राम मंदिर चढ़ावा चोरी: गोपाल राव ने तोड़ी चुप्पी, बोले- नई व्यवस्था लागू करने में करूंगा सहयोग, आरोप निराधार
राम मंदिर की व्यवस्था से जुड़े गोपाल राव ने चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद पहली बार चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि उन पर लगे सभी आरोप निराधार हैं। वो ट्रस्ट में नई व्यवस्था लागू करने में सहयोग करेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण पर पहली बार चुप्पी तोड़ते हुए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के आमंत्रित सदस्य रहे गोपाल राव ने कहा कि ट्रस्ट की बैठक में वह आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल हुए थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके, चंपत राय और अनिल मिश्रा के खिलाफ लगाए जा रहे अन्य आरोप भ्रामक हैं।
गोपाल राव ने बताया कि नैतिक आधार पर ट्रस्ट ने उनसे फिलहाल बैठकों से दूर रहने का अनुरोध किया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है। नई व्यवस्था बनने तक जरूरत पड़ने पर सहयोग करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि दानपात्र से चोरी की घटना के अलावा बाकी सभी बातें अफवाह हैं। ट्रस्ट ने बैठक में संबंधित अभिलेख और सामान सुरक्षित होने की जानकारी भी दी। आरोपियों पर कार्रवाई के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह पुलिस का विषय है और कानून के अनुसार कार्रवाई वही करेगी।
ये भी पढ़ें - चंपत राय से गोविंद देव की भेंट: दो घंटे बंद कमरे में चली बातचीत, मुलाकात के निकाले जा रहे कई मायने
ये भी पढ़ें - अयोध्या में रामलला का दर्शन करने पहुंचे एक्टर अनुपम खेर, चढ़ावा चोरी को लेकर दिया बयान
गोपाल राव बोले- मुझे केवल बैठकों से दूर रहने को कहा गया
राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के विशेष आमंत्रित सदस्य गोपाल नागरकट्टे उर्फ गोपाल राव ने PTI से बातचीत में स्पष्ट किया कि उन्हें ट्रस्ट से नहीं हटाया गया है, बल्कि कुछ समय के लिए ट्रस्ट की बैठकों से दूर रहने के लिए कहा गया था। दान चोरी के मामले को छोड़कर उनके खिलाफ लगाए जा रहे सभी अन्य आरोप पूरी तरह निराधार हैं।
हालिया ट्रस्ट बैठक के बाद पहली बार मीडिया से बातचीत में गोपाल राव ने कहा कि विवाद सामने आने के बाद दो आमंत्रित सदस्यों ने नैतिक आधार पर इस्तीफा दिया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया। इसके बाद तय किया गया कि वह कुछ समय तक ट्रस्ट की कार्यवाही में शामिल नहीं होंगे। नई व्यवस्था लागू होने तक वह पूरा सहयोग करेंगे और नई टीम के कार्यभार संभालने के बाद स्वयं अलग हो जाएंगे।
गोपाल राव ने कहा कि राम मंदिर का संचालन पूरी तरह सामान्य तरीके से चल रहा है और लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाया गया सोना, चांदी और अन्य दान पूरी तरह सुरक्षित है। यदि कोई इसकी पुष्टि करना चाहता है तो वह कर सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि दान चोरी के मामले में गिरफ्तार आठ आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई पुलिस का विषय है, ट्रस्ट का नहीं।
हालांकि ट्रस्ट की ओर से एक दिन पहले कहा गया था कि कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि ने गोपाल राव को प्रशासक और विशेष आमंत्रित सदस्यों की सूची से हटाने का निर्णय लिया है। इस बीच सूत्रों के अनुसार गोपाल राव ने मंदिर परिसर स्थित अपना आवास खाली कर कारसेवक पुरम में शिफ्ट कर लिया है तथा वाहन पास भी लौटा दिया है। उधर दान चोरी मामले में एसआईटी की जांच जारी है।