काशी के बाद प्रयाग के 'अच्छे दिन' लाएंगे मोदी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
काशी (वाराणसी) के साथ-साथ अब प्रयाग (इलाहाबाद) के भी ‘अच्छे दिन’ आने की उम्मीद बंधी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जापान दौरे के दौरान धर्म व आस्था नगरी वाराणसी को जापान के क्योटो शहर जैसा बनाने के समझौते के बाद अब उनकी अमेरिका यात्रा के दौरान इलाहाबाद के कायाकल्प के लिए भी ‘सिस्टर सिटी’ एग्रीमेंट होने की संभावना है।
केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के साथ फोन पर बातचीत में इसके संकेत दिए हैं।
सूत्रों का कहना है कि केंद्र सरकार ने बोस्टन या कैलिफोर्निया की तर्ज पर इलाहाबाद को बड़े शैक्षिक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए तथा कुंभ के कारण प्रयाग के धार्मिक महत्व को देखते हुए हेरिटेज स्मार्ट सिटी बनाने को लेकर अमेरिका के साथ एग्रीमेंट की रूपरेखा तैयार कर ली है।
पर्यटन को देखते हुए अमल संभव
इसके तहत अमेरिका की मदद से प्रयाग को आधुनिक शहर के रूप में विकसित किया जाएगा। केंद्र की ओर से राज्य सरकार को इसकी औपचारिक जानकारी भी दे दी गई है। इस पहल को देश भर में 100 स्मार्ट सिटी बनाने की मोदी सरकार की योजना पर अमल के रूप में देखा जा रहा है।
अगर मोदी का मिशन सफल रहा तो अमेरिका इलाहाबाद को आधुनिक बनाने तथा कला, संस्कृति व शिक्षा से जुड़ी विरासतों के संरक्षण में मदद करेगा।
इलाहाबाद का महत्व भी वाराणसी से कम नहीं है। गंगा, यमुना व सरस्वती के संगम तट पर दुनिया का सबसे बड़ा आस्था का मेला महाकुंभ इलाहाबाद में ही लगता है जिसमें देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु आते हैं। यहां बहुत से मंदिर और घाट भी हैं। इसके चलते यहां पर्यटन की दृष्टि से भी विकास की काफी संभावनाएं हैं।
मुख्यमंत्री अखिलेश ने दी सहमति
शासन के भरोसेमंद सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री ने इलाहाबाद के लिए ‘सिस्टर सिटी’ एग्रीमेंट करने पर सहमति दे दी है। प्रधानमंत्री के अमेरिका के दौरे के दौरान ही साफ होगा कि इस करार पर अमल कैसे किया जाएगा।