लखनऊ। यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा में अंतिम दिन बुधवार को दोनों ही पालियों में 12,789 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि पेपर अच्छा रहा, लेकिन रीजनिंग व गणित के सवाल कठिन थे। इसके चलते परेशानी हुई। रायबरेली से नेशनल पीजी कॉलेज में परीक्षा देने आए मुकेश बहादुर ने बताया कि गणित के सवाल कठिन थे, रीजनिंग में कुछ सवालों ने उलझाया।
वहीं, कानपुर की सीमा परिहार, हरदोई के गोपाल वर्मा ने बताया कि करंट अफेयर्स के सवाल कठिन थे, याद होते हुए भी कुछ सवालों के उत्तर मौके पर भूल गए। वहीं अंजू वर्मा ने कहा कि कुछ प्रश्न सिलेबस से बाहर के थे। उन्होंने बताया कि रीजनिंग के कुछ प्रश्न थोड़े कठिन और परेशान करने वाले थे। बता दें कि राजधानी के 55 केंद्रों पर दोनों पालियों 45,312 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी। इसमें 12,798 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। बुधवार परीक्षा का अंतिम दिन था।