भाजपा सरकार सिर्फ और सिर्फ अपने जंगलराज के लिए जानी जाएगी: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सपा अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार सिर्फ और सिर्फ अपने जंगलराज के लिए जानी जाएगी। आपराधिक घटनाओं की कई दिनों तक एफआईआर तक दर्ज नहीं होती। पीड़ित का उत्पीड़न आम बात है। भाजपा नेताओं के कहने पर पुलिस, अपराधियों को संरक्षण देती है।
अखिलेश ने बुधवार को बयान में कहा कि मुख्यमंत्री के वादों और कथित आदेशों के बावजूद कानून-व्यवस्था की स्थिति में तनिक भी सुधार नजर नहीं आ रहा। कोई दिन ऐसा नहीं जाता जब हत्या, लूट, अपहरण और बलात्कार की घटनाएं नहीं घटती हों।
राजधानी लखनऊ में भी अपराधों पर नियंत्रण नहीं है। लोग आशंकाओं में जी रहे हैं। ‘हत्या प्रदेश‘ में बुजुर्ग नागरिकों और बेटियों तक की सुरक्षा करने वाला कोई नहीं है।
प्रशासनिक मशीनरी राजनीतिक हस्तक्षेप से हो रही पंगु
आजमगढ़ में ट्रिपल मर्डर, मुजफ्फरनगर में नाबालिग से चलती गाड़ी में रेप, बलिया में युवती से दरिंदगी, काकोरी के जंगल में महिला का शव मिलने, बहराइच में छह वर्षीय बालिका की निर्मम हत्या, लखीमपुर खीरी में छेड़छाड़ की रिपोर्ट न लिखे जाने पर युवती के कीटनाशक पीकर जान देने, बापू भवन में क्षुब्ध किसान द्वारा खुद को आग लगाने जैसी घटनाएं बानगी भर हैं।
सपा अध्यक्ष ने कहा, भाजपा सरकार लोगों के सुख-चैन और शांति की दुश्मन बन गई है। प्रदेश में बेखौफ अपराधी लगातार कहर बरपा रहे हैं। किसी की सुरक्षा की कोई गारंटी नहीं है।
प्रशासनिक मशीनरी राजनीतिक हस्तक्षेप के चलते पंगु हो चली है। आने वाले समय में भाजपा सरकार अपनी वादाखिलाफी केलिए भी याद की जाएगी जिसने किसानों, नौजवानों, गरीबों, पिछड़ों सबको धोखा दिया है।