मेरठ की धरती से 2019 का बिगुल फूंकेगी भाजपा, ध्रुवीकरण के एजेंडे को भी देगी धार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अंग्रेजों के खिलाफ सन 1857 में क्रांति का बिगुल फूंकने वाले मेरठ की क्रांति धरा से भगवा टोली शनिवार से मिशन-2019 का आगाज करेगी। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश पदाधिकारियों, कार्यसमिति सदस्यों, जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों को मेरठ बुलाया गया है। प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के दौरान मेरठ में शहीद हुए मातादीन वाल्मीकि के नाम पर बैठक स्थल का नामकरण कर बड़ा सियासी संदेश देने की कोशिश की गई है।
यहीं पर मिशन-2019 जैसी बड़ी चुनौती से पार पाने का खाका खींचा जाएगा। साथ ही दलितों और पिछड़ों को जोड़ने की रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा। इन मनन-मंथन से निकले निष्कर्षों पर आगे का रोडमैप और व्यूह रचना तय होगी।
सरोकारों के एजेंडे को भी धार देने की तैयारी
सुभारती विश्वविद्यालय में बनाए गए परिसर का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मातादीन वाल्मीकि के नाम पर रखकर और मेरठ की धरती का चयन कर भगवा टोली ने सरोकारों के एजेंडे को धार देने की तैयारी की है। परिसर के नामकरण के पीछे दलितों और पिछड़ों के प्रति सम्मान और उनके प्रति समर्पण का संदेश देकर उन्हें लामबंद करने की रणनीति है।
मुजफ्फरनगर तो कभी कैराना और अब तीन तलाक व हलाला के मुद्दों को लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सियासी रंगत अलग तरह की है। हिंदुत्व के एजेंडे को धार देने के लिहाज से भी मेरठ माकूल जगह लग रही है। बैठक में किसी न किसी रूप में कुंभ से लेकर धार्मिक स्थलों, तीर्थ स्थलों, मुस्लिम महिलाओं के अधिकारों से लेकर अयोध्या पर चर्चा संभव है।
गृहमंत्री और मुख्यमंत्री भी होंगे शामिल
सत्तारूढ़ दल होने के नाते केंद्र और राज्य सरकार की तरफ से कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए इन्हें चुनावी नजरिये से जनता के बीच पहुंचाने के कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जा सकता है। बैठक के एजेंडे में गठबंधन की गणित से बन रही नई परिस्थितियों से निपटने के उपाय पर चर्चा होना लाजिमी है।
बैठक के उद्घाटन सत्र को केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पार्टी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय संबोधित करेंगे। रविवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह प्रदेश कार्यसमिति के समापन सत्र में प्रतिनिधियों को चुनावी मंत्र देंगे। साथ ही सांसदों और विधायकों से बातचीत कर एजेंडे का काम सौंपेंगे। दोनों दिन बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष डॉ. पांडेय करेंगे।
मंत्रिमंडल के भी कई सदस्य रहेंगे
प्रदेश अध्यक्ष की अध्यक्षता में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की यह दूसरी बैठक होगी। लोगों से संवाद और संपर्क के लिए चलाए गए अभियानों की समीक्षा के साथ आगे के लिए कार्यक्रम तय होंगे। रैलियों और सभाओं का प्रस्तावित खाका खींचने के साथ ही उप चुनाव की पराजय के कारणों सहित भावी चुनावी समीकरणों पर मंथन की संभावना है। बैठक के लिए प्रदेश पदाधिकारियों, कार्यसमिति सदस्यों और नेताओं ने मेरठ पहुंचना शुरू कर दिया है।
बैठक से पहले शनिवार सुबह मेरठ में ही प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होगी। मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित ने बताया कि बैठक में कई मंत्री, संगठन प्रभारी, जिला प्रभारियों के अलावा क्षेत्रीय संगठन मंत्री, नगर निगमों के महापौर समेत करीब 683 प्रतिनिधि शामिल होंगे।
सांसदों व विधायकों को मिलाकर संख्या लगभग एक हजार पहुंचेगी। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री अशोक कटारिया, पंकज सिंह, सलिल विश्नोई, विद्यासागर सोनकर, गोविंद नारायण शुक्ल मेरठ पहुंच चुके हैं। पश्चिमी क्षेत्र के प्रभारी विजय बहादुर पाठक और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल मेरठ में तैयारियों पर नजर रखे हुए हैं।