टीपू बोले 56 इंच पर, सुप्रीमो ने कहा जुल्मी हैं मोदी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पहले चरण के मतदान की तारीख नजदीक आने के साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश में प्रचार अभियान तेज हो गया है।
एक ओर संभल में अखिलेश यादव ने चुनावी जनसभा को सम्बोधित किया, वहीं मुलायम सिंह यादव ने मुजफ्फरनगर में रैली सम्बोधित किया। दोनों ही नेताओं ने नरेंद्र मोदी पर हमला बोला।
अखिलेश ने कहा कि सपा सरकार ने लोगों से जो भी वादे किए थे, उसे पूरा किया है। उन्होंने कहा कि मोदी प्रचार में आगे हैं लेकिन विकास में नहीं।
वहीं सपा सुप्रीमो ने लोगों से अपील की कि मोदी ने महिलाओं पर जुल्म किया है, उन्हें पीएम कैसे बनाया जा सकता है।
मोदी पर ऐसे बरसे अखिलेश
संभल जनसभा में टीपू ने भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मोदी सिर्फ टीवी, रेडियो और अखबारों में आगे हैं, लेकिन सपा सरकार विकास में।
अखिलेश ने नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे विदेशी कंपनियों को पैसा देकर अपना प्रचार करवा रहे हैं।
उन्होंने मोदी के विकास मॉडल पर भी टिप्पणी की। उन्होंने मोदी के 56 इंच के सवाल का जवाब भी दिया।
सीएम ने कहा, मोदी ने कहा था कि देश चलाने के लिए 56 इंच का सीना चाहिए, लेकिन देश चलाने के लिए सीना नहीं बड़ा दिल चाहिए होता है।
मायावती ने लूटा खजाना
अखिलेश्ा यादव ने जनसभा में आए लोगों का धन्यवाद देते हुए कहा कि जिस उत्साह के साथ लोग रैली में आए हैं, वह काबिलेतारीफ है।
लोग अगर इसी उत्साह से सपा का समर्थन करें, तो पिछली बार जिस सीट पर हम हार गए थे उसे इस बार जीत लेंगे।
अखिलेश इस दौरान बसपा सरकार पर कटाक्ष करना नहीं भूले। उन्होंने कहा कि पिछली राज्य सरकार ने प्रदेश के लिए कुछ नहीं किया। माया की सरकार ने सिर्फ और सिर्फ प्रदेश का खजाना लूटा है।
अपनी उपलब्धियां गिनाईं टीपू ने
जनसभा में अखिलेश यादव ने अपनी पार्टी की जी भरकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि हमने जो भी घोषणाएं की, उसे पूरा किया।
सपा सरकार ने पूरे प्रदेश में विकास कार्य किए है। लैपटॉप वितरण हो, बेरोजगारी भत्ता हो, कन्या धन योजना हो, सपा सरकार ने हर संभव लोगों की मदद की है।
अखिलेश ने कहा कि लोग कहते हैं कि लैपटॉप पर बच्चे फिल्म देखते हैं, पर इसमें बुराई क्या है। कम से कम बच्चों ने लैपटॉप चलाना तो सीख लिया। उनका कहना था, मैं चाहता था कि गांव के बच्चे शहर के बच्चों से पीछे नहीं रहें।
टीपू ने कहा कि हमने किसानों के लिए मुफ्त पानी किया, शिक्षा मुफ्त किया। गर्भवती महिलाओं के लिए एंबुलेंस की सुविधा शुरू की।
शिक्षामित्रों का भी लिया नाम
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार की कथनी और करनी में कोई फर्क नहीं है।
हमने जो भी वादे किए, उसे पूरा भी किया। सीएम ने कहा कि उनकी सरकार ने कहा था कि शिक्षामित्रों का समायोजन होगा, और सरकार इस ओर प्रयास रत है।
बताते चलें कि दो दिन पहले ही मुलायम सिंह यादव ने शिक्षामित्रों को धमकी दी थी कि अगर वे सपा को वोट नहीं करेंगे, तो नौकरी नहीं मिल पाएगी, ऐसे में अखिलेश की इस बात को समझना जरा मुश्किल है।
मुजफ्फरनगर में मुलायम की रैली
उधर मुजफ्फरनगर में जनसभा को सम्बोधित करते हुए सपा सुप्रीमो ने कहा कि जिस पार्टी को ज्यादा सीटें मिलेंगी, उसकी सरकार ही दिल्ली पर काबिज होगी।
उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव देश का सर्वाधिक महत्वपूर्ण चुनाव है। एक बार फिर उन्होंने दावा किया कि देश में तीसरे मोर्चे की ही सरकार बनेगी और उसमें सपा की मजबूत स्थिति होगी।
मुलायम ने सपा सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि हम जो कहते हैं, वह करते हैं।
दंगे पर मरहम, पर मोदी पर गरम
सपा सुप्रीमो ने कहा कि मुजफ्फरनगर दंगा एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। देश में भाईचारा और सद्भाव का माहौल होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार गरीबों और किसानों की सरकार है। केंद्र में आते ही वह किसानों और व्यापारियों को एक जैसी सुविधाएं देंगे।
उन्होंने नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए जनता से अपील की कि महिलाओं पर जुल्म करने वाले को आप देश का पीएम कैसे बनाएंगे।