सपा में घमासान के बीच सीएम अखिलेश ने ईजाद किया जीत का फॉर्मूला!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
समाजवादी पार्टी और परिवार में मची कलह के बीच मुख्यमंत्री अखिलेश यादव विधानसभा चुनाव में अपनी सरकार की उपलब्धियों के साथ जनता के बीच जाने की तैयारी में जुट गए हैं।
अधिकारियों से घोषणा पत्र के पूरे किए गए वादों और प्रमुख विकास योजनाओं का विस्तृत ब्योरा तैयार कराने को कहा गया है ताकि चुनाव में जनता के बीच सरकार की उपलब्धियों को रखा जा सके। मुख्यमंत्री जल्द ही चुनाव अभियान पर निकलने की तैयारी भी कर रहे हैं।
शनिवार को जहां पूरे दिन मुलायम सिंह यादव का आवास सपा की सियासी गतिविधियों का केंद्र बना था वहीं मुख्यमंत्री अखिलेश अपने सरकारी आवास पर चुनिंदा भरोसेमंद नेताओं और अफसरों के साथ चुनाव अभियान की रूपरेखा तैयार कर रहे थे।
उन्होंने मंत्री राजेंद्र चौधरी की मौजूदगी में अपने मुख्य सलाहकार आलोक रंजन, सचिव पार्थसारथी सेन शर्मा, आमोद कुमार व विशेष सचिव जीएस नवीन कुमार के साथ बैठक करके विकास योजनाओं की समीक्षा की।
इन योजनाओं पर की चर्चा
बैठक में लैपटॉप वितरण, स्मार्ट फोन पंजीकरण, आगरा एक्सप्रेस-वे, लखनऊ मेट्रो, शहरों को 24 घंटे व गांवों को 18 घंटे बिजली आपूर्ति, समाजवादी पेंशन, लोहिया आवास, सीजी सिटी समेत उन सभी योजनाओं को लेकर अफसरों के साथ चर्चा की जिन्हें अमलीजामा पहनाया जा चुका है।
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री ने अफसरों को जनता से सीधे जुड़ी ऐसी योजनाओं का ब्योरा तैयार कराने को कहा है जिन्हें चुनाव अभियान के दौरान प्रमुखता से उठाया जा सके।
सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री की नजर अब मुलायम खेमे के अगले कदम पर है। चुनाव आयोग के रुख पर भी उनकी नजर है। आयोग का रुख साफ होते ही वह अपना चुनाव अभियान शुरू करेंगे।
अखिलेश के चुनाव प्रबंधन में लगी टीम उनके दौरे का खाका भी तैयार करने में जुटी है। जल्द ही चुनाव अभियान शुरू करने की तारीख का एलान भी किया जा सकता है।