{"_id":"ab943c20d322544b8f3cae9f16f7160c","slug":"bjp-leader-leaves-aap-in-three-days","type":"story","status":"publish","title_hn":"तीन दिन में ही काफूर हो गया ‘आप’ का नशा!","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
तीन दिन में ही काफूर हो गया ‘आप’ का नशा!
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
Updated Mon, 17 Feb 2014 12:09 PM IST
विज्ञापन
तीन दिन पहले भाजपा छोड़ ‘आप’ में शामिल होने वाले हैदरगंज प्रथम वार्ड के पार्षद विजय गुप्ता अपने समर्थकों सहित भाजपा में लौट आए हैं।
विज्ञापन
अपनी पार्टी का महापौर होने के बाद भी नगर निगम में विशेष अहमियत न मिलने से नाराज होकर 13 फरवरी को पार्षद ने भाजपा छोड़ ‘आप’ का दामन थाम लिया था।
लेकिन वह अपने गुरु (पूर्व विधायक सुरेश श्रीवास्तव) के कहने पर पार्टी में लौट आए हैं।
अब फिर कोई पार्षद झटका न दे, इसे लेकर रविवार की शाम सांसद लालजी टंडन के आवास पर पार्षदों की बैठक हुई। इसमें कई पार्षदों ने नगर निगम में उनकी बात न सुने जाने का मसला उठाया।
विज्ञापन
नगर निगम कार्यकारिणी की 11 फरवरी की बैठक में पेयजल समस्या को लेकर हैदरगंज प्रथम वार्ड के भाजपा पार्षद विजय गुप्ता ने संबंधित इंजीनियर के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।
विज्ञापन
इस पर महापौर दिनेश शर्मा ने जांच कर कार्रवाई की बात कही थी। गुप्ता इससे सहमत नहीं हुए और पार्षद पद से इस्तीफा देकर चले गए थे लेकिन उसे स्वीकार नहीं किया गया था। 13 फरवरी को वह भाजपा छोड़ अपने समर्थकों के साथ ‘आप’ में शामिल हो गए।
भाजपा ने इसे लोकसभा चुनाव के लिए एक झटका समझा। पार्षद को फिर वापस लाने के लिए सांसद लालजी टंडन, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी व महानगर अध्यक्ष मनोहर सिंह ने कोशिशें शुरू कर दीं।
इसी के तहत शनिवार की शाम पूर्व विधायक सुरेश श्रीवास्तव पार्षद के घर गए। टंडन व वाजपेयी ने फोन से भी कार्यकर्ताओं को समझाया।
इसके बाद वे सभी पार्टी में लौट आए। पार्षद विजय गुप्ता ने बताया कि उनकी जो समस्याएं थीं उसका निदान कराने का वादा पार्टी नेताओं ने किया है।
पूर्व बसपा सांसद नरेंद्र कुशवाहा सपा में
मिर्जापुर से बसपा के पूर्व सांसद और बिहार एवं मध्यप्रदेश के पूर्व प्रभारी नरेंद्र सिंह कुशवाहा ने रविवार को समाजवादी पार्टी की नीतियों में आस्था जताते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के समक्ष सपा की सदस्यता ग्रहण कर ली।
मुलायम सिंह ने उम्मीद जताई है कि कुशवाहा के सपा में शामिल होने से प्रदेश में पार्टी को मजबूती मिलेगी।
इस मौके पर कारागार मंत्री एवं प्रदेश प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश सचिव एसआरएस यादव, मिर्जापुर के सांसद पकौड़ी लाल कोल और सोनभद्र के जिलाध्यक्ष संजय यादव भी मौजूद थे।