बीएसएनएल ने शुरू की एनजीएन लिंकअप से वैल्यू एडेड बेसिक फोन सेवा
- बेसिक फोन उपभोक्ता बना सकेंगे क्लोज यूजर ग्रुप (सीयूजी)
- कर सकेंगे ऑडियो-वीडियो ग्रुप कॉन्फ्रेंसिंग
- वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग पर लगेगा 200 रुपया प्रति मिनट
विस्तार
भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने नेक्स्ट जेनरेशन नेटवर्क (एनजीएन) के जरिये बेसिक फोन पर वैल्यू एडेड सेवाएं शुरू कर दी हैं। अब बेसिक फोन उपभोक्ता क्लोज यूजर ग्रुप (सीयूजी) बना सकेंगे और ऑडियो-वीडियो ग्रुप कॉन्फ्रेंसिंग कर सकेंगे।
इतना ही नहीं उपभोक्ताओं को प्रीपेड फिक्सड सेवा और फिक्स फोन पर कॉल डायवर्ट करने कर भी सुविधा मिलेगी। विदेश यात्रा के दौरान भी उपभोक्ता इसका सस्ती दर पर फायदा उठा सकेंगे।
पूर्वी सर्किल के एजीएम सेल्स एंड मार्केटिंग एके मिश्रा ने बुधवार को बताया पहले चरण में 12 हजार बेसिक फोन लाइनों को आईएमएस (आईपी मल्टीमीडिया स्विच) तकनीक से जोड़ा गया है।
बेसिक फोन पर मल्टीमीडिया युक्त वैल्यू एडेड सर्विस की टेस्टिंग दुरुस्त पाए जाने के बाद ही बीएसएनएल प्रशासन ने मंगलवार से एनजीएन सेवा शुरू की। एजीएम मिश्रा ने बताया कि नई तकनीक के प्रयोग में आने के बाद कोर उपकरणों से युक्त बेसिक फोन उपभोक्ताओं को अब इंटरनेट प्रोटोकॉल पर आधारित सेवाओं के साथ ही वैल्यू एडेड सेवा का लाभ भी मिलेगा।
फिलहाल यह सेवा कैसरबाग एक्सचेंज से जुड़ी 6 हजार, राजाजीपुरम की 3 हजार, जॉपलिंग रोड की 2 हजार और बालागंज एक्सचेंज के एक हजार बेसिक फोन कनेक्शन लाइनों मिलेगी। दूसरे चरण में अन्य एक्सचेंजों से भी यह सेवा शुरू होगी। इसके लिए आठ कोर स्विच स्थापित किए जाएंगे।
25 से 75 नंबरों का बन सकेगा सीयूजी
एनजीएन तकनीक युक्त फिक्स फोन पर देश के अलग-अलग शहरों में रहने वाले रिश्तेदारों, दोस्तों व परिचितों के 25 से 75 नंबरों का क्लोज यूजर्स ग्रुप बनाया जा सकेगा।
इस सीयूजी में बीएसएनएल या अन्य ऑपरेटरों के मोबाइल अथवा बेसिक फोन नंबरों को जोड़ा जा सकेगा। इसके लिए इन सर्किल कम से कम 150 रुपये तो आउट सर्किल 200 रुपया देना होगा।
बीएसएनएल उपभोक्ता 29 कस्टमरों का मल्टीमीडिया ग्रुप बनाकर ऑडियो-वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग का फायदा ले सकेंगे। यह सुविधा विशेषतौर पर नौकरीपेशा व कॉरपोरेट सेक्टर से जुड़े कारोबारियों के लिए फायदेमंद साबित होगी। इस सुविधा के लिए ऑडियो कॉन्फ्रेंसिंग पर 25 रुपया प्रति मिनट और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग पर 200 रुपया प्रति मिनट लगेगा।
एनजीएन तकनीक से युक्त बेसिक फोन कनेक्शन पर उपभोक्ता अब प्रीपेड मोबाइल की तरह ही पैसा दो डायल करो की सुविधा भी पा सकेंगे। इससे हर माह फिक्स रेंटल के भुगतान नहीं जरूरत नहीं होगी।
आउटगोइंग काल के लिए पैसा जमा कराने पर ही डायल की सुविधा मिलेगी। साथ ही उपभोक्ता अपने बेसिक फोन नंबर को अधिकतम नौ लोगों के साथ शेयर कर कॉल डायवर्जन की सुविधा पा सकेगा।
फिक्स मोबाइल टेलीफोनी (एफएमटी) सेवा को पाने पर बेसिक फोन नंबर को किसी भी दूसरे मोबाइल फोन पर डायवर्ट कर देश विदेश में रहकर भी घर के फोन पर आने वाली काल को रिसीव और डॉयलिंग की सुविधा मिलेगी।