लखनऊ। जिला फुटबाॅल लीग के तहत बुधवार को खेले गए मुकाबलों में बिग ब्ल्यू और यूपी पुलिस ने जीत दर्ज करते हुए पूरे अंक प्राप्त किए। बिग ब्ल्यू ने एलडीए बी को 2-0 और यूपी पुलिस ने टेक्ट्रो रिजर्व को 3-2 से पराजित किया। चौक स्टेडियम में खेली जा रही लीग में दिन का पहला मुकाबला बिग ब्ल्यू और एलडीए बी के बीच खेला गया। मुकाबले की शुरुआत में ही बिग ब्ल्यू के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल का प्रदर्शन किया और प्रतिद्वंद्वी टीम पर दबाव बना लिया। खेल के दसवें मिनट में दीपक ने साथी खिलाड़ी के पास पर शानदार मैदानी गोल किया। मध्यांतर तक यह स्कोर कायम रहा। दूसरे हाफ की शुरुआत में बिग ब्ल्यू के लिए पीयूष ने शानदार मैदानी गोल किया और टीम को 2-0 से आगे कर दिया। दो गोल से पिछड़ने के बाद एलडीए बी ने कुछ अच्छे मूव बनाए, लेकिन टीम की अग्रिम पंक्ति मिले मौकों को गोल में तब्दील नहीं कर सकी। इस तरह बिग ब्ल्यू ने 2-0 से मुकाबला अपने नाम किया। लीग के दूसरे मुकाबले में यूपी पुलिस का सामना टेक्ट्रो रिजर्व से हुआ। यह मुकाबला बेहद कड़ा रहा। यूपी पुलिस के गौरव ने आठवें मिनट में गोल करते हुए टीम का खाता खोला। तीन मिनट के बाद गौरव ने टेक्ट्रो रिजर्व की रक्षापंक्ति को भेदते हुए लगातार दूसरा मैदानी गोल किया। मध्यांतर के ठीक बाद टेक्ट्रो के लिए पराभव ने गोल करते हुए अंतर को 1-2 से कम किया। 55वें मिनट में आयुष के गोल की बदौलत टेक्ट्रो ने 2-2 से बराबरी हासिल की। मैच का आखिरी गोल खेल के 70वें मिनट में आया, जब पुलिस के सुनील ने गोल करने में सफलता हासिल की। इसके बाद काेई भी टीम गोल नहीं कर सकी। इस तरह 3-2 के अंतर से जीत दर्ज करते हुए यूपी पुलिस ने विजयी अंक हासिल किए।

प्रतियोगिता में फुटबॉल खेलते खिलाड़ी।

प्रतियोगिता में फुटबॉल खेलते खिलाड़ी।

प्रतियोगिता में फुटबॉल खेलते खिलाड़ी।