लखनऊ : सपा के जिला पंचायत सदस्य का अहाता जमींदोज, चला बुलडोजर
सपा नेता के खिलाफ लखनऊ के थानों में 10 से अधिक केस दर्ज हैं। अरुण यादव के अहाते में दबिश देकर भारी मात्रा में डीजल, पेट्रोल, डिनेचर्ड स्प्रिंट व एथनॉल बरामद किया था। इस दौरान अरुण के इशारे पर उसके गुर्गों ने एसटीएफ टीम पर जानलेवा हमला किया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मोहनलालगंज के मानखेड़ा में शुक्रवार रात एसटीएफ ने मानखेड़ा गांव में सपा नेता व जिला पंचायत सदस्य अरुण यादव के अहाते में दबिश देकर भारी मात्रा में डीजल, पेट्रोल, डिनेचर्ड स्प्रिंट व एथनॉल बरामद किया था। इस दौरान अरुण के इशारे पर उसके गुर्गों ने एसटीएफ टीम पर जानलेवा हमला किया था जिसमें उसके व उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। पकड़े गए आरोपियों में अरुण यादव का भाई सौरभ यादव व टैंकर चालक मो. मोहसिन शामिल थे। वहीं सोमवार देर शाम मुख्य आरोपी अरुण यादव व उन्नाव के लोहरामऊ निवासी धीरज सिंह को पकड़ा था। धीरज सिंह वर्तमान में मानकनगर के डिप्टीखेड़ा में रहता है। आरोपियों के पास से एसटीएफ ने वारदात में प्रयुक्त सफारी, तीन मोबाइल समेत अन्य सामान बरामद किया था।
सरकारी पशु चरागाह को बनाया था अड्डा
प्रशासन ने जब अरुण यादव की संपत्तियों की जांच शुरू की तो सामने आया कि जिस जमीन पर काला कारोबार करने के लिए अहाता और भवन का निर्माण कराया गया था, वह सरकारी पशु चरागाह की जमीन है। इस पर निर्माण पूरी तरह से अवैध है। पुलिस व प्रशासन की टीमों ने मंगलवार को पहले जमीन की पैमाइश की। इसके बाद चरागाह की जमीन पाए जाने पर बुलडोजर से पूरे निर्माण को जमींदोज कर दिया।
गांव में अन्य अवैध कब्जों की जांच करेगी कमेटी
एसडीएम शुभी सिंह के मुताबिक, गांव में 24 बीघा भूमि पशुचर के नाम सुरक्षित है जिसमें से सवा बीघा जमीन पर सपा नेता ने कब्जा कर निर्माण करा रखा था। इस अवैध कब्जे को हटाया गया है। गांव में अन्य सरकारी जमीनों पर भी सपा नेता द्वारा कब्जे की शिकायत मिल रही है। इसके लिए एक टीम गठित कर जांच कराई जाएगी। कब्जा पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। सपा नेता ने जिस जमीन पर कब्जा कर रखा था उसकी कीमत 1.40 करोड़ रुपये है। एसडीएम के मुताबिक, सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने पर सपा नेता के विरुद्ध केस भी दर्ज कराया जाएगा। पूरी कार्रवाई के दौरान एसडीएम शुभी सिंह, तहसीलदार राजेश विश्वकर्मा, राजस्व टीम व इंस्पेक्टर मोहनलालगंज अखिलेश मिश्र, नगराम इंस्पेक्टर शमीम खान समेत भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
अहाते में जिम से लेकर पार्क तक बना रखा था
अरुण यादव ने इस अहाते में सारी सुविधाएं उपलब्ध करा रखी थी जिसमें एसी वाले कमरे, जिम, पार्क, अत्याधुनिक रसोई, गौशाला भी बनाई थी। लेकिन पुलिस टीम पर हमला करने की गलती ने महज चार दिन के अंदर पूरे रसूख को जमींदोज कर दिया। सपा नेता के खिलाफ लखनऊ के थानों में 10 से अधिक केस दर्ज हैं।