अमीनाबाद मोहन मार्केट की सौ दुकानें ‘लापता’, जांच में सामने आया मामला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ के अमीनाबाद स्थित मोहन मार्केट में अलग-अलग आवंटियों को किराये पर कई दशक पहले दी गईं नगर निगम की 327 दुकानों में से करीब 100 ‘लापता’ हैं। शुरुआती जांच में सामने आया कि बहुत लोगों ने दो-दो, तीन-तीन दुकानों को तोड़कर एक कर लिया है। इसी तरह करीब 50 लोगों ने किराये पर दुकान दे दी है। यह धांधली तब सामने आई है जब निगम ने गोपनीय जांच शुरू की। यह पड़ताल मार्केट की दुकानें बेचने को बनी समिति के निर्देश पर हो रही है।
मोहन मार्केट बेचने का प्रस्ताव तीन महीने पहले कार्यकारिणी की बैठक में भी आया था। उस वक्त इस पर सहमति नहीं बन पाई। नगर निगम प्रशासन की ओर से जो रिपोर्ट दी गई उसके हिसाब से बाजार को बेचे जाने का रास्ता नहीं बन पा रहा था। फिर महापौर संयुक्ता भाटिया ने इसके लिए समिति गठित कर दी। यह बाजार बेचने की राह पर है। इसे लेकर पहले यह सर्वे कराया जा रहा है कि अब कितने मूल आवंटी हैं और कितने अवैध कब्जेदार हैं, क्योंकि प्रस्ताव के तहत उन्हीं को दुकानें बेची जाएंगी जो मूल आवंटी हैं।
आधे भी नहीं बचे मूल आवंटी
मोहन मार्केट में 327 दुकानें हैं, पर अब इनमें आधे भी मूल आवंटी नहीं बचे हैं। ज्यादातर ने दुकान बेच दी है। बहुत से लोगों ने दुकान किराये पर दे दी है। नगर निगम की भाषा में इन्हें सिकमी किरायेदार कहा गया, जो गलत है। ऐसा करने पर आवंटन निरस्त का नियम हैं। कुछ ने अवैध रूप से बेसमेंट भी बना लिए हैं।
इन बिंदुओं पर तैयार की जा रही जांच रिपोर्ट
- किन दुकानों में मूल आवंटी हैं।
- किन दुकानों में आवंटी के रक्त सम्बंधी काबिज हैं।
- किन दुकानों में सिकमी किरायेदार काबिज हैं।
- किन दुकानों में एक और किनमें अधिक बेसमेंट बने हैं।
- किन दुकानों को तोड़कर एक में मिलाया गया है।
- हर दुकान का क्षेत्रफल क्या है।
बाजार बेचने के लिए बनाई समिति
- रजनीश गुप्ता, कार्यकारिणी उपाध्याय- अध्यक्ष
- कौशलेंद्र द्विवेदी, भाजपा पार्षद- सदस्य
- साधना वर्मा, भाजपा पार्षद- सदस्य
- मो. सलीम, सपा पार्षद- सदस्य
- अशोक सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी- सदस्य
- महातम यादव, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी- सदस्य
- एसपी तिवारी, नगर अभियंता- सदस्य
- दिलीप श्रीवास्तव, कर अधीक्षक-सदस्य
कार्यकारिणी उपाध्यक्ष रजनीश गुप्ता का कहना है कि मोहन मार्केट का सर्वे कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद कमेटी ही उस पर आगे का निर्णय लेगी।
अपर नगर आयुक्त अर्चना द्विवेदी का कहना है कि बाजार में दुकानों के आवंटन और कब्जेदारी को लेकर कई बिंदुओं पर सर्वे कराया जा रहा है। दो दुकानों को एक कर लिया है या किराये पर उठा दी हैं, इसे लेकर जो रिपोर्ट आएगी उस पर निर्णय समिति लेगी।