फेसबुक पर सेंसर्ड पोस्ट, बसपा नेता को पड़ गई भारी!
चिल्लूपार के बसपा विधायक व पूर्व मंत्री राजेश त्रिपाठी पर बड़हलगंज पुलिस ने सोमवार को आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया। एक महीने पहले विधायक ने फेसबुक पर ‘मै मुक्तिपथ हूं’ शीर्षक से लिखी चिट्ठी पोस्ट की थी।
भाजपा नेता व अधिवक्ता प्रेमशंकर मिश्र ने इसे भ्रामक और अपमानित करने वाला बताते हुए कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर विधायक पर कार्रवाई की मांग की थी।
बड़हलगंज प्रतिनिधि के अनुसार बसपा विधायक राजेश त्रिपाठी ने मुक्ति पथ ट्रस्ट की स्थापना की थी। जिसके सदस्य भाजपा नेता प्रेम शंकर मिश्रा के साथ कई अन्य लोग थे। विधायक ने ‘मै मुक्ति पथ हूं’ शीर्षक से लिखी चिट्ठी में मुक्ति पथ के निर्माण में आने वाली समस्याओं का जिक्र किया है।
भ्रामक खबर फैलाने के लिए हुआ केस
चिट्ठी में उन्होंने लिखा है कि जब वह चंदा मांगने निकलते थे तो कई लोग उन पर हंसते थे, जिसमें उनके साथी भी शामिल थे। भाजपा नेता प्रेम शंकर मिश्रा को इसी बात पर आपत्ति थी। उन्होंने विधायक पर भ्रामक खबर फैलाने के साथ ही साथियों सहित खुद को अपमानित करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करने के लिए कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया था।
अधिवक्ता की दलील पर कोर्ट ने विधायक पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने का आदेश एसओ बड़हलगंज को दिया था। सोमवार को बड़हलगंज पुलिस ने बसपा विधायक के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर विवेचना के लिए क्राइम ब्रांच की साइबर सेल को स्थानांतरित कर दिया। एसएसपी प्रदीप कुमार ने बताया कि साइबर सेल से मामले की जांच करा कर एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट देने को कहा गया है।