह भूखंड दिए जाएंगे।
अदाणी के कारण नहीं पड़ेगा प्रभाव
नंदगोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि अदाणी ग्रुप पर लगे आरोप के चलते यूपी में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा, अदाणी ग्रुप की कंपनियां जो काम कर रही हैं या जिस क्षेत्र में निवेश करेंगी, वह सरकार के साथ हुए एमओयू के तहत करेंगी। सरकार भी एमओयू के तहत उन्हें रियायत और सुविधाएं देगी।
50 प्रतिशत एक्सप्रेसवे नेटवर्क यूपी के पास होगा
नंदगोपाल गुप्ता नंदी का दावा है कि आगामी एक साल बाद देश का 50 प्रतिशत एक्सप्रेसवे नेटवर्क यूपी के पास होगा। दो वर्ष बाद 21 एयरपोर्ट के साथ यूपी सबसे अधिक एयरपोर्ट वाला प्रदेश होगा। ऐसे में दुनिया का निवेशक यूपी आएगा ही।
बुंदेलखंड और पूर्वांचल में निवेश बढ़ेगा
नंदी ने कहा कि यूपी में सालों तक राज करने वाली कांग्रेस, सपा और बसपा की सरकारों ने न तो यूपी की क्षमताओं को पहचाना न ही यूपी के औद्योगिक विकास की पहल की। सपा शासन में गुंडाराज, माफियावाद और बसपा राज में पैसा और भ्रष्टाचार हावी था। योगी सरकार के प्रयास का परिणाम है कि अब बुंदेलखंड, पूर्वांचल और मध्यांचल में भी निवेश हो रहा है।
कारोबार परिवार के हवाले, बेटा ताज समूह के साथ मिलकर बनाएगा होटल
नंदगोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि राजनीतिक जीवन में आचार संहिता के साथ आचरण संहिता का पालन भी करना पड़ता है। मंत्री बनने के बाद आचरण संहिता का पालन करते हुए उन्होंने अपने सभी व्यापार और उद्योग परिवार के सदस्यों को सौंप दिए हैं। ताज ग्रुप ने प्रयागराज में ताज होटल खोलने का प्रस्ताव रखा है। बेटे की कंपनी ताज ग्रुप के साथ मिलकर प्रयागराज में पांच सितारा होटल खोल सकती है।
ट्विटर पर नहीं, हमसे मांगे सूची
नंदगोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि इन्वेस्टर्स समिट 2018 में हुए 4.68 लाख करोड़ के एमओयू में से 4 लाख करोड़ के एमओयू धरातल पर उतरे हैं। इन्हें 1800 करोड़ की सब्सिडी भी दी गई है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ट्वीटर पर बात न करें। वह हमसे सूची मांगें, फिर धरातल पर ले जाकर बताएंगे कितने उद्योग लगे हैं।