अखिलेश यादव बोले- सपा ने किया था पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का शिलान्यास, ट्वीट कर सीएम योगी पर कसा तंज
अखिलेश यादव ने कहा कि लोकार्पण और शिलान्यास के जरिए जनता का ध्यान भटकाने का भी प्रयास किया जा रहा है, लेकिन प्रदेशवासी सच्चाई जानते हैं। उन पर भाजपाई रंग और नाम बदलने की साजिशों का कोई असर नहीं होगा।
विस्तार
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि साढ़े चार साल तक कुछ न करने वाले मुख्यमंत्री अब धड़ाधड़ लोकार्पण और शिलान्यास कर झूठी वाहवाही लूट रहे हैं। इसके जरिए जनता का ध्यान भटकाने का भी प्रयास किया जा रहा है, लेकिन प्रदेशवासी सच्चाई जानते हैं। उन पर भाजपाई रंग और नाम बदलने की साजिशों का कोई असर नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा उन तस्वीरों को कैसे खारिज कर पाएगी जिसमें दिसंबर 2016 में समाजवादियों ने पूर्वांचल एक्सप्रेस वे का शिलान्यास किया था। सपा सरकार ने ही जमीन खरीद के लिए रुपये जारी किए। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे मात्र 22 महीनों में बनाया गया था लेकिन पूर्वांचल एक्सप्रेसवे साढ़े चार साल बाद भी अधूरा है।
खुद प्रधानमंत्री पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की गाथा सुनाते समय यह बता देते कि पूर्वांचल के विकास में मील का पत्थर साबित होने वाले निर्माण की आधारशिला किसने रखी थी। सपा के काम पर भाजपा का नाम लगाने से वे जनता की निगाह में सुर्खियां नहीं बन पाएंगे। प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में गरीबी, बेरोजगारी, महंगाई, कानून व्यवस्था के साथ शिक्षा व स्वास्थ्य की बदहाली के बारे में कोई चर्चा नहीं की। सपा अध्यक्ष ने कहा कि पूरे प्रदेश में धान खरीद के दावे किए जा रहे हैं, जबकि हकीकत में अन्नदाता बेहाल है।
अखिलेश व संजय ने ट्वीट कर योगी पर कसा तंज
पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के लोकार्पण के दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसा है। उन्होंने लिखा कि ‘तुमने हमारी आवभगत का अच्छा सिला दिया। जनता से पहले तुमने ही हमें पैदल कर दिया’ । बडे बेआबरू होकर इन सड़कों से हम गुजरे...। उन्होंने एक वीडियो भी शेयर किया है। छह सेकेंड के इस वीडियो में पीएम नरेंद्र मोदी कार में बैठे जा रहे हैं, उनके आस.पास सुरक्षा कर्मियों का घेरा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पैदल चल रहे हैं। इसी तरह आप के उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने भी ट्वीट करते हुए लिखा है कि ये व्यवहार तो सीएम साहेब के साथ ठीक नहीं। उन्होंने प्रधानमंत्री की गाड़ी के पीछे मुख्यमंत्री के पैदल चलने वाली वीडियो शेयर किया है। इसमें गीत बज रहा है कि अकेले अकेले कहां जा रहेहो, हमें साथ ले लो....।
सपाइयों ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर कई स्थानों पर की पुष्पवर्षा
समाजवादी पार्टी के नेताओं ने मंगलवार सवेरे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर कई जगहों पर पुष्पवर्षा कर इसे सपा सरकार की उपलब्धि बताया। इस दौरान कई जगहों पुलिस ने लाठी भांज कर उन्हें खदेड़ दिया। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को कहा था कि सपाई फूल चढ़ाकर पूर्वांचल एक्सप्रेस वे को अपनाएंगे। इसी के तहत मंगलवार को सपाई कहीं पैदल तो कहीं साइकिल से एक्सप्रेसवे पर पहुंचे। गोसाईगंज के चांद सराय के पास सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक यादव, शिवशंकर सिंह शंकरी, अजय प्रताप बिन्नू आदि के नेतृत्व में पार्टी के समर्थक अखिलेश यादव की तस्वीर लेकर साइकिल व पैदल एक्सप्रेसवे पर पहुंच गए। वहां उन्होंने पुष्पवर्षा किए व नारेबाजी करने करने लगे। इसकी जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने सभी को एक्सप्रेसवे से नीचे उतारा। इसी तरह बाराबंकी, सुल्तानपुर सहित प्रदेश के अन्य हिस्से में भी सपाइयों ने एक्सप्रेसवे पर पुष्पवर्षा की।