तीन और जिलों में कर्फ्यू में ढील और केशव प्रसाद ने क्या कही बड़ी बात समेत आज दिन भर की बड़ी खबरें
प्रदेशवासियों के शरीर में एंटीबॉडी बनने की स्थिति के आकलन के लिए चार जून से शुरू होगा सीरो सर्वे समेत पढ़ें यूपी की दिनभर की पांच बड़ी खबरें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को तीन और जिलों लखीमपुर खीरी, गाजीपुर और जौनपुर को भी कोरोना कर्फ्यू से राहत दे दी है। प्रदेश सरकार ने अब तक कुल 64 जिलों को राहत दी है। इसके अलावा, एक अन्य घटनाक्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा 2022 के विधानसभा चुनाव में भी 300 सीटें जीतकर प्रदेश में सरकार बनाएगी। यहां पढ़ें, प्रदेश की सभी प्रमुख खबरें:
कोरोना: तीन और जिलों में कर्फ्यू में ढील, 11 शहरों में पाबंदी रहेगी जारी
यूपी में कोरोना के घटते मामलों को ध्यान में रखते हुए तीन और जिलों में कोरोना कर्फ्यू में ढील दी गई है। इन जिलों में लखीमपुर खीरी, गाजीपुर, जौनपुर शामिल हैं, यहां एक्टिव केसों की संख्या 600 से कम होने पर बुधवार से केवल कंटेनमेंट जोन को छोड़कर सभी बाजारों को सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक खोले जाने की अनुमति प्रदान कर दी गई है। इन सभी जिलों में साप्ताहिक और नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा। अब यूपी के 11 जिलों में आंशिक कोरोना कर्फ्यू रह गया है।इ ससे पहले छह और जिलों को कोरोना कर्फ्यू से राहत दी गई थी। इन जिलों में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 600 से कम हो गई है। इसके तहत अब बिजनौर, मुरादाबाद, देवरिया, बागपत, प्रयागराज और सोनभद्र को कोरोना कर्फ्यू से राहत दी गई है। सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ टीम-9 की बैठक में यह निर्णय लिया गया था। बता दें कि एक जून से प्रदेश के उन जिलों में दिन का कर्फ्यू हटा लिया गया है जहां पर कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 600 से कम है। इसके अलावा, बाकी सभी जिलों में रात्रि कर्फ्यू शाम 7 बजे से सुबह 7 बजे तक जारी रहेगा। जिन जिलों को छूट दी गई है वहां भी स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान, सिनेमा हॉल, जिम, स्वीमिंग पूल, क्लब एवं शॉपिंग मॉल पूरी तरह बंद रहेंगे। शिक्षण संस्थानों और कोचिंग संस्थानों में ऑनलाइन पढ़ाई की अनुमति विभागीय आदेशों के अनुसार होगी।
यूपी: विस चुनाव में भाजपा 300 से अधिक सीट लेकर फिर बनाएगी सरकार- केशव प्रसाद
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2022 में भाजपा 300 से अधिक सीटों पर विजय होकर पुनः सरकार बनाएगी। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री से मुलाकात के बाद मीडिया को यह बयान दिया। राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर फीडबैक लेने के लिए आज प्रदेश सरकार के कुछ मंत्रियों को पार्टी कार्यालय बुलाया है। ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा, एमएसएमई मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह, श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य सहित अन्य मंत्री बीएल संतोष से मुलाकात करेंगे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक बीएल संतोष मंत्रियों से स्पष्ट पूछ रहे हैं यदि आज की डेट में चुनाव हो तो क्या परिणाम होंगे। जनता के बीच संगठन और सरकार को लेकर क्या धारणा है। विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत के साथ जीत के लिए क्या किया जाना चाहिए । सरकार और संगठन के स्तर पर कहां खामियां हैं जिन्हें दूर किया जाना चाहिए।
चार जून से शुरू होगा सीरो सर्वे, प्रदेशवासियों के शरीर में एंटीबॉडी बनने की स्थिति का होगा आकलन
उतर प्रदेश में 4 जून से सभी 75 जिलों में सीरो सर्वे शुरू होगा। इससे प्रदेश वासियों के शरीर में बनी एंटीबॉडी की स्थिति की जानकारी मिल सकेगी। सोमवार को राज्य स्तरीय टीम-9 की बैठक में मुख्यमंत्री ने सर्वे की तैयारी को लेकर विस्तार से जानकारी ली। इस दौरान अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि 4 जून से शुरू हो रहे इस सर्वे को लेकर कार्ययोजना तैयार हो चुकी है। सैपलिंग कर लिंग और आयु सहित विभिन्न मानकों पर सर्वेक्षण की रिपोर्ट तैयार की जाएगी। जिलेवार सर्वे करने वाले कार्मिकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके परिणाम जून के अंत तक आने को संभावना है। कोरोना की पहली लहर के दौरान पिछले साल सितंबर में 11 जिलों में सीरो सर्वे कराया गया था। यह सर्वे लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, गोरखपुर, आगरा, प्रयागराज, गाजियाबाद, मेरठ, कौशांबी, बागपत व मुरादाबाद में हुआ था। उस समय सीरो सर्वे में 22.1 फीसदी लोगों में एंटीबॉडी पाई गई थी।
वाराणसी में हादसा: काशी विश्वनाथ कॉरिडोर में जर्जर मकान गिरा, दो मजदूरों की मौत, पीएम मोदी ने जाना हाल
वाराणसी में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर परिसर में मंगलवार तड़के बड़ा हादसा हुआ। ललिता घाट के पास जर्जर दो मंजिला मकान गिर जाने से मलबे में दबकर बंगाल निवासी दो मजदूरों की मौत हो गई। जबकि हादसे में सात मजदूर घायल हो गए। घायलों को कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद छह मजदूरों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हादसे की सूचना पाकर जिले के पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच जांच में जुट गए हैं। काशी विश्वनाथ मंदिर के सीईओ ने बयान जारी कर बताया कि इस हादसे के शिकार मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए जबकि घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के लिए ललिता घाट स्थित गोयनका छात्रावास का अधिग्रहण किया गया है। सोमवार की रात कार्यदायी संस्था के मजदूर गोयनका छात्रावास के जर्जर हिस्से के नीचे सोए हुए थे। मंगलवार तड़के चार बजे के लगभग छात्रावास का जर्जर हिस्सा अचानक भरभरा कर गिरने से उसके मलबे के नीचे नौ मजदूर दब गए। चीख पुकार सुनकर घटनास्थल पर पहुंचे कॉरिडोर में तैनात पुलिसकर्मियों ने सभी को मलबे के नीचे से बाहर निकाला और कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल पहुंचाया। हादसे में पश्चिम बंगाल के मालदा जिला के कालिया चक निवासी अब्दुल मोमिन (25) और अमीनुल मोमिन (45) की मौत हो गई। वहीं, इमरान, आरिफ मोमिन, शाहिद अख्तर, सकीउल मोमिन, हाकिम खान और आरिफ मोमिन को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। मजदूर अब्दुल जब्बार के पैर में चोट लगने के कारण उसे मंडलीय अस्पताल में भर्ती किया गया है। एसीपी दशाश्वमेध अवधेश कुमार पांडेय ने बताया कि हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई है। जिसका शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा गया। हादसे में घायल अन्य सात मजदूरों की हालत ठीक है। पिछले हफ्ते 23 मई को लाहौरी टोला स्थित एक जर्जर मकान की दीवार गिरने से एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी मंडलायुक्त को फोन कर हादसे की जानकारी ली। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री ने जर्जर भवन गिरने के बारे में जानकारी ली है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने घायलों और मृतकों के परिवार को केंद्र की तरफ से हरसंभव सहायता देने का निर्देश दिया है।
सभी जिलों में 18 से 44 साल वालों का टीकाकरण आज से, स्लॉट बुक कराने वालों का होगा वैक्सीनेशन
प्रदेश में आज से सभी जिलों में 18 से 44 साल की उम्र वालों का टीकाकरण शुरू हो रहा है। हर जिले में दो से तीन अतिरिक्त बूथ बनाए गए हैं। पहले दिन करीब 1.70 लाख युवाओं के टीकाकरण का लक्ष्य है। बूथ पर उन्हीं युवाओं का टीकाकरण किया जाएगा, जिन्होंने पहले से स्लॉट बुक कराया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को टीकाकरण की समीक्षा में कोविड वैक्सीनेशन की कार्रवाई जीरो वेस्टेज को ध्यान में रखकर संचालित करने के निर्देश दिए। प्रदेश में अब तक 19 जिलों में 18 से 44 साल की उम्र वालों का टीकाकरण चल रहा है। 1 जून से सभी जिलों में इसकी शुरुआत की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों के अस्पतालों में दो से तीन अतिरिक्त बूथ बनाने के निर्देश दिए हैं। परिवार कल्याण महानिदेशक एवं राज्य टीकाकरण प्रभारी डॉक्टर राकेश दुबे ने बताया कि हर जिले में 12 वर्ष से कम आयु के बच्चों के अभिभावकों के वैक्सीनेशन के लिएअभिभावक स्पेशल बूथ भी बनाए गए हैं। अभिभावकों को बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र या आधार कार्ड लाना होगा। इसी तरह कर्मचारियों व शिक्षकों के लिए जिला मुख्यालय से तहसील स्तर तक अलग-अलग बूथ बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में 18 से 44 आयुवर्ग के लोगों के लिए ऑन स्पॉट टीकाकरण की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। इस संबंध में शासन की ओर से अभी कोई निर्देश भी जारी नहीं किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक अब तक प्रदेश में 1.80 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी है।