मोदी के काशी से शुरू होगा बाल स्वच्छता मिशन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सूबे में केंद्र सरकार के बाल स्वच्छता मिशन की शुरुआत वाराणसी जिले से होगी। प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र होने के नाते इसके लिए वाराणसी को चुना गया है। पहले प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू के जन्मदिन के मौके पर 14 नवंबर से वाराणसी के दो आंगनबाड़ी केंद्रों में बाल स्वच्छता अभियान शुरू किया जाएगा। अभियान 19 नवंबर तक चलेगा। प्रदेश सरकार भी इन आंगनबाड़ी केंद्रों को चमकाने में लग गई है।
स्वच्छ भारत मिशन की ही तर्ज पर केंद्र सरकार 14 नवंबर से बाल स्वच्छता मिशन शुरू करने जा रही है। इसके लिए वाराणसी जिले के आराजीलाइन परियोजना की जयापुर प्राथमिक पाठशाला में चल रहे आंगनबाड़ी केंद्र व काशी विद्यापीठ परियोजना के तहत चल रहे ककरहिया आंगनबाड़ी केंद्र को चुना गया है।
वहीं, प्रदेश सरकार ने वाराणसी की जिला कार्यक्रम अधिकारी कमलेश गुप्ता को बाल स्वच्छता अभियान का नोडल अधिकारी बना दिया है। अभियान के जरिये बच्चों व उनकी माताओं को साफ-सफाई के बारे में जागरूक किया जाएगा।
सीधा प्रसारण होगा
बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार के निदेशक आनंद कुमार सिंह ने बताया कि इस अभियान का दूरदर्शन सीधा प्रसारण करेगा। प्रदेश के दूसरे आंगनबाड़ी केंद्रों में भी इस तरह की गतिविधियां शुरू करवाई जाएंगी।
निदेशक ने नोडल अधिकारी को साफ निर्देश दिए हैं कि इस अभियान में किसी भी प्रकार की चूक नहीं होनी चाहिए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दास्त नहीं की जाएगी।
बाल स्वच्छता अभियान में यह होंगी गतिविधियां
1- स्वच्छ आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए अभियान: इसके तहत आंगनबाड़ी केंद्र व उसके आस-पास के क्षेत्र में साफ सफाई कराई जाएगी।
2- स्व: स्वच्छता अभियान:- इसके अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों पर आने वाले बच्चों को हाथ धोने, नाखून काटने, बालों में कंघी करने व रोजाना नहाने की आदत डालने के लिए जागरूक किया जाएगा।
3- स्वच्छ खान-पान व सफाई: इसके तहत खाद्य पदार्थों की साफ-सफाई, साफ पानी से खाना बनाने, रसोई घर व आस-पास सफाई के लिए माताओं को जागरूक किया जाएगा।
4- स्वच्छ शौचालय: इसके अंतर्गत शौचालयों की साफ-सफाई के साथ ही उसमें पानी का प्रयोग व साबुन की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
5- गांव के लिए हेल्थ न्यूट्रिशियन दिवस का आयोजन: 15 नवंबर को गांव के लिए विशेष हेल्थ न्यूट्रिशियन डे मनाया जायेगा। इसका मुख्य उददेश्य बच्चों की माताओं को साफ-सफाई के साथ ही साफ पीने के पानी के उपयोग के बारे में बताया जायेगा।
6- खेलने के स्थान के आस-पास की साफ-सफाई: इसके तहत आंगनबाड़ी केंद्र व बच्चों के खेलने के आस-पास स्थान की भी साफ-सफाई की जायेगी।