{"_id":"9f9d344aacae93fd4882ab1b9d8eb6d1","slug":"bsp-to-demand-for-partition-of-uttar-pradesh","type":"story","status":"publish","title_hn":"यूपी के बंटवारे की मांग तेज करेगी बसपा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
यूपी के बंटवारे की मांग तेज करेगी बसपा
महेंद्र तिवारी/लखनऊ
Updated Sat, 07 Dec 2013 11:36 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बहुजन समाज पार्टी यूपी को चार हिस्सों में बांटने के अलावा पश्चिमी यूपी में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना जैसे मुददों को जनता के बीच ले जाएगी।
विज्ञापन
इसके लिए पार्टी ने विधानसभा व जिला स्तर पर कार्यक्रमों की योजना बनाई है।
इसके अलावा पार्टी ने 15 जनवरी को जिला स्तर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती का जन्म दिन मनाने का फैसला किया है।
इस बार जल्दी बुलाई बैठक
पार्टी ने जोनल को-ऑर्डिनेटरों की हर महीने 10 तारीख को होने वाली बैठक इस बार शुक्रवार को ही बुला ली। बताया गया था कि प्रदेश कार्यालय पर बसपा सुप्रीमो यह बैठक लेंगी और इसमें लोकसभा क्षेत्रवार तैयारियों की समीक्षा होगी, मगर संसद सत्र के कारण मायावती नहीं आ सकीं।
विज्ञापन
हालांकि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रामअचल राजभर, राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी व स्वामी प्रसाद मौर्य आदि ने जोनल को-ऑर्डिनेटरों के साथ बैठक की।
इसमें बसपा सुप्रीमो द्वारा पिछली बैठक में ज्यादा से ज्यादा वोटर बढ़वाने के निर्देश पर हुई प्रगति की जानकारी ली गई। बैठक में बसपा अध्यक्ष मायावती की ओर से पांच दिसंबर को दिल्ली में जारी बयान की प्रति को-ऑर्डिनेटरों को उपलब्ध कराई गई।
विज्ञापन
इसमें मायावती ने पश्चिमी यूपी में हाईकोर्ट के बेंच की स्थापना, यूपी की 17 ओबीसी जातियों को एससी का कोटा बढ़ाकर उसमें शामिल करने, यूपी को चार हिस्सों में बांटने व प्रमोशन में आरक्षण बिल को चालू सत्र में ही लोकसभा से पारित कराने जैसी मांगों की वकालत की है।
समीक्षा बैठक अब 20 को
बैठक में बताया गया कि जोनल को-ऑर्डिनेटरों की अहम बैठक अब 20 दिसंबर को होगी। अनुमान है कि इसमें बसपा अध्यक्ष भी उपस्थित रहेंगी। इसी बैठक में लोकसभा क्षेत्रवार तैयारियों की समीक्षा होगी। इसके अलावा पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती का जन्म दिन 15 जनवरी को जिला स्तर पर मनाया जाएगा।
इस मौके पर जिला मुख्यालयों पर जिले भर के पदाधिकारी व कार्यकर्ता जुटेंगे। जन्मदिन पर केक कटेगा और गरीबों में कंबल वितरण जैसे कार्यक्रम होंगे। बैठक में जोनल को-ऑर्डिनेटर जुगुल किशोर, सुनील चित्तौड़, मुनकाद अली, इंद्रजीत सरोज आदि उपस्थित रहे।
पुण्य तिथि पर प्रदेश भर से जुटे कार्यकर्ता
डॉ. भीमराव अंबेडकर की पुण्य तिथि पर गोमतीनगर स्थित डॉ. अंबेडकर स्मारक पर बड़ी संख्या में बसपा कार्यकर्ता जुटे। यहां पार्टी के जोनल को-ऑर्डिनेटरों, पार्टी के सांसदों, विधायकों, लोकसभा प्रभारियों व पार्टी के पदाधिकारियों का सुबह आठ बजे से ही जमावड़ा रहा।
जिलों से बसों व निजी वाहनों से बड़ी तादाद में पार्टी के कार्यकर्ता पहुंचे। इस अवसर पर बसपा कार्यकर्ताओं ने लोकसभा चुनाव में प्रदेश से ज्यादा से ज्यादा सीटें दिलाकर बसपा सुप्रीमो मायावती को प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लिया।
गाजीपुर के जहूराबाद से आई कार्यकर्ताओं की मंडली में एक मुस्लिम कार्यकर्ता की प्रस्तुति ‘मौला बहन जी को पीएम बनाना...’ ने खूब तालियां बटोरीं।
इसी टीम के एक सदस्य ने मौजूदा सरकार पर चोट करते हुए जब ‘ऐसन दुराचारी शासन नाही चाहीं.. शासन वैसे चाहीं, जैसे रहल बहनजी के शासन...’ पेश किया तो खूब तालियां गूंजीं। कार्यकर्ताओं ने दलित महापुरुषों से जुड़े स्मारकों और पार्कों का भ्रमण भी किया।