भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक : भूपेंद्र सिंह चौधरी ने दिया लोकसभा चुनाव में सभी 80 सीटें जीतने का लक्ष्य
प्रदेश अध्यक्ष ने निकाय चुनाव में देरी के लिए विपक्ष को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक नगर निकाय चुनाव सम्पन्न हो चुके होते लेकिन विपक्षी दलों ने तरह-तरह के हथकंडे अपनाकर निकाय चुनाव में अड़ंगा खड़ा किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने लोकसभा चुनाव में सभी 80 सीटें जीतने का लक्ष्य दिया है। भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति में उद्घाटन सत्र में स्वागत भाषण देते हुए चौधरी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में यूपी की शत प्रतिशत सीटें जीतकर नरेंद्र मोदी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाने की प्रतिबद्धता को पूरा करना है। उन्होंने कहा कि रामपुर और आजमगढ़ लोकसभा उप चुनाव में पार्टी को मिली जीत ने विपक्ष को बता दिया है कि अब दिल्ली उनके लिए दूर है। वहीं मैनपुरी और खतौली में भाजपा को मिली हार ने सबक भी दिया है कि अभी और परिश्रम की आवश्यकता है।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में रविवार को आयोजित कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने निकाय चुनाव में देरी के लिए विपक्ष को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक नगर निकाय चुनाव सम्पन्न हो चुके होते लेकिन विपक्षी दलों ने तरह-तरह के हथकंडे अपनाकर निकाय चुनाव में अड़ंगा खड़ा किया। उन्होंने कहा कि कारगुजारी के कारण नगर निकाय प्रशासनिक तंत्र के अधीन आ गए है। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ सरकार न्यायिक प्रक्रिया का सम्मान करते हुए नगर निकाय चुनाव शीघ्र कराकर निकायों में लोकतंत्र की बहाली कराएगी।
चौधरी ने कहा कि आजमगढ़ और रामपुर कभी भाजपा की परंपरागत सीट नहीं रही है लिहाजा उप चुनाव में इन दोनों सीटों पर मिली जीत ने एंटी इनकम्बेन्सी की जगह प्रो इनकम्बेन्सी को चरितार्थ किया है। रामपुर विधानसभा के उपचुनाव में भी पार्टी का कमल खिला। उन्होंने कहा कि सरकार लोककल्याण संकल्प पत्र को आधार मानकर गांव गांव में विकास की नई धारा बहा रही है।
विपक्षी दलों को जनता सबक सिखाएगी
भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि प्रदेश में पिछड़ों के नाम पर राजनीति करके सत्ता प्राप्त करने वाले दलों के नेताओं ने सिर्फ अपने परिवार और अपने कुछ चहेतों का ही भला किया है। उन्होंने कहा कि जाति मजहब की राजनीति करने वाले दल भूल गए हैं कि प्रदेश की जनता ने जाति और भाई-भतीजावाद की राजनीति को नकार दिया है। उन्होंने कहा कि कोर्ट की अनुमति के बाद जिस दिन भी प्रदेश में नगर निकाय चुनाव होंगे प्रदेश की जनता चुनावों को बाधित करने वाले विपक्षी दलों को सबक सिखाकर बताएगी कि लोकतंत्र क्या होता है।
लोगों की अपेक्षाएं बढ़ रही है
भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि प्रदेश के 24 करोड़ लोगों का सरोकार आज संगठन और सत्ता के साथ सीधे जुड़ रहा है, उनकी अपेक्षाएं बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कर्मप्रधान सरकार ने हर आदमी के सुख और दु:ख को अपना लिया है। मुख्यमंत्री ने पिछले साढ़े पांच वर्षों में अप्रतिम कौशल के साथ लोगों के जीवन को खुशियों से भरने का काम किया है।
अपराध और गुंडागर्दी की छवि से मुक्त हुआ यूपी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 2017 से पूर्व विपक्षी दलों की सरकारों में राज्य की क्या स्थितियां रही है यह किसी से छिपा नहीं है। प्रदेश में यहां निवेशक आना तो दूर, प्रदेश से पलायन कर रहे थे। क्योंकि उस समय न तो वे सुरक्षित थे न ही उनकी पूंजी। लेकिन बीते साढ़े पांच-छह वर्ष में योगी सरकार जनमानस का विश्वास जीतने में सफ ल रही है। प्रदेश के भयमुक्त वातावरण ने न सिर्फ निवेशकों को आकर्षित किया बल्कि प्रदेश अपराध, गुंडागर्दी और अराजकता की छवि से मुक्त हुआ।