मोदी को कातिल बता खुद दंगों पर घिरे आजम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा ने कहा है कि आजम खां जैसे दंगे के आरोपी मंत्री प्रदेश में सांप्रदायिक राजनीति को जिंदा रखना चाहते हैं। मोदी को हिटलर बताना उनकी बौखलाहट दिखाता है।
हिटलर की तर्ज पर काम कर रहे लोग मोदी पर बेकार की बयानबाजी न करें। पार्टी प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने कहा, हतोत्साहित आजम खां मोदी को कातिल बताते हैं पर प्रदेश में हुए दंगों और मुजफ्फरनगर में कत्लेआम के लिए आरोपी अखिलेश सरकार का प्रतिनिधित्व करते हैं।
खुद प्रभारी मंत्री रहते हुए आजम खां पर मुजफ्फरनगर में दंगाइयों को संरक्षण देने का आरोप है। उन्होंने कहा, सपाई बौखलाहट में क्यों हैं?
नफरत का जहर समाज में कौन घोल रहा है? मोदी ने तो विकास के एजेंडे पर चुनाव लड़ा और उन्हें भरपूर जन-समर्थन मिला।
स्वच्छ भारत अभियान पर भी कसा था तंज
गौरतलब है कि आजम खां ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी को हिटलर की संज्ञा दे महिला-बच्चों समेत निर्दोषों का कातिल बताया था। वह रविवार को गढ़ के गांव नानपुर में डॉ.यूनुस खां की नर्सरी का शुभारंभ करने पहुंचे थे।
वहां मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा था कि भाजपा ने समाज में नफरत का जहर घोलकर केन्द्र की सत्ता तो हथिया ली है परंतु सरकार के पूरी तरह फेल होने से जनता की उम्मीदें ध्वस्त हो गई हैं। सभी वर्ग अपने आपको ठगा सा महसूस कर रहे हैं। युवा वर्ग को कोई रोजगार नहीं मिल पा रहा है, विकास की रफ्तार थम चुकी है और महंगाई की मार घटने की बजाए कहीं अधिक हो गई है।
उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान पर व्यंग कसते हुए कहा कि लंबी-चौड़ी झाड़ू हाथ में लेकर फोटो खिंचवाने से गंदगी दूर होनी संभव नहीं है, क्योंकि इसके लिए हर किसी को राष्ट्रपिता बापू के आदर्शों पर चलकर सफाई का संकल्प लेकर उस पर अमल भी करना होगा।
आजम खां ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी हिटलर की तर्ज पर काम कर रहे हैं, जो गुजरात में महिला-बच्चों समेत सैकड़ों निर्दोषों की हत्या तक करा चुके हैं। एमएलसी सरोजनी अग्रवाल, सपा जिला महासचिव साजिद चौधरी हाजी कामिल खां, प्रधान पति मनोज फौजी, डॉ.महर आलम खान, श्रीचंद समेत काफी लोग मौजूद रहे।