अयोध्या की सीमा सील, कार्तिक मेले में बाहरी श्रद्धालुओं के प्रवेश पर लगी रोक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कार्तिक मेले में इस बार सदियों की परंपरा टूटेगी। कोविड प्रोटोकॉल के चलते अबकी बाहरी श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। शुक्रवार की शाम से ही अयोध्या की सीमा सील कर बाहरी लोगों को शहर में प्रवेश नहीं करने दिया गया। अयोध्यावासियों को सिर्फ अपना पहचान पत्र दिखाकर शहर में आने-जाने की छूट दी गई है।
कार्तिक मेले के दौरान होने वाली 14 कोसी व पंचकोसी परिक्रमा करने के लिए प्रतिवर्ष देश के कोने-कोने से करीब 25 लाख श्रद्धालु रामनगरी पहुंचते हैं। बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक भी परिक्रमा के दौरान रामनगरी की आध्यात्मिक आभा देखने आते हैं लेकिन इस बार कोरोना के कहर के कारण बाहरी लोगों से अयोध्या न आने की अपील की गई है।
इसी के मद्देनजर अयोध्या में प्रवेश के करीब 13 मार्गों पर बैरियर लगाकर बाहरी लोगों का प्रवेश रोक दिया गया है जबकि अंबेडकरनगर, अमेठी, बाराबंकी, गोंडा, बस्ती व सुल्तानपुर से फैजाबाद शहर में आने वाले रास्तों पर भी बैरियर लगाकर चेकिंग की जा रही है। ऐसे लोगों को उचित कारण बताने पर ही फैजाबाद शहर में प्रवेश की अनुमति मिल रही है।
8 एएसपी, 25 डीएसपी संभालेंगे कमान, हाईवे पर जारी रहेगा आवागमन
कार्तिक मेले को लेकर अयोध्या शहर में 8 एएसपी, 25 डीएसपी, 30 निरीक्षक, 200 उप निरीक्षक, 700 महिला व पुरुष आरक्षी के साथ 10 कंपनी आरएएफ, सीआरपीएफ, पीएसी बल रविवार से अयोध्या की सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल लेंगे।
पुलिस प्रशासन द्वारा रूट डायवर्जन तो लागू किया जाएगा, लेकिन प्रति वर्ष इस मेले में बंद होने वाला हाईवे इस बार खुला रहेगा। बाहरी श्रद्धालुओं के परिक्रमा में शामिल होने पर लगी रोक के कारण यातायात पुलिस द्वारा पार्किंग आदि का भी इंतजाम नहीं किया गया है।